Google Analytics —— Meta Pixel

CM विष्णुदेव साय ने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात, बस्तर समेत कई मुद्दों को लेकर की चर्चा

CM Sai Meet PM: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। साथ ही कई मुद्दों को लेकर चर्चा की। इसे लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मैं समय-समय पर उनसे आशीर्वाद, मार्गदर्शन लेने और राज्य में चल रही गतिविधियों के बारे में उन्हें जानकारी देने के लिए उनसे मिलता रहता हूं। बस्तर हाल ही में नक्सलमुक्त हुआ है। ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ के तहत लाखों लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है। हम ‘अग्रणी बस्तर’ कार्यक्रम भी चला रहे हैं। मैंने प्रधानमंत्री के साथ ये सभी जानकारियां साझा की। जानकारी के मुताबिक CM साय ने बस्तर में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए यूरिया प्लांट की स्थापना, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए ऑल इंडिया आयुर्वेद संस्थान (AIIA) की स्थापना और बस्तर संभाग के 461 दूरस्थ गांवों में स्थायी बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार से सहयोग का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से बस्तर में रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी। बता दें कि कल मुख्यमंत्री ने संसद भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी मुलाकात कर प्रदेश में रेलवे नेटवर्क के विस्तार, लंबित रेल परियोजनाओं और नई रेल लाइनों को लेकर चर्चा की थी। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय मौजूद थे।

यह भी पढे़ं:- बीजेपी को झटका: राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने दिया इस्तीफा

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश के औद्योगिक, खनिज और कृषि की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण राज्यों में शामिल है। ऐसे में रेलवे नेटवर्क का विस्तार सिर्फ परिवहन सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि उद्योग, व्यापार, पर्यटन, कृषि विपणन, जनजातीय क्षेत्रों के विकास और संतुलित क्षेत्रीय प्रगति से भी सीधे जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में रेलवे अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है और इसका लाभ छत्तीसगढ़ को भी मिल रहा है। बैठक में सबसे महत्वपूर्ण चर्चा कटघोरा-डोंगरगढ़ नई रेलवे लाइन परियोजना को लेकर हुई। लगभग 295 किलोमीटर लंबी इस महत्वाकांक्षी परियोजना का विकास रेल मंत्रालय और छत्तीसगढ़ सरकार के संयुक्त उपक्रम (ज्वाइंट वेंचर) के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए दोनों पक्षों की साझेदारी से एक स्पेशल परपज व्हीकल (SPV) बनाया जाएगा।

यह रेल लाइन कटघोरा से करतला, मुंगेली, कवर्धा और खैरागढ़ होते हुए डोंगरगढ़ तक पहुंचेगी। इससे कई ऐसे क्षेत्र पहली बार रेलवे नेटवर्क से जुड़ेंगे जहां अब तक रेल सुविधा उपलब्ध नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे क्षेत्रीय विकास, औद्योगिक निवेश और आम लोगों की आवाजाही को नई गति मिलेगी। बैठक में रावघाट-जगदलपुर रेलवे लाइन परियोजना की भी समीक्षा की गई। करीब 140 किलोमीटर लंबी इस परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और रेलवे की निविदा प्रक्रिया अंतिम चरण में है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि जल्द निर्माण कार्य शुरू होने से बस्तर की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी। मुख्यमंत्री साय ने रेल मंत्री से प्रदेश की तीन महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं को जल्द मंजूरी देने का आग्रह किया। इनमें सरडेगा-पत्थलगांव-अंबिकापुर (244 किमी), धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा (301 किमी) और अंबिकापुर-बरवाडीह (200 किमी) शामिल हैं। (CM Sai Meet PM)

उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से उत्तर छत्तीसगढ़ और सीमावर्ती क्षेत्रों की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी, व्यापार, पर्यटन और खनिज परिवहन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इन परियोजनाओं पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। बैठक के दौरान किरंदुल-कोत्तागुडेम (180 किमी) और गढ़चिरौली-बीजापुर-किरंदुल (बचेली) (490 किमी) नई रेल लाइन परियोजनाओं के सर्वे कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने सर्वे कार्य शीघ्र पूरा कर आगे की प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया ताकि बस्तर क्षेत्र की कनेक्टिविटी और विकास को गति मिल सके। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ में रेलवे विकास का नया अध्याय शुरू हो रहा है। उन्होंने कहा कि नई रेल परियोजनाएं प्रदेश के औद्योगिक विकास, खनिज परिवहन, कृषि उत्पादों की सुगम आवाजाही, पर्यटन और जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

बैठक में सांसद संतोष पांडेय ने भी डोंगरगढ़-कटघोरा रेल लाइन को लेकर अपनी लंबे समय से उठाई जा रही मांग का उल्लेख किया। बताया गया कि वे लगातार लोकसभा में इस परियोजना को उठाते रहे हैं। बैठक में इस परियोजना सहित बस्तर क्षेत्र की दो नई रेल परियोजनाओं को लेकर सकारात्मक निर्णय सामने आने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और सांसद संतोष पाण्डेय के प्रति आभार व्यक्त किया गया। मुख्यमंत्री की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुई मुलाकात और रेल मंत्री के साथ हुई विस्तृत चर्चा को छत्तीसगढ़ के रेल नेटवर्क विस्तार और बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आने वाले समय में इन परियोजनाओं के अमल में आने से प्रदेश के उद्योग, व्यापार, पर्यटन और दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। (CM Sai Meet PM)

Back to top button
error: Content is protected !!