नौकरी बदलने के बाद अटका PF का पैसा? EPFO के नए ई-पोर्टल से मिनटों में होगा ट्रांसफर

EPFO : नौकरी बदलने के बाद पुरानी कंपनी में फंसा पीएफ (PF) का पैसा निकालने या ट्रांसफर करने के लिए अब कर्मचारियों को पीएफ कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने नौकरीपेशा लोगों की सुविधा के लिए आधार-लिंक्ड नया ई-पोर्टल ‘ई-प्राप्ति’ (E-PRAAPTI) तैयार किया है।
इस डिजिटल व्यवस्था के जरिए कर्मचारी घर बैठे ही अपने पुराने या बंद पड़े पीएफ खातों को ढूंढकर उन्हें अपने मौजूदा खाते (UAN) में ट्रांसफर कर सकेंगे।
डिजिटल व्यवस्था से आसान हुई प्रक्रिया
अक्सर नौकरी बदलने के दौरान कर्मचारी पुरानी कंपनी के पीएफ खाते को नए खाते से जोड़ना भूल जाते हैं या तकनीकी समस्याओं के कारण ऐसा नहीं हो पाता। नए ‘ई-प्राप्ति’ (EPFO ) पोर्टल पर आधार कार्ड के जरिए तत्काल पहचान का सत्यापन (Verification) होगा। खाता ट्रेस होने के बाद सदस्यों को दो विकल्प मिलेंगे:
- फंड ट्रांसफर: पुराने पीएफ के पैसे को वर्तमान चालू पीएफ खाते में ट्रांसफर करना।
- निकासी (Claim): आवश्यकता पड़ने पर फंड निकालने के लिए सीधे क्लेम करना।
आधार से लिंक होना अनिवार्य
संसद में पूछे गए एक प्रश्न का उत्तर देते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने स्पष्ट किया कि पोर्टल का लाभ उठाने के लिए पीएफ खाते का आधार से लिंक होना या खाते से जुड़ी न्यूनतम जानकारी होना आवश्यक है। बिना किसी विवरण या आधार लिंक के पुराने खातों को ट्रेस करना संभव नहीं होगा।
प्रमुख विशेषताएं और लाभ
कागजी झंझट से मुक्ति: क्लेम और सत्यापन की प्रक्रिया ऑनलाइन होने से दलाली और बेवजह की देरी खत्म होगी।
ऑनलाइन जॉइंट डिक्लेरेशन: खाते में केवाईसी (KYC) या व्यक्तिगत विवरण अपडेट करने के लिए ऑनलाइन ‘जॉइंट डिक्लेरेशन’ फॉर्म जमा किया जा सकेगा।
पारदर्शिता: पूरी प्रक्रिया डिजिटल होने से ट्रैकिंग आसान होगी और क्लेम सेटलमेंट में तेजी आएगी।
खाताधारकों के लिए एक और राहत: 8.25% ब्याज मिलना शुरू
नए ई-पोर्टल के साथ ईपीएफओ ने वित्त वर्ष के लिए तय 8.25% की दर से ब्याज की राशि सदस्यों के खातों में जमा करनी शुरू कर दी है। कई खाताधारकों को ब्याज जमा होने के एसएमएस (SMS) प्राप्त होने लगे हैं। सदस्य ईपीएफओ की आधिकारिक पासबुक पोर्टल या उमंग (UMANG) ऐप के माध्यम से अपना बैलेंस जांच सकते हैं। (EPFO )
यह भी पढ़े :- ‘देश हित में जो भी हो…’: पैलेट गन विवाद के बीच बोले CRPF DG- निडर होकर करें ड्यूटी, मैं देख लूँगा



