Google Analytics —— Meta Pixel

करेले के ढेर से निकला कोबरा: सब्जी चुन रहे युवक को डसा, मची अफरा-तफरी

बिलासपुर। शहर के नेहरू नगर स्थित गणेश चौक के साप्ताहिक सब्जी बाजार में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब करेला खरीद रहे एक युवक को उसमें छिपे जहरीले कोबरा (नाग के बच्चे) ने डस लिया। सर्पदंश के तुरंत बाद युवक बदहवास होकर गिर पड़ा, जिससे बाजार में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से उसे सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की त्वरित कार्रवाई से उसकी जान बच सकी।

करेला चुनते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, बहतराई निवासी बिहारी साहू (32 वर्ष) मुंगेली से लौटते वक्त गणेश चौक स्थित साप्ताहिक बाजार में सब्जी खरीदने रुके थे। वह एक दुकान पर करेले चुन रहे थे, तभी टोकरी में पहले से छिपे छोटे कोबरा ने उनके बाएं हाथ की उंगली पर हमला कर दिया। सांप के काटते ही युवक चीख पड़ा और कुछ ही पलों में अचेत होकर जमीन पर गिर गया।

दुकानदारों में दहशत, सतर्कता से पकड़ा गया सांप

घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सांप आकार में छोटा था, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि वह कोबरा का बच्चा था जो सब्जियों के परिवहन के दौरान उसमें छिपकर आ गया होगा। घटना के बाद आसपास के व्यापारी दहशत में आ गए और दुकानें छोड़कर पीछे हट गए। हालांकि, कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए सांप को एक टोकरी से ढक दिया और वन विभाग को सूचित किया।

समय पर इलाज से बची जान

युवक को तत्काल छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) के आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने एंटी-वेनम देकर उसका उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के मुताबिक, मरीज की स्थिति अब खतरे से बाहर है। उधर, सूचना मिलते ही पहुंची वन विभाग की टीम ने कोबरा को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया है।

यह भी पढ़े :- नौकरी बदलने के बाद अटका PF का पैसा? EPFO के नए ई-पोर्टल से मिनटों में होगा ट्रांसफर

Back to top button
error: Content is protected !!