बिहार विधानसभा चुनाव में NDA की प्रचंड जीत, सबसे बड़ी पार्टी बनी बीजेपी, विकास बनाम जंगलराज के नारे ने किया ‘कमाल’

Bihar Election Result 2025: बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी NDA ने बड़ी बढ़त बनाते हुए प्रचंड जीत दर्ज की है। चुनाव आयोग ने अब तक 147 सीटों के नतीजे घोषित किए हैं, जिनमें से NDA ने 125 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि महागठबंधन सिर्फ 17 सीटों तक ही सिमटा। वहीं AIMIM ने 5 सीटों पर जीत हासिल की है। बाकी सीटों की मतगणना जारी है। NDA की इस जीत को भाजपा और उसके सहयोगी दलों के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है। पार्टी ने इसे विकास की जीत और जनता के समर्थन का संकेत बताया है। चुनाव परिणाम आने के बाद पार्टी मुख्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया और नारे लगाए।
केंद्रीय मंत्री और LJP(रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि मैं बिहार की जनता को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। यह सही समय पर लिया गया सही फैसला है। हमारी डबल इंजन की सरकार एक ईमानदार प्रयास के साथ बिहार में आगे बढ़ रही है… जनता के बीच एक विश्वास बना कि जहां एक तरफ हमारा गठबंधन विकास की बात करता है तो वहीं दूसरी ओर एक ऐसा गठबंधन है, जो अहंकार में डूबा हुआ है। केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बिहार में NDA की जो जीत हुई है, इसके लिए हम बिहार की जनता का धन्यवाद करते हैं। बिहार की जनता ने सही राह चुनी है। बिहार की जनता ने जंगलराज को हराकर सुशासन को चुना है। (Bihar Election Result 2025)
भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने कहा कि 205 से भी ज्यादा बड़ी बहुमत के साथ NDA बिहार में सरकार बना रही है। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में चले NDA के शासन के कारण ही यह ऐतिहासिक फैसला हो पाया है। बिहार की जनता को बहुत आभार, जो लोग हर घर सरकारी नौकरी बांट रहे थे, उन सभी झूठों को ध्वस्त करते हुए जनता ने सच्चाई का साथ दिया है। यह NDA पर एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है कि हम बिहार को एक विकसित राज्य बनाए। हम निश्चित ही इस पर खरे उतरेंगे। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने एक प्रचंड जीत बिहार में हासिल की है। मैं इसके लिए सभी देशवासियों और बिहारवासियों का आभार व्यक्त करता हूं। अगर कोई व्यक्ति भारत को विकसित राष्ट्र की ओर ले जाने का काम कर रहा है तो वह प्रधानमंत्री मोदी है। (Bihar Election Result 2025)
JDU नेता केसी त्यागी ने कहा कि मैंने कहा था कि JDU 80 से ज्यादा सीट जीतेगी। पिछली बार आपसी तालमेल के अभाव में हम नहीं कर पाए थे। मुझे प्रसन्नता है कि JDU ने दोबारा नीतीश कुमार के नेतृत्व में अपनी उसी संख्या को प्राप्त किया है। हमारे बीच एक लंबा और पुराना ऐतिहासिक रिश्ता है। सुशासन का मतलब है नीतीश कुमार और नीतीश कुमार का मतलब है बिहार की NDA सरकार। AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन औवेसी ने कहा कि मैं बिहार की जनता का धन्यवाद करूंगा कि उन्होंने AIMIM के उम्मीदवारों को जिताया। बिहार में जो नतीजा है वह आवामी नतीजा है। हम उसे स्वीकार करते हैं। हमारी पार्टी की ओर से कोशिश होगी कि बिहार के साथ-साथ सीमांचल में भी बहार आए। वहां के लोगों के लिए स्कूल और अस्पताल बने। औवेसी ने कहा कि मैं सीमांचल की जनता का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने हमारे 5 विधायकों को जिताया। हम आज भी सीमांचल के इंसाफ की लड़ाई लड़ रहे हैं। यह बिहार की जनता का फैसला है और हमें इसे इज्जत की निगाहों से स्वीकार करना है। (Bihar Election Result 2025)



