उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए तीनों सेनाओं की एकजुटता आवश्यक: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

Combined Commanders Conference: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता में आयोजित संयुक्त कमांडर सम्मेलन 2025 को संबोधित किया। इस दौरान सशस्त्र बलों से आह्वान किया कि वे युद्ध की पारंपरिक अवधारणाओं से आगे बढ़कर सूचना, वैचारिक, पर्यावरणीय और जैविक युद्ध जैसे उभरते गैर-पारंपरिक खतरों से निपटने के लिए सतर्क और तैयार रहें। रक्षा मंत्री ने कहा कि अशांत वैश्विक व्यवस्था, क्षेत्रीय अस्थिरता और बदलते सुरक्षा परिदृश्य को देखते हुए लगातार आकलन की आवश्यकता है। उन्होंने चेताया कि आज के युद्ध अत्यधिक तकनीक-निर्भर और अप्रत्याशित हो गए हैं, जिनकी अवधि का अनुमान लगाना मुश्किल है। ये कुछ महीनों से लेकर कई सालों तक चल सकते हैं। उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए तीनों सेनाओं की एकजुटता आवश्यक है।
यह भी पढ़ें:- PM मोदी को दुनियाभर के नेताओं ने किया बर्थडे विश, जानिए किसने क्या कहां…?
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कमांडरों से सक्रिय दृष्टिकोण अपनाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुदर्शन चक्र परिकल्पना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि इसके लिए एक समिति गठित की गई है, जो परियोजना की समीक्षा कर अगले पांच सालों की मध्यम अवधि योजना और अगले दस सालों की दीर्घकालिक योजना तैयार करेगी। रक्षा मंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के उद्घाटन सत्र में दिए गए मंत्र- “जय (संयुक्तता, आत्मनिर्भरता और नवाचार)” को भविष्य की दिशा बताया। उन्होंने उद्योग और शिक्षाविदों के साथ साझेदारी बढ़ाकर एक मजबूत रक्षा नवाचार इकोसिस्टम तैयार करने की आवश्यकता पर जोर दिया। (Combined Commanders Conference)
संयुक्तता और नागरिक-सैन्य एकीकरण
सम्मेलन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए सेनाओं और अन्य एजेंसियों के बीच सहयोग व समन्वय अत्यावश्यक है। उन्होंने बताया कि तीनों सेनाओं के लॉजिस्टिक्स नोड्स और लॉजिस्टिक्स प्रबंधन अनुप्रयोगों का निर्माण इसी दिशा में अहम कदम है। रक्षा मंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि इसने सिद्ध कर दिया है कि भारत शक्ति, रणनीति और आत्मनिर्भरता के बल पर 21वीं सदी की चुनौतियों का सामना करने में सक्षम है। उन्होंने इसे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक वास्तविक शक्ति बताया। (Combined Commanders Conference)

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई रक्षा खरीद नियमावली 2025 को मंजूरी देने की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य खरीद प्रक्रिया को सरल, तेज और पारदर्शी बनाना है, ताकि सशस्त्र बलों को समय पर आवश्यक परिचालन क्षमता मिल सके। रक्षा मंत्री ने दोहराया कि आत्मनिर्भरता केवल एक नारा नहीं बल्कि आवश्यकता है। रक्षा स्वदेशीकरण के जरिए देश में रोजगार, आर्थिक विकास और रक्षा गलियारों की मजबूती को बढ़ावा मिल रहा है। सम्मेलन में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी, थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह समेत रक्षा सचिव, डीआरडीओ प्रमुख और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। (Combined Commanders Conference)




