Google Analytics —— Meta Pixel

जंतर-मंतर खाली, अब परीक्षा सुधार की बारी, फास्ट-ट्रैक कोर्ट और नए कानून पर टिकी नजर

CJP Protest Ends: कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP ने सरकार की ओर से मांगें मान लेने के बाद अपना विरोध प्रदर्शन वापस ले लिया है। इसके बाद जंतर-मंतर से टेंट हटने शुरू हो गए हैं। प्रदर्शनकारी छात्र लगातार अपने घर की ओर लौट रहे हैं। इस बीच सैकड़ों प्रदर्शनकारी धरना स्थल की सफाई करते नजर आए। कॉकरोच जनता पार्टी के चीफ स्पोक्सपर्सन सौरव दास ने कहा कि जो भी शिक्षा मंत्री बने, उन्हें युवाओं ने चेतावनी दी है कि अगर आप उनके मुद्दों पर काम नहीं करेंगे तो ऐसे ही युवा वापस आएंगे, जंतर-मंतर पर आएंगे और सरकार से जवाब मांगेंगे। दास ने आगे कहा कि हमारी चिंताओं और मांगों पर ध्यान दिया गया है। उन मांगों ने पूरे देश के युवाओं को प्रभावित किया, इसीलिए इस आंदोलन को पूरे देश में समर्थन मिला, जो भी अगले शिक्षा मंत्री बनेंगे, उन्हें पता होना चाहिए कि युवा देख रहे हैं। वे जवाबदेही की मांग करेंगे। इसलिए, जब समय आए, युवाओं के हित में काम करें। पेपर लीक रोकें और डिमांड चार्टर में बताई गई हमारी पांच-बिंदुओं की सिफारिशों को लागू करें। हम बहुत जल्द नए शिक्षा मंत्री से मिलेंगे। सरकार ने एक महीने के अंदर बैठक करने का वादा किया है और फिर हम देखेंगे कि क्या होता है।

यह भी पढ़ें:- NEET विवाद पर सियासी संग्राम जारी, विपक्ष ने सरकार को घेरा, भाजपा ने कड़े कानून का दिया भरोसा

सरकार के साथ बैठक को लेकर सौरव दास ने कहा कि ये एक सौहार्दपूर्ण मुलाकात थी और हमारी यही बातचीत हुई कि यहां पर क्या-क्या हुआ या कैसे-कैसे हुआ। बहुत ही सौहार्दपूर्ण वातावरण में हमने बातचीत की। हमने उन्हें स्पष्ट किया, जो हमने मंच से ऐलान भी किया था कि एक-एक पुलिस कर्मी-RAF, जिनके वीडियो साक्ष्य मौजूद हैं, जिन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों के सिर पर मारा या उन पर सीधा हमला किया, ऐसे लोगों के खिलाफ हम जल्द ही कानूनी कार्रवाई करेंगे। भाजपा नेता आर.पी. सिंह ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद प्रह्लाद जोशी को एडिशनल चार्ज दे दिया गया है, ताकि शिक्षा मंत्री के नाते से जो-जो सुधार सरकार ने प्रतिबद्ध किए हैं, उन्हें पूरा किया जा सके। कई दौर की बातचीत के बाद CJP की मांगों को सरकार ने माना, जिसके बाद उन्होंने अपना प्रदर्शन वापस लिया और ये भी कहा कि आगे जो भी कदम उठाने होंगे, उसे लेकर वे सरकार से बात करेंगे। शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त चार्ज मिलने पर केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि मैं यह जिम्मेदारी निभाऊंगा। मैं प्रधानमंत्री का शुक्रगुजार हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के पिछले 12 सालों में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल हुई हैं। पिछले चार-पांच सालों में धर्मेंद्र प्रधान ने नई शिक्षा नीति भी लागू की और कई जरूरी काम किए गए। देश ने नई शिक्षा व्यवस्था में काफी तरक्की की है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मैं अपनी पूरी काबिलियत से काम करूंगा और अपनी जिम्मेदारियों को पूरी लगन से पूरा करूंगा।

आखिरकार ये आंदोलन समाप्त हुआ: रैना

भाजपा नेता रविंदर रैना ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जिस प्रकार युवाओं के साथ संवाद किया, देश की युवा पीढ़ी को ‘माय फ्रैंड्स’ कहकर संबोधित किया, ये दिखाता है कि प्रधानमंत्री मोदी युवाओं के साथ सीधा संवाद करते हैं। आंदोलनकारियों ने PM मोदी की बात को समझा और ये बातचीत आगे बढ़ी। अन्ततोगत्वा सारे विषय जो इस आंदोलन के बीच में थे, उन पर चर्चा हुई। देश का जो PM मोदी पर भरोसा है, ये उसी का नतीजा है कि आखिरकार ये आंदोलन समाप्त हुआ है। इस बीच दिल्ली पुलिस ने आंदोलन से जुड़ी फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 400 से ज्यादा सोशल मीडिया अकाउंट ब्लॉक किए हैं। वहीं पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में धांधली की जांच के लिए पहली बार स्पेशल टास्क फोर्स यानी STF का गठन किया गया है। दिल्ली पुलिस के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि आंदोलन के दौरान सोशल मीडिया पर कई भ्रामक और झूठी जानकारियां फैलाई गईं। इनमें प्रदर्शन के दौरान एक महिला की मौत का दावा भी शामिल था, जिसे पुलिस ने पूरी तरह फर्जी बताया।

400 से ज्यादा अकाउंट ब्लॉक

DCP सेंट्रल रोहित राजबीर सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर जानकारी बहुत तेजी से वायरल होती है, लेकिन हर पोस्ट, वीडियो या फोटो जरूरी नहीं कि सही हो। किसी भी जानकारी पर भरोसा करने या उसे आगे शेयर करने से पहले फैक्ट-चेक करना बहुत जरूरी है। दिल्ली पुलिस भी लगातार सोशल मीडिया पर नजर रख रही है। हम अपने सोशल मीडिया हैंडल से लगातार फेक न्यूज़, AI और डीपफेक वीडियो, एडिटेड क्लिप और गुमराह करने वाली पोस्ट की जानकारी शेयर कर रहे हैं, ताकि लोग सही और गलत जानकारी में फर्क कर सकें। उन्होंने कहा कि हमारी जांच में यह भी पता चला है कि पाकिस्तान से चलाए जा रहे कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स गलत जानकारी फैला रहे हैं। दिल्ली पुलिस संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर ऐसे और अकाउंट्स की पहचान करने के लिए लगातार काम कर रही है। अब तक ऐसे 400 से ज्यादा हैंडल्स की पहचान की गई है और उन्हें ब्लॉक किया गया है, क्योंकि वे विरोध-प्रदर्शनों से जुड़ा AI-जनरेटेड कंटेंट, डीपफेक वीडियो, एडिट की गई तस्वीरें और दूसरी गलत जानकारी फैला रहे थे। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी कुछ ऐसे हैंडल्स गलत जानकारी फैलाने में सक्रिय पाए गए थे। इन सोशल मीडिया अकाउंट्स ने कई सीनियर अधिकारियों के आधिकारिक बयानों को एडिट करके और विजुअल कंटेंट में हेर-फेर करके लोगों को गुमराह करने की कोशिश की।

फास्ट-ट्रैक कोर्ट ने भी शुरू की सुनवाई

DCP रोहित सिंह ने आगे कहा कि अलग-अलग कॉम्पिटिटिव एग्जाम में पेपर लीक और गड़बड़ियों से निपटने के लिए भारत सरकार की प्रतिबद्धता के तहत, दिल्ली पुलिस ने क्राइम ब्रांच के अंदर एक स्पेशल टास्क फोर्स बनाई है। इस टीम की अगुवाई DCP रैंक के अधिकारी करेंगे और इसकी देखरेख स्पेशल CP (क्राइम) करेंगे। बता दें कि पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में धांधली रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने पहली बार विशेष स्पेशल टास्क फोर्स का गठन किया है। यह STF यूपीएससी, एसएससी, रेलवे भर्ती बोर्ड, आईबीपीएस, एनटीए की परीक्षाएं (NEET, JEE, CUET, UGC-NET) समेत केंद्र सरकार की अलग-अलग भर्ती परीक्षाओं से जुड़े पेपर लीक और परीक्षा अपराधों की जांच करेगी। STF का नेतृत्व दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के डीसीपी करेंगे, जबकि इसकी निगरानी स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस (क्राइम ब्रांच) के अधीन होगी। पुलिस का कहना है कि इससे जांच और अभियोजन पहले की तुलना में अधिक तेज और विशेषज्ञ तरीके से हो सकेगा। दिल्ली हाईकोर्ट की ओर से गठित विशेष फास्ट-ट्रैक कोर्ट ने भी NEET पेपर लीक और अन्य परीक्षा घोटालों से जुड़े मामलों की सुनवाई शुरू कर दी है।

सरकार जिम्मेदार है, सरकार बच्चों की बात सुन रही है: सांसद सायोनी घोष

स्पेशल जज अनु ग्रोवर बलिगा ने शनिवार को कार्यभार संभाल लिया। अब सार्वजनिक परीक्षाओं में अनुचित साधनों की रोकथाम अधिनियम, 2024 के तहत दर्ज लंबित मामलों की सुनवाई भी इसी विशेष अदालत में होगी, जिससे मामलों के जल्द निपटारे की उम्मीद जताई जा रही है। इस बीच बागी टीएमसी सांसद सायोनी घोष ने कहा कि ये बहुत सकारात्मक बात है कि सोनम वांगचुक ने अपना अनशन तोड़ा। मैं उनकी आभारी हूं। इससे बहुत सकारात्मक और फलदायी परिणाम निकलकर आएंगे। मैं एक ही बात सोचती हूं कि बच्चे भी देश के हैं और सरकार भी देश की है, जो हो सरकार और बच्चों के हित में हो। विपक्षी दलों ने जिस तरह से सुर्खियां बटोरने का प्रयास किया है, कॉकरोच जनता पार्टी और देश के युवाओं ने जिस आंदोलन को शुरू किया, उसमें विपक्षी अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने आ गए। ये ठीक नहीं है। सरकार जिम्मेदार है, सरकार बच्चों की बात सुन रही है और आगे भी सुनेगी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि मुझे इस बात की खुशी है कि सरकार के साथ चर्चा करने के बाद सोनम वांगचुक ने अपना अनशन त्याग दिया है। विशेष तौर पर मैं प्रधानमंत्री का अभिनंदन करना चाहूंगा। हमारे युवाओं का भविष्य ठीक रहे, इसलिए ऐसा कानून लाया जा रहा है कि जिसमें पेपर लीक करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई होगी, फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामला चलेगा और उन्हें तुरंत जेल में जाना पड़ेगा। इसलिए मैं उनका धन्यवाद करता हूं।

क्या मुझे किसी से कैरेक्टर सर्टिफिकेट लेना होगा ?: वांगचुक

अपनी भूख हड़ताल तोड़ने पर एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने कहा कि छात्रों के लिए 26 दिन तक भूखा रहने के बाद 11 किलो वजन कम हो गया, मसल्स चले गए और मेरे ऑर्गन्स और ब्रेन ऐसे डैमेज हो गए हैं, जिन्हें ठीक नहीं किया जा सकता और यह सब लद्दाख की कड़ाके की ठंड से आने के बाद दिल्ली की चिलचिलाती धूप में ये सब करने के बाद क्या मुझे किसी से कैरेक्टर सर्टिफिकेट लेना होगा कि मेरा अनशन कितना पवित्र था। मैंने किसके हाथों अनशन तोड़ा, क्या डील हुई? मैं किसी को दोष नहीं दूंगा, क्योंकि आप में से ज्यादातर लोगों को यह नहीं पता कि मैं किन हालात से गुजरा हूं। मेरा परिवार पिछले एक-दो हफ्ते में किन हालात से गुजरा है। इसलिए किसी की भी बात सुनने से पहले उनका बैकग्राउंड जरूर देखें। क्या उन्हें कोई नाराजगी है? क्या वे किसी ऐसी पॉलिटिकल पार्टी से हैं, जिसे दूसरी पॉलिटिकल पार्टी से नाराजगी है या वे कोई न्यूट्रल इंसान हैं? अगर वे न्यूट्रल हैं, तो उनकी बात जरूर सुनें। मैं उनके जवाब देने की कोशिश करूंगा। सरकार ने आंदोलन के बाद सुधारों की दिशा में कई बड़े कदम उठाने का दावा किया है, लेकिन अब सबसे बड़ी चुनौती इन वादों को जमीन पर उतारने की होगी। आने वाले दिनों में नए शिक्षा मंत्री, STF, फास्ट-ट्रैक कोर्ट और एंटी-पेपर लीक कानून की प्रभावशीलता ही तय करेगी कि छात्रों का यह आंदोलन बदलाव की नई शुरुआत बनता है या सिर्फ एक राजनीतिक अध्याय। (CJP Protest Ends)

Back to top button
error: Content is protected !!