Bihar Counting 2025: 243 सीटों पर वोटों की गिनती शुरू, 12 बजे तक साफ हो जाएगा किसकी बनेगी सरकार

Bihar Counting 2025: बिहार विधानसभा चुनाव की सभी 243 सीटों पर वोटों की गिनती शुरू हो गई है। सबसे पहले पोस्टल बैलट की स्क्रूटनी की जा रही है, जिसे 8:30 बजे तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद EVM खोले जाएंगे, जिनसे शुरुआती रुझान आने लगेंगे। हर राउंड में 14 EVM की गिनती होगी और इसी के लिए हर काउंटिंग सेंटर पर 14 टेबलें लगाई गई हैं। जानकारी के मुताबिक सबसे पहले बरबीघा सीट का परिणाम आने की संभावना है।
यह भी पढ़ें:- नौकरी और लोन के नाम पर धोखाधड़ी, बिलासपुर, बलरामपुर और बस्तर में 11 लाख से 72 लाख तक की ठगी
राज्य के 38 जिलों में कुल 46 काउंटिंग सेंटर बनाए गए हैं। जानकारों के मुताबिक दोपहर 12 बजे तक 2 हजार 616 उम्मीदवारों की किस्मत लगभग साफ हो जाएगी। इनमें नीतीश सरकार के 29 मंत्रियों के साथ अनंत सिंह समेत 15 बाहुबली उम्मीदवार भी शामिल हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मोतिहारी में काउंटिंग सेंटर के बाहर वाटर कैनन तैनात किए गए हैं, जबकि पटना में मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सभी मतगणना स्थलों पर पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की गई है। (Bihar Counting 2025)
इस बार के चुनाव में हुआ रिकॉर्ड मतदान
इस बार बिहार में चुनाव दो चरणों में हुए और 67.10% मतदान दर्ज किया गया, जो कि 2020 विधानसभा चुनाव की तुलना में लगभग 10% ज्यादा है। यह अब तक का रिकॉर्ड मतदान माना जा रहा है। मुजफ्फरपुर एसएसपी सुशील कुमार ने कहा कि हर जगह पुलिस बल तैनात है। सभी इलाकों में सीसीटीवी और वीडियोग्राफी की जा रही है। हम सतर्क हैं और 4 से ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने की इजाजत नहीं है। गया जी के डीएम शशांक शुभंकर ने कहा कि कोई दिक्कत नहीं है। आदर्श आचार संहिता लागू रहने के कारण विजय रैलियों पर पूरी तरह से प्रतिबंध है। कहीं कोई समस्या नहीं है। हमारे पास पर्याप्त बल है। सब कुछ पारदर्शी तरीके से किया जा रहा है। (Bihar Counting 2025)



