48वां रावत नाचा महोत्सव: लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में पहुंचे मुख्यमंत्री साय, बोले- रावत नाचा सांस्कृतिक एकता का प्रतीक

रायपुर। बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में 48वें रावत नाचा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शामिल होने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विशेष रूप से पहुंचे। आगमन पर महोत्सव के संरक्षक कालीचरण यादव और समिति के पदाधिकारियों ने पुष्पहार पहनाकर उनका आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री एवं अतिथियों ने भगवान श्रीकृष्ण के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
यह भी पढ़े :- Ind Vs SA: गिल की चोट ने झटका दिया टीम इंडिया को- कोलकाता टेस्ट में कप्तान ICU में
दर्जनों जनप्रतिनिधि महोत्सव में हुए शामिल
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया एवं महापौर पूजा विधानी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री बोले- ‘रावत नाचा छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान’
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पारंपरिक रावत नाचा वेशभूषा में मंच पर पहुंचे और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा—
“यदुवंशी समाज वह समाज है, जहां प्रभु श्रीकृष्ण ने जन्म लिया। छत्तीसगढ़ की नृत्य–गायन परंपरा हमारी सांस्कृतिक समृद्धि और एकता का सजीव प्रतीक है। उन्होंने ‘तेल फूल में लइका बाढ़े…’ दोहा गाकर समाज एवं नर्तन दलों को आशीर्वचन भी दिया।
केंद्रीय मंत्री और उप मुख्यमंत्री ने की परंपरा की सराहना
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने रावत नाचा को यदुवंशी समाज की संस्कृति, शौर्य और कला का अप्रतिम प्रदर्शन बताया तथा मंच से दोहे गाकर शुभकामनाएँ दीं।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा—
“लगातार 48 वर्षों से इस गौरवशाली परंपरा को बनाए रखना समाज की एकजुटता, अनुशासन और सांस्कृतिक गर्व का प्रमाण है।”
रावत नाचा—बिलासपुर की सांस्कृतिक धरोहर
बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि रावत नाचा बिलासपुर की 48 वर्षों से चली आ रही सांस्कृतिक धरोहर है, जिसका संरक्षण समिति लगातार कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज के मंगल और सद्भाव के लिए यादव समाज का योगदान अतुलनीय है।
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि बिलासा की पावन धरा पर रावत नाचा महोत्सव आयोजित होना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया।
संरक्षक डॉ. कालीचरण यादव ने स्वागत उद्बोधन देते हुए रावत नाचा की गौरवशाली परंपरा पर प्रकाश डाला और कहा कि पिछले 47 वर्षों से यह महोत्सव यदुवंशी समाज की संस्कृति और पहचान का सशक्त प्रतीक रहा है।
ढोल–नगाड़ों की थाप पर कलाकारों के संग झूमे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पारंपरिक वेशभूषा में रावत नाचा दलों के बीच पहुंचे और ढोल–नगाड़ों की गूंजती धुन पर उनके साथ झूमते हुए कलाकारों का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने नर्तक दलों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी सांस्कृतिक धरोहर आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती हैं और परंपराओं को सदैव जीवित रखती हैं।



