Google Analytics —— Meta Pixel

मशहूर सिंगर कैलाश खेर ने CM विष्णुदेव साय से की मुलाकात, कहा- ‘साय वही जो साया दे’

CM Meet Kailash Kher: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से उनके निवास में सुप्रसिद्ध गायक कैलाश खेर ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री साय ने कैलाश खेर का छत्तीसगढ़ आने पर जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कैलाश खेर ने अपने चिर-परिचित अंदाज में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम का अर्थ बताया। उन्होंने कहा कि ‘साय वही जो साया दे’। मुख्यमंत्री साय यथा नाम तथा गुण हैं। बता दें कि कैलाश खेर राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम में शरीक होने छत्तीसगढ़ आए थे।

यह भी पढ़ें:- Ayodhya News : रामलला के घर में चोरी, अयोध्या में घुसा शातिर लाइट चोर, रामपथ और भक्तिपथ पर लगीं लाखों की लाइटें गायब, FIR दर्ज

मुख्यमंत्री साय की मौजूदगी में राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में जोहार तिरंगा कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया है। संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में देश के मशहूर गायक कैलाश खेर और साथियों ने देशभक्ति गीतों की सुरमयी प्रस्तुति दी। राष्ट्रीय गीत ‘वन्दे मातरम्‘ और ‘जान है हमारी है तिरंगा‘ गीत पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत उपस्थित लोगों ने देशभक्ति भाव से ओतप्रोत होकर सुर से सुर मिलाया। मुख्यमंत्री द्वारा इससे पूर्व ‘जोहार तिरंगा‘ कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और छत्तीसगढ़ महतारी के छाया चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। (CM Meet Kailash Kher)

मुख्यमंत्री साय ने ‘जोहार तिरंगा’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हम देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर देश में तिरंगा सप्ताह मना रहे हैं, जो 9 अगस्त से शुरू हो चुका है और देश के स्वंतत्रता दिवस 15 अगस्त तक चलेगा। इसी कड़ी में इंडोर स्टेडियम में जोहार तिरंगा कार्यक्रम का यह गरिमामय आयोजन हुआ। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान की कड़ी में तिरंगा सप्ताह के दौरान देशभर और छत्तीसगढ़ में देशभक्ति पर आधारित कार्यक्रम हो रहे हैं। छत्तीसगढ़ प्रदेश के शासकीय, अशासकीय संस्थानों, और गांव-गांव के स्तर पर तिरंगा यात्रा, तिरंगा रैली, तिरंगा प्रतिज्ञा, तिरंगा सेल्फी, तिरंगा मेला जैसे कई आयोजन किए जा रहे हैं। (CM Meet Kailash Kher)

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों से हर घर तिरंगा फहराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत के लाखों वीर सपूतों की कुर्बानी के बाद हमें आजादी मिली, हमारा तिरंगा मिला हमें इसे सहेज के रखना हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ‘एक पेड़ मां के नाम अभियान’ के तहत मां के नाम पर एक पेड़ लगाने और संरक्षित करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री साय ने इस मौके पर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दी। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीयता किसी भी देश के प्राण और उसकी आत्मा होती है। (CM Meet Kailash Kher)

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूरे देश वासियों से आजादी के जश्न के लिए स्वतंत्रता सप्ताह मनाए और हर घर तिरंगा की अपील की है। उन्होंने कहा कि हमें देशभक्ति के उत्साह के साथ तिरंगा सप्ताह और स्वतंत्रता दिवस मनाना चाहिए। कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, विधायक किरण देव सिंह, राजेश मूणत, अनुज शर्मा, पुरंदर मिश्रा, इंद्र कुमार साहू, गुरु खुशवंत साहेब और रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल शामिल हुए। (CM Meet Kailash Kher)

Back to top button
error: Content is protected !!