छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर तैयारी तेज, परिसीमन समय पर करने के निर्देश

Chhattisgarh Panchayat Election: छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से त्रिस्तरीय पंचायतों के चुनावों की तैयारियों के संबंध में नवा रायपुर स्थित आयोग के कार्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने की। बैठक में पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग समेत सामान्य प्रशासन विभाग के संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया। इस बैठक में आगामी त्रिस्तरीय पंचायतों के चुनावों की तैयारियों की समीक्षा की गई। साथ ही चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के सरकारी मेडिकल कॉलेजों का बड़ा फैसला, सार्वजनिक की गई डॉक्टर्स की सूची
राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने त्रिस्तरीय पंचायतों के निर्वाचन के लिए परिसीमन और आरक्षण की कार्रवाई समय सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिसीमन और आरक्षण की प्रक्रियाएं समय पर निर्वाचन संपन्न कराने के लिए बेहद महत्वपूर्ण होती है। बैठक में त्रिस्तरीय पंचायतों के परिसीमन के संबंध में पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक ने परिसीमन समेत आरक्षण के संबंध में शासन स्तर पर कार्रवाई के संबंध में अवगत कराया। साथ ही कहा कि परिसीमन और आरक्षण की कार्रवाई समय सीमा में संपन्न करा ली जाएगी। (Chhattisgarh Panchayat Election)

बैठक में त्रिस्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन 2024-25 और भविष्य में होने वाले उप निर्वाचन के लिए अधिग्रहित किए जाने वाले वाहनों के लिए किराए का दर के निर्धारण, निर्वाचन में नियुक्त प्रेक्षकों के मानदेय, आगामी आम और उप निर्वाचन 2024-25 के लिए निर्वाचन संचालन के लिए नियोजित शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों को दिए जाने वाले मानदेय दरे समेत वाहन किराये पर लेने के लिए भेजे गए प्रस्तावों जैसे अन्य विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में चुनाव से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर गहन चर्चा की गई। (Chhattisgarh Panchayat Election)
चुनाव को लेकर तैयारी तेज
राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें, ताकि चुनाव के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। साथ ही कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि हर पात्र मतदाता अपने मताधिकार का सही तरीके से प्रयोग कर सके। इस अवसर पर उप सचिव डॉ. नेहा कपूर और आलोक श्रीवास्तव समेत सामान्य प्रशासन विभाग की अवर सचिव अंशिका पांडे समेत संबंधित अधिकारी भी उपस्थित थे। बता दें कि इसी साल के अंत या अगले साल के शुरुआत में पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव हो सकते हैं, जिसे लेकर तैयारी तेज कर दी गई है। (Chhattisgarh Panchayat Election)



