मानसून की देरी ने बढ़ाई किसानों की चिंता, मध्य प्रदेश-यूपी में बोवनी पर असर, राजस्थान में 25 जून बाद बारिश के आसार

Concern over Delayed Monsoon: देश के बड़े कृषि राज्यों में मानसून की देरी अब किसानों के लिए चिंता का विषय बनने लगी है। दक्षिण-पश्चिम मानसून 8 जून से आगे नहीं बढ़ पाया है और मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश समेत राजस्थान में इसकी एंट्री सामान्य तिथि से लगभग एक हफ्ते पीछे चल रही है। मौसम विभाग के मुताबिक अब इन राज्यों में मानसून 22 जून के बाद ही पहुंच पाएगा। मध्य प्रदेश में मानसून के 22 से 24 जून के बीच प्रवेश करने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि किसान जल्दबाजी में बोवनी न करें। खेतों में कम से कम चार इंच पानी गिरने के बाद ही बुवाई करना सुरक्षित रहेगा। प्रदेश में 1 जून से 17 जून के बीच सामान्य तौर पर 41.6 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस साल सिर्फ लगभग 25 मिमी यानी करीब एक इंच बारिश ही रिकॉर्ड हुई है। इससे खरीफ सीजन की तैयारियों पर असर पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें:- मुख्यमंत्री साय की पहल से कुनकुरी की बिजली व्यवस्था मजबूत, नया 5 MVA ट्रांसफार्मर शुरू
उत्तर प्रदेश में इस बार मानसून बुंदेलखंड के बजाय पूर्वांचल से प्रवेश करेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि सोनभद्र और बलिया के रास्ते मानसून 20 से 25 जून के बीच प्रदेश में दस्तक देगा। राज्य में मानसून की सामान्य आगमन तिथि 18 से 20 जून मानी जाती है, लेकिन इस बार यह 4 से 5 दिन की देरी से पहुंच रहा है। राजस्थान में फिलहाल प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं। उदयपुर, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ और करौली सहित कई इलाकों में हल्की बारिश हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में एक के बाद एक वेदर सिस्टम सक्रिय हो रहे हैं, जिससे प्री-मानसून बारिश का दौर जारी रहेगा। हालांकि मानसून की औपचारिक एंट्री 25 जून के बाद होने की संभावना जताई गई है। (Concern over Delayed Monsoon)
कई राज्यों में मौसम का बदला मिजाज
बिहार में जहां एक ओर भीषण गर्मी का असर है, वहीं कई जिलों में बारिश और आंधी भी दर्ज की गई। अररिया जिले में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। हिमाचल प्रदेश में चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। तेज बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। पंजाब और हरियाणा में भी अगले पांच दिनों तक आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि प्रशांत महासागर में अल नीनो जैसी परिस्थितियां विकसित होने लगी हैं। अगर यह प्रभाव मजबूत हुआ तो देश के कई हिस्सों में असमान बारिश, लंबे सूखे अंतराल और कृषि उत्पादन पर असर देखने को मिल सकता है। (Concern over Delayed Monsoon)
किसानों के लिए सलाह
फिलहाल मौसम विभाग को उम्मीद है कि अगले 4 से 5 दिनों में जेट स्ट्रीम कमजोर होगी, जिससे मानसूनी हवाएं मजबूत होकर मध्य भारत की ओर बढ़ेंगी। इसके बाद मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ सकता है। विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे पर्याप्त बारिश होने तक बड़े पैमाने पर बोवनी शुरू न करें। मानसून की देरी को देखते हुए नमी संरक्षण, खेतों की तैयारी और बीज उपचार जैसे कार्यों पर अभी ध्यान देना बेहतर होगा, ताकि पर्याप्त बारिश मिलते ही खेती का काम तेजी से शुरू किया जा सके। मानसून की यह देरी सिर्फ मौसम का बदलाव नहीं, बल्कि खेती-किसानी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए भी अहम संकेत है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान जैसे कृषि प्रधान राज्यों में किसान बारिश का इंतजार कर रहे हैं, जबकि बोवनी की तैयारियां भी मौसम पर टिकी हुई हैं। राहत की बात यह है कि अगले कुछ दिनों में मानसून के आगे बढ़ने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन तब तक किसानों को धैर्य और सावधानी दोनों बरतनी होगी, क्योंकि अच्छी फसल की शुरुआत सिर्फ मानसून के आने से नहीं, बल्कि सही समय पर पर्याप्त बारिश से होती है।



