Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ में भीषण सड़क हादसा, पेड़ से टकराई यात्री बस, 6 की मौत, गर्भवती के पेट में पल रहे बच्चे ने भी तोड़ा दम

Bus Accident in Manendragarh: छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई। जबकि 32 यात्री घायल हो गए। मनेंद्रगढ़ से केल्हारी जा रही यात्री बस सेमरमथानी मोड़ के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बस मालिक की भी मौत हो गई। वहीं एक गर्भवती महिला के गर्भ में पल रहे बच्चे की भी जान चली गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और मेडिकल टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें:- यूपी में 2027 का सियासी दंगल, सत्ता की हैट्रिक के लिए बीजेपी का मेगा प्लान तैयार, लखनऊ में शाह फूंकेंगे चुनावी बिगुल

जानकारी के मुताबिक यात्री बस मनेंद्रगढ़ से केल्हारी की ओर जा रही थी। इसी दौरान दोपहर करीब 2 बजे केल्हारी थाना क्षेत्र के सेमरमथानी मोड़ के पास चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के कई हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। बस में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए स्थानीय लोग मदद के लिए आगे आए। इसके बाद पुलिस और मेडिकल टीम ने राहत बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतकों में बस मालिक सिपाही लाल भी शामिल हैं। हादसे में 32 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से 20 की हालत गंभीर बताई गई है। घायलों को मनेंद्रगढ़ और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। 

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान

मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर हुए इस हादसे में जान गंवाने वाले 6 लोगों की पहचान सामने आई है। मृतकों में बस मालिक के अलावा दो बच्चियां और बुजुर्ग यात्री भी शामिल हैं। मृतकों में सिपाही लाल (55 साल), बस मालिक, निवासी केल्हारी गांव, पंचराम (60 साल), निवासी चिरमिरी, मधु (12 साल) और नेहा (9 साल), निवासी रोझी गांव, केल्हारी, संगीत पाव (30 साल), निवासी गुड़रू गांव, केल्हारी और सुकारो (80 साल), निवासी भालूडांड़ गांव, केल्हारी शामिल हैं। हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए राज्य सरकार की ओर से आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि दी जाएगी। (Bus Accident in Manendragarh)

नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने उठाए सवाल

मुख्यमंत्री ने घायलों के बेहतर इलाज के लिए जिला प्रशासन को सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। हादसे पर छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने भी दुख जताया है। उन्होंने प्रदेश में वाहनों की तेज रफ्तार और गति नियंत्रण की व्यवस्था पर सवाल उठाए। महंत ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बसों और अन्य वाहनों की रफ्तार पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। हादसे के बाद एक बार फिर सड़कों पर यात्री वाहनों की सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। (Bus Accident in Manendragarh)

गुलाब कमरो ने की एक करोड़ मुआवजे की मांग

वहीं पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के लिए एक-एक करोड़ रुपए और घायलों के लिए 10-10 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर निजी अस्पतालों में भी इलाज की व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने घायलों को आर्थिक सहायता देने की मांग भी उठाई है। फिलहाल बस के अनियंत्रित होने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है। बस की रफ्तार, चालक का नियंत्रण, संभावित तकनीकी खराबी और अन्य परिस्थितियों की जांच के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आ सकेगी। एक ही हादसे में 6 लोगों की मौत और कई यात्रियों के घायल होने से प्रभावित परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अब सभी की निगाहें जांच के नतीजों और घायलों के स्वास्थ्य पर टिकी हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!