‘कांग्रेस भवन से ही फैसला सुना दें!’ : झीरम घाटी मामले पर अजय चंद्राकर का तीखा हमला
भाजपा विधायक ने विश्व आदिवासी दिवस और महिला राजनीति पर कांग्रेस को घेरा; 'पार्षद पति' व्यवस्था खत्म करने का किया समर्थन
रायपुर : झीरम घाटी कांड की एनआईए स्पेशल कोर्ट में जारी सुनवाई के बीच छत्तीसगढ़ का सियासी पारा चढ़ गया है। कांग्रेस के बयानों पर जोरदार पलटवार करते हुए भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने तंज कसा कि कांग्रेस नेता खुद ही जज बन जाएं और अदालत के बजाय सीधे ‘कांग्रेस भवन’ से ही झीरम मामले का फैसला सुना दें।
चंद्राकर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को झीरम घाटी की सच्चाई उजागर करने में कोई दिलचस्पी नहीं है। उन्होंने कहा कि यह एक संवेदनशील विषय है, जिस पर न्यायालय में सुनवाई चल रही है, लेकिन कांग्रेस इसे केवल राजनीतिक भुनाने का जरिया बना रही है।
विश्व आदिवासी दिवस पर भी घेरा
भाजपा सरकार और संगठन द्वारा विश्व आदिवासी दिवस पर बधाई न देने के कांग्रेस के आरोपों पर भी चंद्राकर ने करारा जवाब दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि 9 अगस्त ‘विश्व के मूल निवासियों का अंतरराष्ट्रीय दिवस’ है और कांग्रेस नेताओं को पहले संयुक्त राष्ट्र के संबंधित प्रस्ताव को ठीक से पढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा, “भाजपा को कांग्रेस से आदिवासी दिवस मनाने का मार्गदर्शन लेने की कोई आवश्यकता नहीं है।” इसके साथ ही उन्होंने सवाल दागा कि कांग्रेस अपने लंबे शासनकाल में आदिवासी समाज के कल्याण के लिए किए गए कार्यों का ब्योरा दे।
महिला राजनीति पर पलटवार
कांग्रेस द्वारा भाजपा नेताओं पर महिलाओं की राजनीति में अधिक हस्तक्षेप के आरोपों को खारिज करते हुए चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस की अपनी राजनीति तो केवल एक महिला और उनके पुत्र के इर्द-गिर्द सिमट कर रह गई है। उन्होंने कांग्रेस को दूसरों पर टिप्पणी करने से पहले अपने संगठन के भीतर झांकने की सलाह दी।
‘पार्षद पति’ प्रथा खत्म करने के फैसले की सराहना
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य में प्रचलित ‘पार्षद पति’ व्यवस्था को समाप्त करने के लिए जारी राजपत्र का अजय चंद्राकर ने स्वागत किया। इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताते हुए उन्होंने कहा: –
महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने के लिए नगरीय निकायों में 33 प्रतिशत और पंचायतों में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। ऐसे में निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों को स्वयं निर्णय लेने और जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिलना चाहिए।
यह भी पढ़े :- खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में गूंजा देशभक्ति का जज्बा, निकली तिरंगा यात्रा



