Google Analytics —— Meta Pixel

कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें तेज, कल इस्तीफा दे सकते हैं CM सिद्धारमैया, डीके शिवकुमार बन सकते हैं नए मुख्यमंत्री

CM Siddaramaiah May Resign: कर्नाटक की राजनीति में एक बार फिर बड़ा सत्ता परिवर्तन होने की अटकलें तेज हो गई हैं। दावा किया जा रहा है कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया गुरुवार यानी कल अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं और उनकी जगह डिप्टी CM डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। इसको लेकर मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान के साथ हुई अहम बैठक के बाद राजनीतिक हलचल और बढ़ गई है। दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सांसद राहुल गांधी, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और डिप्टी CM डीके शिवकुमार के बीच करीब 6 घंटे तक मैराथन बैठक चली। सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर गंभीर चर्चा हुई।

यह भी पढे़ं:- भीषण गर्मी में सतर्क रहें, जरूरतमंदों की मदद करें : मुख्यमंत्री साय

सूत्रों के मुताबिक बैठक में राहुल गांधी ने सिद्धारमैया से मुख्यमंत्री पद छोड़ने का आग्रह किया। साथ ही उन्हें राज्यसभा भेजने और दिल्ली में बड़ी राष्ट्रीय जिम्मेदारी देने का प्रस्ताव भी रखा गया। बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेतृत्व 2028 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए राज्य में नया नेतृत्व तैयार करना चाहता है। हालांकि बैठक के बाद कांग्रेस संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने मीडिया से कहा कि नेतृत्व परिवर्तन को लेकर जो बातें चल रही हैं, वे केवल अटकलें हैं और बैठक में मुख्य रूप से राज्यसभा और विधान परिषद चुनावों पर चर्चा हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सिद्धारमैया ने अपने करीबी समर्थकों और मंत्रियों के साथ चर्चा के बाद कहा है कि वे हाईकमान के फैसले का सम्मान करेंगे। उन्होंने गुरुवार सुबह मंत्रियों को ब्रेकफास्ट मीटिंग के लिए बुलाया है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इसी बैठक के बाद वे इस्तीफा दे सकते हैं।

डीके शिवकुमार के नीचे काम नहीं करूंगा: सिद्धारमैया

सूत्रों के मुताबिक शुरुआत में सिद्धारमैया नेतृत्व परिवर्तन के पक्ष में नहीं थे। उन्होंने आलाकमान से कहा था कि अगर मुझे हटाया गया तो पार्टी टूटेगी, क्योंकि 50-60 विधायक मेरे साथ हटेंगे। मैं डीके शिवकुमार के नीचे काम नहीं करूंगा। सूत्रों ने यह भी कहा कि कांग्रेस नेतृत्व इस बदलाव को बेहद सावधानी से करना चाहता है, ताकि किसी तरह की बगावत की स्थिति न बने। पार्टी जानती है कि सिद्धारमैया अभी भी राज्य में मजबूत ओबीसी चेहरा हैं और बड़ी संख्या में विधायक उनके समर्थन में हैं। ऐसे में भाजपा के बिहार मॉडल की तर्ज पर सिद्धारमैया के बेटे को मंत्री पद देने का प्रस्ताव भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि इस फार्मूले पर विचार करने के लिए सिद्धारमैया ने समय मांगा है। (CM Siddaramaiah May Resign)

प्रियंका गांधी भी बदलाव के पक्ष में

सूत्रों के मुताबिक मंगलवार की बैठक मेंप्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद थी और वे कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन के पक्ष में बताई जा रही हैं। कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि 2028 तक सिद्धारमैया की उम्र 80 साल के करीब हो जाएगी, ऐसे में समय रहते नया चेहरा सामने लाकर सत्ता विरोधी माहौल को कम किया जा सकता है। दिल्ली रवाना होने से पहले डीके शिवकुमार ने कहा था कि कुछ परिस्थितियों में दिल्ली जाना जरूरी हो जाता है। वहीं सिद्धारमैया ने कहा कि उन्हें हाईकमान ने बुलाया है, इसलिए वे दिल्ली आए हैं और बैठक का एजेंडा उन्हें नहीं बताया गया था। (CM Siddaramaiah May Resign)

2.5-2.5 साल के फॉर्मूले पर विवाद

दरअसल, 2023 में कांग्रेस सरकार बनने के बाद से ही मुख्यमंत्री पद को लेकर अंदरूनी खींचतान जारी है। डीके शिवकुमार समर्थकों का दावा है कि सरकार बनने के समय ढाई-ढाई साल का सत्ता बंटवारे का फॉर्मूला तय हुआ था। हालांकि सिद्धारमैया खेमे ने हमेशा इससे इनकार किया है। 20 नवंबर 2025 को कांग्रेस सरकार के 2.5 साल पूरे होने के बाद यह विवाद फिर तेज हो गया था। शिवकुमार समर्थक कई विधायक दिल्ली पहुंचकर कांग्रेस नेतृत्व से मुलाकात भी कर चुके हैं। सूत्रों के अनुसार सिद्धारमैया कैबिनेट फेरबदल के पक्ष में हैं, जबकि डीके शिवकुमार चाहते हैं कि पार्टी पहले नेतृत्व परिवर्तन पर फैसला करे। पार्टी के भीतर यह भी माना जा रहा है कि यदि हाईकमान कैबिनेट विस्तार को मंजूरी देता है, तो यह सिद्धारमैया के पूरे पांच साल मुख्यमंत्री बने रहने का संकेत माना जाएगा।

पहले भी सामने आ चुके हैं बयान

नवंबर 2025 में डीके शिवकुमार ने कहा था कि वे हमेशा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नहीं रह सकते और दूसरे नेताओं को भी मौका मिलना चाहिए। वहीं दिसंबर 2025 में सिद्धारमैया ने कहा था कि जब हाईकमान कहेगा, तब डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बना दिया जाएगा। हालांकि दोनों नेताओं ने सार्वजनिक रूप से कई बार कहा है कि उनके बीच कोई मतभेद नहीं है और वे राज्य सरकार को मिलकर चला रहे हैं, लेकिन अंदरखाने चल रही राजनीतिक खींचतान अब खुलकर सामने आने लगी है। कर्नाटक की सत्ता में बदलाव होगा या फिर कांग्रेस हाईकमान मौजूदा नेतृत्व पर ही भरोसा जताएगा, इसका जवाब अगले 24 घंटे में मिल सकता है, लेकिन इतना तय है कि सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच चल रही राजनीतिक खींचतान अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है। कांग्रेस के लिए सबसे बड़ी चुनौती सत्ता संतुलन बनाए रखने और किसी भी तरह की अंदरूनी बगावत को रोकने की होगी।

Back to top button
error: Content is protected !!