मध्य प्रदेश की तीनों राज्यसभा सीटों पर भाजपा उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित

MP Rajya Sabha Election : मध्य प्रदेश की राज्यसभा की तीनों सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं। भाजपा प्रत्याशी तरुण चुग, रजनीश अग्रवाल और महेश केवट को रिटर्निंग अधिकारी ने निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया।
दरअसल, कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र निरस्त होने के बाद चुनाव मैदान में केवल तीन उम्मीदवार ही शेष रह गए थे। ऐसे में राज्यसभा की तीनों सीटों पर मतदान की आवश्यकता नहीं रही और सभी उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए। इन सीटों के लिए मतदान 18 जून को प्रस्तावित था, जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि 11 जून थी। ( MP Rajya Sabha Election)
नामांकन रद्द होने के मामले पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पत्र निरस्त किए जाने के मामले को कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। इस मामले पर शुक्रवार, 12 जून को सुनवाई होगी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने कहा कि पार्टी को न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और अंतिम उम्मीद सुप्रीम कोर्ट से ही है।
मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार शर्मा और न्यायमूर्ति अतुल एस. चंदुरकर की पीठ करेगी। मीनाक्षी नटराजन की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने त्वरित सुनवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि मामले पर शीघ्र निर्णय नहीं हुआ तो उम्मीदवार को अगले छह वर्षों तक अवसर का इंतजार करना पड़ सकता है।
रिटर्निंग अधिकारी के फैसले को बताया पक्षपातपूर्ण
मीनाक्षी नटराजन ने सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका में रिटर्निंग अधिकारी के फैसले को गलत, पक्षपातपूर्ण और कानून के विरुद्ध बताया है। उन्होंने अदालत से नामांकन निरस्त करने के आदेश को तत्काल प्रभाव से रद्द करने की मांग की है। साथ ही चुनाव परिणाम पर रोक लगाने की भी मांग की गई, हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल परिणाम पर रोक लगाने से इनकार करते हुए सुनवाई 12 जून के लिए निर्धारित की है।
भाजपा की आपत्ति के बाद निरस्त हुआ था नामांकन
भाजपा द्वारा उठाई गई आपत्तियों के बाद रिटर्निंग अधिकारी ने मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र खारिज कर दिया था। आरोप है कि उन्होंने अपने नामांकन पत्र के साथ प्रस्तुत शपथ पत्र में तेलंगाना में लंबित एक कानूनी मामले की जानकारी नहीं दी थी। वहीं, नटराजन ने इन आरोपों को राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा है कि उनकी छवि धूमिल करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। (MP Rajya Sabha Election)
यह भी पढ़े :- अफीम-गांजा की अवैध खेती पर बढ़ेगी निगरानी, प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश



