आज से शुरू होगा सांस्कृतिक महाकुंभ, पहले दिन कथक और करमा नृत्य का दिखेगा संगम

Chakradhar Festival 2024: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 7 सितंबर यानी आज शाम 5.30 बजे रायगढ़ के रामलीला मैदान में आयोजित 39वें चक्रधर समारोह-2024 का शुभारंभ करेंगे। यह समारोह अगले 10 दिनों तक कला और संस्कृति की नगरी रायगढ़ सांस्कृतिक रस में सराबोर रहेगी। देश के ख्यातिनाम कलाकार कार्यक्रम देने रायगढ़ पहुंचेंगे। पहले दिन प्रख्यात अभिनेत्री और शास्त्रीय नृत्यांगना पद्मश्री हेमा मालिनी प्रसिद्ध राधा रास बिहारी का मंचन करेंगी। समारोह का शुभारंभ गणेश पूजन, दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना से होगा, जिसके बाद रायगढ़ कथक घराने के वरिष्ठ कलाकार और इस साल पद्मश्री से नवाजे गए रामलाल को कथक घुंघरू सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें:- आज और कल रायगढ़ दौरे पर रहेंगे CM विष्णुदेव साय, कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल
वहीं भूपेंद्र बरेठ और साथी कलाकारों द्वारा कथक समूह नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके बाद दर्शकों को छत्तीसगढ़ की माटी के लोक विधा करमा नृत्य का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। जशपुर के मनियर भगत और साथी के द्वारा करमा नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम के अंत में पद्मश्री हेमा मालिनी राधा रास बिहारी नृत्य नाटिका की प्रस्तुति देंगी। चक्रधर समारोह के 10 दिवसीय आयोजन में स्थानीय कलाकारों से लेकर राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों के कुल 62 इवेंट आयोजित हैं। जिसमें नृत्य और वादन की विभिन्न विधाओं के साथ गायन और कवि सम्मेलन के कार्यक्रम शामिल हैं। (Chakradhar Festival 2024)
चक्रधर समारोह के लिए मंच और पंडाल तैयार
चक्रधर समारोह के लिए मंच और पंडाल तैयार है। यहां करीब 29 हजार स्क्वायर फीट की बैठक व्यवस्था बनाई गई है। मुख्य डोम पहले की तुलना में बड़ा बनाया गया है। 39वें चक्रधर समारोह में छत्तीसगढ़ के साथ-साथ देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति की झलक दिखेगी। समारोह में देश के ख्यातिलब्ध कलाकार शास्त्रीय नृत्य और लोक संगीत की प्रस्तुति देंगे। समारोह में भरतनाट्यम, कथक, कुचिपुड़ी, मोहिनीअट्टम, मणिपुरी नृत्य के साथ-साथ असमिया नृत्य, ओडिशी, मणिपुरी नृत्य विधाओं की मनमोहक प्रस्तुति होगी। पद्मश्री हेमा मालिनी, और पद्मश्री देवयानी और मीनाक्षी शेषाद्रि शास्त्रीय नृत्यों की विशेष प्रस्तुति देंगी। असम के कलाकार बिहू नृत्य की प्रस्तुति भी देंगे। साथ ही स्थानीय कलाकारों को भी अपनी लोक कला और संस्कृति दिखाने का अवसर मिलेगा। (Chakradhar Festival 2024)

समारोह में भूपेंद्र बरेठ, पूर्णाश्री राउत, दीपान्निता सरकार, पद्मश्री रंजना गौहर, जया दीवान, धरित्री सिंह चौहान, शैंकी सिंह, गजेंद्र पंडा, आर्या नंदे, नित्या खत्री, बासंती वैष्णव और ज्योतिश्री बोहिरदार, सौम्या नामदेव, विधि सेन गुप्ता, दीपमाला सिंह, उपासना भास्कर की प्रस्तुति भी होगी। समारोह में दीक्षा घोष, अवंतिका विश्वकर्मा, डॉ आरती सिंह, डॉ.जी रथीस बाबू, शार्वी केशरवानी, भद्रा सिन्हा, लकी मोहंती, मृदु स्मिता दास, विद्या प्रदीप और साथी, शाश्वती बनर्जी, कृष्ण भद्र नंबूदरी, डॉ रघुपत रूनी श्रीकांत, पौशाली चटर्जी, आलोक श्रीवास, पलक देवांगन, भूमिसूता मिश्रा, वेदिका शरण, माया कुलश्रेष्ठ अपनी नृत्य प्रस्तुति देंगी। (Chakradhar Festival 2024)

वहीं सरोद वादन में सौगत गांगुली, फ्यूजन के तहत तबला, संतूर, सितार में जीतू शंकर और ग्रुप, अकार्डियन वादन में तपसीर मोहम्मद और साथी, बांसुरी और तबला वादन में राकेश चौरसिया, सितार वादन में अनुष्का सोनी, तबला वादन में अंशु प्रताप सिंह, संतूर तबला वादन में राहुल शर्मा और रामकुमार मिश्रा के वाद्य यंत्रों से पूरा मंच से गुंजायमान होगा। करमा लोक नृत्य में मनिहर भगत मनमोहक प्रस्तुति देंगे। इसी प्रकार इंदिरा कला और संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ द्वारा राज्य में प्रचलित विविध छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य की प्रस्तुति और पद्मश्री अनुज शर्मा द्वारा छत्तीसगढ़ी लोकगायन के साथ ही छत्तीसगढ़ की पारंपरिक गेड़ी लोक नृत्य की प्रस्तुति अनिल कुमार गढ़ेवाल द्वारा की जाएगी। हुतेन्द्र ईश्वर शर्मा छत्तीसगढ़ी नृत्य संगीत में अपनी प्रस्तुति देंगे। (Chakradhar Festival 2024)



