Chhattisgarh News : 27 जुलाई तक ड्यूटी पर नहीं लौटे तो हटेंगे अतिथि शिक्षक, शिक्षा विभाग ने दिए सख्त निर्देश

Chhattisgarh News : छत्तीसगढ़ में अतिथि शिक्षकों की चल रही हड़ताल के बीच राज्य सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए सभी हड़ताली शिक्षकों को 27 जुलाई 2026 तक स्कूलों में लौटने का अल्टीमेटम दिया है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि निर्धारित तिथि तक विद्यालयों में उपस्थित न होने वाले अतिथि शिक्षकों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी जाएंगी।
छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होने पर सख्त निर्णय
DPI द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि शासकीय विद्यालयों में कार्यरत अतिथि शिक्षक लंबे समय से विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से ही कई स्कूलों में शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य को ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह कदम उठाया है। (Chhattisgarh News)
SMC के माध्यम से जारी होंगे नोटिस
जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की शाला प्रबंधन समितियों (SMC) के जरिए हड़ताली शिक्षकों को सूचित करें। चूंकि नियुक्ति पूर्व दिशा-निर्देशों के तहत SMC द्वारा की गई थी, इसलिए इन्हीं समितियों के माध्यम से 27 जुलाई तक कार्य पर लौटने का अनिवार्य नोटिस भेजा जाएगा।

2019 के नियमों के तहत होगी बर्खास्तगी
आदेश में स्पष्ट उल्लेख है कि यदि कोई अतिथि शिक्षक तय तिथि तक कार्यभार ग्रहण नहीं करता है, तो 24 जून 2019 को जारी नियुक्ति दिशा-निर्देशों की कंडिका 7.3 के तहत उसकी सेवाएं तुरंत समाप्त कर दी जाएंगी। इसके बाद रिक्त स्थानों पर वैकल्पिक व्यवस्था की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। (Chhattisgarh News)



