Google Analytics —— Meta Pixel

दिल्ली में छत्तीसगढ़ कांग्रेस की बड़ी समीक्षा बैठक, संगठन से लेकर चुनावी रणनीति तक मंथन, लंबित नियुक्तियों पर चर्चा

CG Congress Meeting in Delhi: छत्तीसगढ़ कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे, आगामी राजनीतिक रणनीति और विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर दिल्ली में पार्टी की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कांग्रेस मुख्यालय में हुई इस बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने की। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट समेत छत्तीसगढ़ कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में प्रदेश संगठन की वर्तमान स्थिति, संगठनात्मक गतिविधियों, सरकार के खिलाफ आंदोलन की रणनीति, विधानसभा चुनाव की तैयारियों और राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालात पर विस्तार से चर्चा की गई।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में बारिश बनी आफत, कई जिलों में रेड अलर्ट, बाढ़ जैसे हालात, नदियों में बहे लोग, सड़कें डूबी, जनजीवन बेहाल

केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश कांग्रेस के कामकाज की समीक्षा करते हुए नेताओं से अलग-अलग विषयों पर फीडबैक लिया और संगठन को ज्यादा सक्रिय के साथ प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए। बैठक का सबसे अहम पहलू प्रदेश कांग्रेस संगठन में लंबे समय से लंबित नियुक्तियों और नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर रहा। सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय नेतृत्व ने इस मुद्दे पर भी विस्तार से चर्चा की। माना जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की नई कार्यकारिणी की सूची अब जल्द जारी की जा सकती है। दरअसल, प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी का गठन काफी समय से लंबित है, जिसके कारण जिला और ब्लॉक स्तर पर भी कई संगठनात्मक जिम्मेदारियां तय नहीं हो सकी हैं। ऐसे में दिल्ली में हुई समीक्षा बैठक को नई टीम के गठन की दिशा में निर्णायक कदम माना जा रहा है।

नए चेहरों को मिल सकती है जिम्मेदारी

पार्टी सूत्रों की मानें तो नई कार्यकारिणी में कई नए नेताओं को मौका मिल सकता है, जबकि कुछ पुराने पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव भी संभव है। संगठन को आगामी चुनावी चुनौतियों के अनुरूप मजबूत बनाने के उद्देश्य से युवा और सक्रिय कार्यकर्ताओं को भी महत्वपूर्ण पद दिए जाने पर विचार किया जा रहा है। कांग्रेस नेतृत्व का फोकस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर है। इसी रणनीति के तहत प्रदेश स्तर से लेकर जिला और ब्लॉक स्तर तक संगठन में नई ऊर्जा लाने की तैयारी की जा रही है। बैठक में सिर्फ संगठनात्मक ढांचे तक ही चर्चा सीमित नहीं रही, बल्कि आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और विधानसभा चुनाव की रणनीति पर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। (CG Congress Meeting in Delhi)

नेताओं ने राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, भाजपा सरकार के खिलाफ विपक्ष की भूमिका और जनसंपर्क अभियानों को लेकर अपने सुझाव केंद्रीय नेतृत्व के सामने रखे। कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि चुनाव से पहले संगठन को पूरी तरह सक्रिय करना आवश्यक है, ताकि पार्टी सरकार के खिलाफ जनहित के मुद्दों को मजबूती से जनता तक पहुंचा सके। बैठक ऐसे समय में हुई है, जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का तीन साल का कार्यकाल पूरा हो चुका है। ऐसे में प्रदेश संगठन में बदलाव की अटकलें पहले से ही तेज हैं। राजनीतिक गलियारों में प्रदेश अध्यक्ष के साथ-साथ नेता प्रतिपक्ष के पद पर भी संभावित बदलाव को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही हैं।पार्टी फिलहाल समीक्षा बैठक में मिले फीडबैक और संगठनात्मक जरूरतों के आधार पर आगे की रणनीति तय करने में जुटी है।

जानकारी के मुताबिक राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बैठक में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के संगठनात्मक कार्यों की खुलकर सराहना करते हुए उसे पूरे देश में बूथ स्तर पर संगठन का ढांचा खड़ा करने के मामले में नंबर-वन बताया। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ कांग्रेस के कनेक्ट सेंटर को भी देशभर में पहला स्थान मिलने की जानकारी बैठक में साझा की गई, जिसे प्रदेश संगठन की बड़ी सफलता माना जा रहा है। बैठक में केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश कांग्रेस के कामकाज की समीक्षा करते हुए दीपक बैज के नेतृत्व में संगठन के किए गए कार्यों को बेहतर बताया और संगठन को और ज्यादा मजबूत करने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए। हालांकि कांग्रेस की इस उपलब्धि और केंद्रीय नेतृत्व की प्रशंसा के बीच भाजपा ने भी तंज कसना शुरू कर दिया है।  

केंद्रीय नेतृत्व का स्पष्ट संदेश

दिल्ली में हुई समीक्षा बैठक से यह संकेत साफ माना जा रहा है कि कांग्रेस अब छत्तीसगढ़ में संगठन को नए सिरे से सक्रिय करने की दिशा में तेजी से काम करेगी। केंद्रीय नेतृत्व चाहता है कि आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों को देखते हुए प्रदेश संगठन पूरी क्षमता के साथ मैदान में उतरे। अब सभी की नजरें प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी की घोषणा पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि समीक्षा बैठक के बाद लंबे समय से लंबित संगठनात्मक नियुक्तियों पर जल्द फैसला लिया जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो प्रदेश कांग्रेस में नई जिम्मेदारियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलने की संभावना है। (CG Congress Meeting in Delhi)

Back to top button
error: Content is protected !!