Google Analytics —— Meta Pixel

पश्चिम बंगाल में TMC के 58 विधायकों ने बनाया अलग गुट, ऋतब्रत बनर्जी बने नेता प्रतिपक्ष, ममता के सामने अस्तित्व का संकट

Break in TMC: पश्चिम बंगाल में 28 साल पहले ममता बनर्जी के स्थापित तृणमूल कांग्रेस में पहली बार बड़ी टूट सामने आई है। पार्टी के 58 बागी विधायकों ने निष्कासित विधायक ऋतब्रत बनर्जी को अपना नेता चुन लिया है और विधानसभा स्पीकर को समर्थन पत्र सौंपकर उन्हें नेता प्रतिपक्ष का दर्जा देने की मांग की। बताया जा रहा है कि स्पीकर ने इस गुट को मान्यता देते हुए ऋतब्रत बनर्जी को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष का कमरा भी आवंटित कर दिया है। इस घटनाक्रम ने न सिर्फ ममता बनर्जी के नेतृत्व को चुनौती दी है, बल्कि TMC के राजनीतिक भविष्य और संगठनात्मक नियंत्रण पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विधानसभा चुनाव में हार के बाद शुरू हुआ असंतोष अब खुली बगावत में बदल चुका है।

कैसे शुरू हुई बगावत ?

पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ जब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के चयन को लेकर भेजे गए प्रस्ताव में फर्जी हस्ताक्षर होने का आरोप सामने आया। विधायक ऋतब्रत बनर्जी और संदीपन साहा ने दावा किया कि उनके हस्ताक्षर बिना अनुमति के इस्तेमाल किए गए हैं। शिकायत के बाद दोनों नेताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। इसी कार्रवाई के बाद असंतुष्ट विधायकों का एक बड़ा समूह ऋतब्रत बनर्जी के साथ आ गया। बुधवार को 58 विधायकों ने अलग गुट बनाते हुए विधानसभा अध्यक्ष को समर्थन पत्र सौंपा और नए विधायक दल का गठन कर दिया। बागी गुट ने ऋतब्रत बनर्जी को नेता चुना है। इसके अलावा जावेद खान, संदीपन साहा और सिउली साहा को उपनेता बनाया गया। अखरुज्जमान को चीफ व्हिप नियुक्त किया गया। विधानसभा में अलग विधायक दल के रूप में काम करने का दावा किया गया। बागी नेताओं का कहना है कि उनके साथ TMC के दो-तिहाई से अधिक विधायक हैं और वे विधानसभा में वास्तविक विपक्ष की भूमिका निभाएंगे।

ऋतब्रत बनर्जी ने क्या कहा ?

नए गुट के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने दावा किया कि उनके साथ बहुमत में विधायक हैं और विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें मान्यता भी दे दी है। उन्होंने कहा कि वे “बॉसिज्म” में विश्वास नहीं करते और सभी फैसले सामूहिक रूप से लिए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की गलत नीतियों का विरोध किया जाएगा, लेकिन केवल विरोध के लिए विरोध नहीं होगा। अच्छे फैसलों का समर्थन भी किया जाएगा। बनर्जी ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को विपक्षी विधायकों को प्रशासनिक बैठकों में शामिल करने के लिए धन्यवाद भी दिया। बागी विधायकों की नाराजगी का केंद्र ममता बनर्जी के भतीजे और वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी बने हुए हैं। बागी नेताओं ने आरोप लगाया है कि पार्टी और सरकार के महत्वपूर्ण फैसले अभिषेक के प्रभाव में लिए जा रहे थे। वरिष्ठ नेताओं को किनारे कर उनके करीबी लोगों को महत्व दिया गया। विधानसभा चुनाव में हार के लिए अभिषेक की रणनीति और नेतृत्व जिम्मेदार है। हालांकि बागी गुट ने ममता बनर्जी को अब भी पार्टी अध्यक्ष माना है, लेकिन अभिषेक बनर्जी के नेतृत्व को स्वीकार करने से इनकार कर दिया है।

ममता के पास कितने विधायक बचे ?

विधानसभा चुनाव में TMC ने 80 सीटें जीती थीं। बागी गुट के दावे के अनुसार 58 विधायक उनके साथ हैं। ऐसे में ममता बनर्जी के समर्थन में सिर्फ 22 विधायक बचे होने की बात कही जा रही है। यही कारण है कि यह संकट केवल विधायक दल तक सीमित नहीं है, बल्कि पार्टी के अस्तित्व और नेतृत्व की लड़ाई में बदलता दिखाई दे रहा है। बगावत के बीच ममता बनर्जी ने राज्य की सभी पार्टी कमेटियों और फ्रंटल संगठनों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि संगठन में बड़े बदलाव कर जमीनी स्तर पर पकड़ मजबूत करने की जरूरत है। अब जिला, ब्लॉक और अन्य स्तर की समितियों का पुनर्गठन किया जाएगा। युवा, महिला, छात्र और श्रमिक संगठनों में भी बदलाव संभव है। (Break in TMC)

TMC का 28 साल का सफर

ममता बनर्जी ने 1 जनवरी 1998 को कांग्रेस छोड़कर तृणमूल कांग्रेस की स्थापना की थी। कांग्रेस नेतृत्व से नाराज होकर उन्होंने अलग पार्टी बनाई थी और “तृणमूल” यानी जमीनी स्तर से जुड़ी राजनीति को अपना आधार बताया था। 2011 में TMC ने 34 साल पुरानी वामपंथी सरकार को सत्ता से बेदखल कर इतिहास रचा था। इसके बाद 2011, 2016 और 2021 के विधानसभा चुनावों में लगातार जीत दर्ज कर ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल की सबसे प्रभावशाली नेता बनकर उभरीं, लेकिन 2026 के चुनावी झटके के बाद अब पार्टी अपने सबसे बड़े आंतरिक संकट से गुजर रही है। राजनीतिक विशेषज्ञों के अनुसार विधानसभा में विधायक दल और राजनीतिक पार्टी दो अलग-अलग संस्थाएं हैं। स्पीकर सिर्फ विधायक दल को मान्यता दे सकते हैं। पार्टी संगठन और चुनाव चिन्ह पर फैसला चुनाव आयोग करेगा। अगर विवाद बढ़ता है तो मामला कोर्ट तक भी जा सकता है। शिवसेना और NCP की तरह चुनाव चिन्ह और पार्टी पर अधिकार की लड़ाई भी देखने को मिल सकती है।

फर्जी हस्ताक्षर विवाद की टाइमलाइन

  • 9 मई को नेता प्रतिपक्ष चयन के लिए पहला प्रस्ताव भेजा गया।
  • 20 मई को 70 विधायकों के समर्थन वाला दूसरा पत्र भेजा गया।
  • 27 मई को ऋतब्रत बनर्जी और संदीपन साहा ने हस्ताक्षरों पर सवाल उठाए।
  • 31 मई को CID ने पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया।
  • 1 जून को दोनों विधायकों को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया।
  • 4 जून को 58 विधायकों ने अलग गुट बनाकर ऋतब्रत बनर्जी को नेता चुना।

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि इतिहास खुद को दोहरा रहा है और जिस TMC ने कभी दूसरे दलों में टूट करवाई थी, आज वही खुद बिखर रही है। वहीं मंत्री और बीजेपी नेता दिलीप घोष ने कहा कि चुनाव हारने के बाद पार्टी का टूटना तय था, क्योंकि TMC परिवारवाद की राजनीति का शिकार हो चुकी थी। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि फिलहाल बागी विधायक विधानसभा में अलग गुट के रूप में काम कर सकते हैं, लेकिन पार्टी और चुनाव चिन्ह पर अधिकार की लड़ाई लंबी हो सकती है। इसके लिए चुनाव आयोग, पार्टी संगठन, सांसदों का समर्थन और कानूनी प्रक्रिया अहम भूमिका निभाएगी। फिलहाल इतना तय है कि पश्चिम बंगाल की राजनीति में TMC का यह संकट सिर्फ एक बगावत नहीं, बल्कि ममता बनर्जी के राजनीतिक करियर की सबसे बड़ी चुनौती बन चुका है। आने वाले दिनों में यह लड़ाई विधानसभा से निकलकर चुनाव आयोग और अदालतों तक पहुंच सकती है। (Break in TMC)

यह भी पढ़ें:- 28 साल बाद टूटी TMC, 13 दिनों में बदल गया बंगाल का राजनीतिक समीकरण, ममता की पकड़ कमजोर

Back to top button
error: Content is protected !!