Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ न्यूज : चित्रकार संघर्ष यदु को मिला ‘कला गुरु सम्मान’, संस्कार भारती रायपुर ने दी दीर्घकालीन कला साधना और कला शिक्षा में योगदान के लिए विशेष सम्मान

रायपुर। कला एवं साहित्य के क्षेत्र में सक्रिय संस्था संस्कार भारती रायपुर द्वारा रविवार को बूढ़ापारा स्थित परिसर में शहर के वरिष्ठ चित्रकार एवं कला शिक्षक श्री संघर्ष यदु को उनकी दीर्घकालीन कला साधना तथा कला शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘कला गुरु सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

कला गुरु सम्मान
कला गुरु सम्मान

पद्मश्री भारती बंधु रहे मुख्य अतिथि

सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि पद्मश्री से अलंकृत श्री भारती बंधु रहे। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्री शशांक शर्मा, अध्यक्ष, साहित्य परिषद, छत्तीसगढ़ शासन थे। इस अवसर पर वरिष्ठ चित्रकार श्री विजय बरठे, संस्कार भारती के उपाध्यक्ष श्री माणिक विश्वकर्मा, प्रांत सह-महामंत्री डॉ. पुरुषोत्तम चंद्राकर, डॉ. कमलभान सिंह चौहान सहित शहर के अनेक कला साधक एवं कला प्रेमी उपस्थित रहे।

नटराज पूजन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत नटराज पूजन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य वक्ता श्री शशांक शर्मा ने ‘कला गुरु सम्मान’ की परंपरा, भारतीय कला-संस्कृति में गुरु-शिष्य परंपरा तथा कला साधना में गुरु के महत्व पर विस्तार से विचार व्यक्त किए।

उन्होंने कहा कि भारतीय कला परंपरा में गुरु केवल कला की तकनीक सिखाने वाला व्यक्ति नहीं होता, बल्कि वह साधक के भीतर संस्कार, अनुशासन और सृजनशीलता का विकास करने वाला मार्गदर्शक होता है।

नई पीढ़ी में कला के प्रति रुचि जगाने में महत्वपूर्ण योगदान

सम्मान समारोह में श्री संघर्ष यदु को सम्मान-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर उनकी कला साधना के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। श्री यदु लंबे समय से चित्रकला के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने अनेक कला विद्यार्थियों एवं नवोदित कलाकारों को प्रशिक्षण प्रदान किया है और नई पीढ़ी में कला के प्रति रुचि, संस्कार एवं सृजनशीलता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

सांगीतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कला साधकों द्वारा सांगीतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों ने समारोह में कला और संस्कृति का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया और उपस्थित कला प्रेमियों को भावविभोर किया।

कार्यक्रम का संचालन श्री प्रीतेश पांडे ने किया। आभार प्रदर्शन डॉ. पुरुषोत्तम चंद्राकर, प्रांत सह-महामंत्री, संस्कार भारती छत्तीसगढ़ प्रांत ने किया।

ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित

इस अवसर पर महामंत्री कबीर चंद्राकर, रंजना गुरु, शैल दुलारी सारवा, पार्थ महावर, अरविंद यदु, रंजन मोढ़क, संतोष दिवाकर, संतोष चंद्राकर, डॉ. मुक्ति बैंस, भोजराज धनगर, सरिता वर्मा, ललित काकड़े, कीर्ति चंद्रा, टंकेश्वर चंद्रा, कमल भंवर, शकुंतला साहू, कविता कुंदन वर्मा, चंद्रिका, प्रांजल राजपूत, सावित्री साहू, सान्वि साहू सहित शहर के अनेक कला साधक एवं कला प्रेमी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़े :- ‘कांग्रेस भवन से ही फैसला सुना दें!’ : झीरम घाटी मामले पर अजय चंद्राकर का तीखा हमला

Back to top button
error: Content is protected !!