रायपुर में बेटे ने दिया मां को धोखा, जमीन-मकान फर्जी तरीके से बेचे, लोन के नाम पर लिए थे दस्तावेज
Betraying Mother in Raipur: रायपुर जिले से पारिवारिक धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने ही बेटे और उसके दोस्त पर जमीन और मकान को फर्जी तरीके से बेचने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। मामला दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र का है। पीड़िता का नाम मनोरमा भिवंडे है, जो रायपुर के राजातालाब के अमर चौक शर्मा बाड़ा की रहने वाली है, जिसने बताया कि अमलेश्वर स्थित प्रीति विहार के सामने उनके नाम पर 1420 वर्गफीट की जमीन है, जिस पर उन्होंने अपना मकान बनवाया है।
यह भी पढ़ें:- सूरजपुर में रिश्तों का खौफनाक अंत, भांजे ने मामी की बेरहमी से की हत्या, दोनों ने की थी लव मैरिज
मनोरमा भिवंडे के मुताबिक पैसों की आवश्यकता होने पर उन्होंने अपने बड़े बेटे प्रवीण भिवंडे और उसके दोस्त पारस प्रसाद केसरी को सिर्फ बैंक से लोन निकलवाने के उद्देश्य से जमीन की ऋण पुस्तिका और रजिस्ट्री के मूल दस्तावेज दिए थे। उन्होंने साफ तौर पर कहा था कि दस्तावेजों की फोटो कॉपी कराकर कागजात लौटा दिए जाएं। पीड़िता को इस पूरे मामले की जानकारी 16 जनवरी 2026 को मिली, जब वह अमलेश्वर स्थित मकान पहुंची और देखा कि वहां निर्माण कार्य चल रहा है। इस पर उन्होंने पूछताछ की तो चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई।
एक ही संपत्ति दो लोगों को बेचने का आरोप
17 जनवरी को जब मनोरमा भिवंडे अपने बच्चों के साथ मौके पर पहुंची तो निर्माण कार्य कर रहे मजदूरों और मौके पर मौजूद विभोर गुप्ता से पूछताछ की गई। इस दौरान पता चला कि प्रवीण भिवंडे और पारस प्रसाद केसरी ने 17 लाख रुपए में इकरारनामा कर 5.50 लाख रुपए नकद एडवांस ले लिया है। इतना ही नहीं एक अन्य व्यक्ति ने दावा किया कि उसी संपत्ति का सौदा संजना पांडेय से 18 लाख रुपए में तय कर 7.50 लाख रुपए एडवांस लिया गया है।
एडवांस की रकम निकालने मां को दिया झांसा
पीड़िता ने बताया कि 7.50 लाख रुपए उनके बैंक ऑफ बड़ौदा खाते में आए थे, जिसे बेटे ने यह कहकर निकलवा लिया कि यह रकम उसके किसी दोस्त की है और उसमें से उन्हें कमीशन मिलेगा। बाद में उन्हें पता चला कि यह रकम उसी जमीन-मकान के सौदे से संबंधित थी। मनोरमा भिवंडे का आरोप है कि उनके नाम से दो फर्जी इकरारनामा और एक फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार की गई है। उन्होंने न तो किसी नोटरी के सामने हस्ताक्षर किए और न ही किसी प्रकार की बिक्री राशि प्राप्त की।
पुलिस से न्याय की गुहार, जांच शुरू
पीड़िता ने अमलेश्वर थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस दस्तावेजों की जांच, बैंक लेनदेन और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज कर रही है। मामले ने एक बार फिर रिश्तों में भरोसे पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़िता को न्याय मिलेगा या नहीं, यह पुलिस जांच के नतीजों पर निर्भर करेगा। फिलहाल अमलेश्वर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




