Ahmedabad Air India Plane Crash : डीएनए जांच से पूर्व सीएम विजय रूपाणी समेत 80 मृतकों की पहचान, 33 शव परिजनों को सौंपे गए
Ahmedabad Air India Plane Crash : गुजरात के अहमदाबाद में 12 जून को एअर इंडिया की उड़ान एआई-171 के दुर्घटनाग्रस्त होने के मामले की जांच कर रहे अधिकारियों ने रविवार को पुष्टि की कि कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर बरामद कर लिया गया है, जिससे इस हादसे के पीछे संभावित कारण की पहचान करने में मदद मिलेगी। इस हादसे में विमान में सवार 241 लोगों सहित कुल 270 लोग मारे गए थे। ताजा अपडेट के अनुसार डीएनए जांच करके परिवार को शव सौंपे जा रहे हैं।
यह भी पढ़े :- लखनऊ एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला: सऊदी एयरलाइंस के विमान के पहिये से निकली चिंगारी और धुआं, 250 हज यात्री सुरक्षित
डीएनए जांच से रूपाणी समेत 80 मृतकों की पहचान हुई
अहमदाबाद में एअर इंडिया की उड़ान एआई-171 के दुर्घटनाग्रस्त होने के तीन दिन बाद अस्पताल अधिकारियों ने डीएनए मिलान के माध्यम से 80 लोगों की शिनाख्त कर ली है, जिनमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का भी नाम भी शामिल है। दुर्घटना में 270 लोगों की मौत हो चुकी है। अधिकारियों ने बताया कि अब तक 33 लोगों के शव परिजनों को सौंपे जा चुके हैं। रूपाणी उन 242 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों में शामिल थे जो लंदन के लिए रवाना एअर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-171 में सवार थे। यह विमान बृहस्पतिवार को उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। गुजरात सरकार ने सोमवार को रूपाणी के लिए राजकीय शोक की घोषणा की है। राजकोट में शाम को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
गुजरात सरकार ने विजय रूपाणी के निधन पर 16 जून को राजकीय शोक घोषित किया, और उनका अंतिम संस्कार राजकोट में पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ किया गया। 230 परिवारों से संपर्क किया गया है, और तीन विदेशी यात्रियों के परिजनों के सोमवार शाम तक पहुंचने की उम्मीद है। डीएनए मिलान के लिए स्टेट फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी और नेशनल फोरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी की टीमें रात-दिन काम कर रही हैं। (Ahmedabad Air India Plane Crash)
हादसे की जांच के लिए केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन की अध्यक्षता में एक उच्च-स्तरीय समिति गठित की गई है, जो तीन महीने में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। टाटा समूह ने मृतकों के परिवारों को 1 करोड़ रुपये की सहायता और जमीन पर मारे गए लोगों के लिए भी 1 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि की घोषणा की है। एयर इंडिया ने प्रभावित परिवारों के लिए अहमदाबाद और मुंबई हवाई अड्डों पर सहायता केंद्र स्थापित किए हैं। (Ahmedabad Air India Plane Crash)



