आज अंबिकापुर दौरे पर रहेंगे CM विष्णुदेव साय, विचार गोष्ठी कार्यक्रम में होंगे शामिल
CM Sai Ambikapur Tour: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज यानी 24 जून को सरगुजा जिले के अंबिकापुर के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री राजधानी रायपुर के पुलिस ग्राउंड हेलीपेड से अंबिकापुर के लिए रवाना होंगे, जहां वे दोपहर 12.30 बजे राजमोहिनी देवी सभा भवन में आयोजित वीरांगना महारानी दुर्गावती बलिदान दिवस परिचर्चा विचार गोष्ठी में हिस्सा लेंगे। इसके बाद शाम 4 बजे मुख्यमंत्री साय पीजी कॉलेज ग्राउंड अंबिकापुर से रवाना होकर शाम 5.10 बजे रायपुर लौट आएंगे।
यह भी पढ़ें:- RSS के राष्ट्रीय व्याख्यान कार्यक्रम में शामिल हुए CM विष्णुदेव साय, पढ़ें पूरी खबर
मुख्यमंत्री साय ने रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस उन्हें नमन किया है। CM साय ने कहा कि रानी दुर्गावती भारत की उन वीरांगनाओं में से एक हैं, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण तक न्यौछावर कर दिए। उन्होंने अपने शौर्य और साहस से वीरता की एक नई इबारत लिखी। उनका साहस और बलिदान हमेशा देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। CM विष्णुदेव साय ने प्रख्यात शिक्षाविद, राष्ट्रवादी चिंतक और विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को उनके बलिदान दिवस के अवसर पर नमन किया है। अपने निवास कार्यालय में उन्होंने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। (CM Sai Ambikapur Tour)


मुख्यमंत्री साय ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का व्यक्तित्व समर्पण, निष्ठा और राष्ट्रप्रेम से भरा था। उनके विचार आज भी हमारे लिए प्रेरणदायी हैं। उनके दृढ़ सिद्धांतो और चिंतन ने युवाओं को नई दिशा दिखाई। वे अगाध राष्ट्र प्रेम और राष्ट्र की एकता-अखंडता के लिए समर्पित भावना के कारण सदैव चिरस्मरणीय रहेंगे। उनके आदर्शों पर चलते हुए हम समृद्ध और सशक्त भारत के निर्माण के लिए संकल्पित हैं। इधर, मुख्यमंत्री से उनके निवास कार्यालय में केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के राज्यमंत्री तोखन साहू ने मुलाकात की। (CM Sai Ambikapur Tour)

मुख्यमंत्री विष्णुदेव ने केंद्रीय राज्यमंत्री साहू का अपने निवास में आत्मीय स्वागत किया और उन्हें केंद्रीय राज्य मंत्री बनने पर बधाई और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय राज्यमंत्री साहू के साथ छत्तीसगढ़ में आवास और शहरी विकास की योजनाओं को गति देने से संबंधित विषय पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा सहित केंद्रीय राज्यमंत्री साहू के साथ आए बिलासपुर, लोरमी, तखतपुर और मुंगेली क्षेत्र के नागरिक उपस्थित थे। (CM Sai Ambikapur Tour)




