Google Analytics —— Meta Pixel

बजट 2026–27 से पहले छत्तीसगढ़ को बड़ी सौगात की तैयारी, तोखन साहू ने सीतारमण को सौंपे अहम प्रस्ताव

Budget 2026-27 : केंद्रीय बजट 2026–27 की तैयारियों के बीच छत्तीसगढ़ के विकास को लेकर दिल्ली में एक अहम पहल देखने को मिली है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर लोकसभा सांसद तोखन साहू ने आज सोमवार को नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण से शिष्टाचार भेंट की।

यह भी पढ़े :- मनरेगा से बेहतर, अधिक प्रभावी और पारदर्शी है विकसित भारत जी-राम-जी अधिनियम– मुख्यमंत्री

इस दौरान सांसद तोखन साहू ने छत्तीसगढ़ के समग्र आर्थिक विकास और आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने से जुड़ी तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं के प्रस्ताव सौंपे और इन्हें आगामी केंद्रीय बजट 2026–27 में शामिल करने का आग्रह किया। (Budget 2026-27)

सांसद साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ खनिज, ऊर्जा और औद्योगिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है, लेकिन इन संसाधनों के समुचित दोहन के लिए मजबूत परिवहन और बुनियादी ढांचे का विकास आवश्यक है। उन्होंने जिन परियोजनाओं को “गेम-चेंजर” बताया, उन पर वित्त मंत्री से विस्तार से चर्चा की। (Budget 2026-27)

 कटघोरा–डोंगरगढ़ रेल लाइन

सांसद ने कटघोरा–डोंगरगढ़ रेल लाइन परियोजना को 100 प्रतिशत केंद्र पोषित किए जाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना ऊर्जा सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे कोरबा कोयला क्षेत्र से पश्चिमी भारत तक कोयला और अन्य खनिजों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश की औद्योगिक जरूरतों के लिए एक “लाइफलाइन” बताया।

 बिलासपुर में रेल वैगन निर्माण कारखाना

सांसद साहू ने बिलासपुर में रेल वैगन निर्माण इकाई की स्थापना का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने बताया कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) का मुख्यालय बिलासपुर में है और पास ही भिलाई इस्पात संयंत्र स्थित है, जिससे कच्चे माल की सहज उपलब्धता संभव होगी। इस परियोजना से रेलवे को लागत में लाभ मिलेगा और छत्तीसगढ़ के हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

 बिलासपुर एयरपोर्ट का विस्तार

मुलाकात के दौरान बिलासपुर हवाई अड्डे के विस्तार और आधुनिकीकरण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। सांसद ने कहा कि बिलासपुर राज्य का एक प्रमुख औद्योगिक एवं प्रशासनिक केंद्र है, जहां बड़े विमानों के संचालन की आवश्यकता है। उन्होंने एयरबस A-320 और बोइंग 737 जैसे विमानों के संचालन के लिए रनवे विस्तार और आधुनिक सुविधाओं हेतु विशेष बजटीय प्रावधान की मांग की।

सांसद तोखन साहू ने कहा कि ये तीनों परियोजनाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘गति शक्ति’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ विजन के अनुरूप हैं। इनके लागू होने से छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी और देश की जीडीपी में भी महत्वपूर्ण योगदान होगा।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सांसद द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए छत्तीसगढ़ के विकास से जुड़ी योजनाओं पर हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार संतुलित और समावेशी विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Back to top button
error: Content is protected !!