सीएम विष्णु देव साय बोले – हर घर को मिलेगी निर्बाध व मुफ्त बिजली
नवा रायपुर में पावर कंपनीज संयुक्त मुख्यालय भवन का शिलान्यास, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में किया वृक्षारोपण

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नवा रायपुर सेक्टर-24 में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज (Chhattisgarh State Power Distribution Company Limited ) के संयुक्त मुख्यालय भवन का शिलान्यास किया। गणेश चतुर्थी और राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष जैसे पावन अवसर पर आयोजित इस समारोह में उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की और भवन का थ्री-डी मॉडल अनावृत किया।
यह भी पढ़े :- बोलेरो ने मचाई तबाही: गणेश विसर्जन जुलूस में 3 की मौत, कई घायल
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भवन तीनों पावर कंपनियों—डिस्ट्रीब्यूशन, जनरेशन और ट्रांसमिशन (Chhattisgarh State Power Distribution Company Limited
)—के बीच समन्वय को और मजबूत करेगा तथा उपभोक्ताओं को एक ही छत के नीचे सभी सेवाएँ उपलब्ध कराएगा।
25 वर्षों की ऊर्जा यात्रा
मुख्यमंत्री ने राज्य की 25 वर्षीय विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा-
“वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ केवल 1400 मेगावाट बिजली उत्पादन करता था, आज यह क्षमता बढ़कर 30 हजार मेगावाट हो गई है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1320 मेगावाट क्षमता के नए संयंत्र का शुभारंभ किया, जो इस उपलब्धि को और सुदृढ़ करता है।”
उन्होंने कहा कि नई उद्योग नीति के अंतर्गत पावर सेक्टर में लगभग तीन लाख करोड़ रुपये के एमओयू हुए हैं, जिनसे आने वाले वर्षों में 30 हजार मेगावाट अतिरिक्त बिजली उत्पादन संभव होगा।
मुफ्त बिजली की दिशा में कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब “जीरो पावर कट स्टेट” से आगे बढ़कर मुफ्त बिजली की ओर तेजी से अग्रसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के कारण अब दूरस्थ अंचलों तक मुफ्त बिजली का लाभ पहुँच रहा है।
अंतरराष्ट्रीय अनुभव और नई कार्यसंस्कृति
हाल ही में सम्पन्न जापान और दक्षिण कोरिया यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अब वैश्विक स्तर की अधोसंरचना और कार्यसंस्कृति की ओर तेजी से बढ़ रहा है। संयुक्त मुख्यालय भवन इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।
ग्रीन एनर्जी आधारित भवन
वन मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि लगभग 270 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह भवन ग्रीन एनर्जी आधारित होगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। भवन 10,017 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में नौ मंजिला स्वरूप में निर्मित होगा।
इसमें-
- 1300 कर्मचारियों की क्षमता
- 210 सीटों का प्रेक्षागृह
- जिम, दो मंजिला बेसमेंट पार्किंग, मैकेनिकल स्टैक पार्किंग
- ई-व्हीकल चार्जिंग सुविधा
- बीईई फाइव स्टार और गृहा फाइव स्टार ग्रीन रेटिंग
- भवन प्रबंधन प्रणाली से संपूर्ण संचालन
जगह-जगह से आए सांसद, विधायक, अधिकारी और कर्मचारी इस अवसर पर उपस्थित रहे। (Chhattisgarh State Power Distribution Company Limited
)



