Google Analytics —— Meta Pixel

BRICS Summit 2026 : दोस्त की तरह मतभेद सुलझाएंगे भारत-चीन, मोदी-जिनपिंग मुलाकात से पहले चीन का बड़ा बयान

BRICS Summit 2026: भारत और चीन के रिश्तों में बीते दो वर्षों में सुधार के संकेतों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग आज शनिवार को द्विपक्षीय मुलाकात करेंगे। नई दिल्ली में होने वाली इस बैठक से पहले चीन ने दोनों देशों के संबंधों को लेकर सकारात्मक रुख जाहिर किया है।

नई दिल्ली में आयोजित BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए दुनिया के कई प्रमुख नेता पहुंच चुके हैं। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत आए हैं। प्रधानमंत्री मोदी और जिनपिंग के बीच शनिवार, 12 सितंबर को द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है। बैठक से पहले भारत में चीन के राजदूत शू फेइहोंग ने दोनों देशों के बीच संबंधों को लेकर अहम बयान दिया है। (BRICS Summit 2026)

शू फेइहोंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि चीन और भारत राष्ट्रपति शी जिनपिंग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच द्विपक्षीय बैठक की तैयारियों में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि कजान और तियानजिन में हुई मुलाकातों के बाद यह लगातार तीसरा साल होगा, जब दोनों देशों के नेता एक-दूसरे से मुलाकात करेंगे।

चीनी राजदूत ने कहा कि चीन, दोनों नेताओं के रणनीतिक निर्देशों को लागू करने, द्विपक्षीय संबंधों को दीर्घकालिक और रणनीतिक नजरिए से देखने, बातचीत एवं सहयोग बढ़ाने तथा मतभेदों को उचित तरीके से सुलझाने के लिए भारत के साथ मिलकर काम करेगा। उन्होंने दोनों देशों के बीच अच्छे पड़ोसी और एक-दूसरे की सफलता में सहयोगी साझेदार के रूप में दोस्ती आगे बढ़ाने की बात भी कही।

दो साल में रिश्तों में दिखा सुधार

भारत और चीन के संबंधों में पिछले दो वर्षों के दौरान सुधार के संकेत मिले हैं। वर्ष 2024 में कजान में आयोजित BRICS शिखर सम्मेलन और 2025 में तियानजिन में हुए SCO सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच बातचीत हुई थी। लगातार तीसरे साल होने वाली दोनों नेताओं की मुलाकात को द्विपक्षीय संबंधों में भरोसा बढ़ाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

BRICS को लेकर भी चीन ने जताया समर्थन

इससे पहले चीनी राजदूत शू फेइहोंग ने BRICS सम्मेलन को लेकर भी भारत के समर्थन में बयान दिया था। उन्होंने कहा कि चीन BRICS सहयोग को महत्व देता है और इस वर्ष सफल BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने में भारत का समर्थन करता है।

भारत द्वारा BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी ऐसे समय में की जा रही है, जब वैश्विक स्तर पर व्यापारिक तनाव और भू-राजनीतिक परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं। ऐसे में भारत और चीन के बीच बढ़ती बातचीत को कूटनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। (BRICS Summit 2026)

यह भी पढ़े :- BRICS Summit 2026: दिल्ली में दुनिया के दिग्गज नेताओं का जमावड़ा, PM मोदी-पुतिन की मुलाकात से शी जिनपिंग के दौरे तक, जानें क्या-क्या हुआ ?

Back to top button
error: Content is protected !!