लगातार तीसरे गुरुवार को जनता की समस्या नहीं सुन पाएंगे CM साय, 25 जुलाई को होने वाला जनदर्शन स्थगित

CM Jandarshan Postponed: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस गुरुवार को भी जनता की समस्या नहीं सुन पाएंगे। ये लगातार तीसरी बार है जब जनदर्शन कार्यक्रम को स्थगित किया गया है। दरअसल, हर हफ्ते गुरुवार को होने वाला जनदर्शन इस गुरुवार यानी 25 जुलाई को छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के मद्देनजर नहीं होगा। इससे पहले 18 जुलाई को भी किसी कारणवश जनदर्शन को स्थगित कर दिया गया था। वहीं 11 जुलाई को होने वाले जनदर्शन को भी स्थगित किया गया था। हालांकि उससे पहले यानी 4 जुलाई को जनदर्शन का आयोजन किया गया था, जहां हजारों की संख्या में लोगों ने CM हाउस पहुंचकर मुख्यमंत्री साय को अपनी समस्या बताई थी।
यह भी पढ़ें:- अपने काम को पूरी ईमानदारी और दक्षता से करना ही देशसेवा: मुख्यमंत्री साय
वहीं कांग्रेस ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जनदर्शन को लेकर तंज कसा था। कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा था कि जनदर्शन भाजपा के कुशासन का आईना है। उन्होंने कहा था कि किस प्रकार प्रदेश के लोग समस्या से जुझ रहे हैं यह मुख्यमंत्री निवास में जनदर्शन में देखने को मिल जाता है। मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र से लेकर सभी मंत्रियों के विधानसभा क्षेत्र तक लोग परेशान है। लोगों का काम नहीं हो रहा है। लोग अपनी समस्याओं के लिये सीएम हाउस पहुंच रहे हैं।
संचार प्रमुख ने सरकार पर बोला था हमला
संचार प्रमुख शुक्ला ने कहा था कि मुख्यमंत्री के जनदर्शन को देखकर लग रहा कि छत्तीसगढ़ में पिछले 6 महीने में सरकार नाम की कोई चीज नहीं बची है। अगर सरकार की पहुंच आम आदमी तक होती, आम आदमी की समस्याओं का निराकरण होता तो इतनी बड़ी संख्या में लोग सीएम हाउस नहीं आते। पटवारी कार्यालय, तहसील कार्यालय, ब्लॉक ऑफिस के कामों के लिए भी लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। नामांतरण की समस्या, फौती उठाने की समस्या से लेकर विधायकों की मनमानी की शिकायतें जनदर्शन में मुख्यमंत्री निवास पहुंचे। अवैध रेत उत्खनन की शिकायतें लेकर गांव वाले मुख्यमंत्री निवास पहुंचे इसका मतलब है सरकार अब नवा रायपुर के मंत्रालय तक ही सीमित हो गई है।



