Google Analytics —— Meta Pixel

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की धमकी पर कांग्रेस ने मोदी सरकार पर साधा निशाना, कहा- ‘दोस्त दोस्त न रहा’

Congress on Modi Government: अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत पर ज्यादा टैरिफ लगाने की धमकी दी है। इसे लेकर कांग्रेस ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा कि सालों से प्रधानमंत्री दावा करते रहे हैं कि राष्ट्रपति ट्रंप और उनके बीच एक खास रिश्ता है। यह दोस्ती बहुत महंगी साबित हुई। विदेश मंत्रालय ने अब बयान जारी किया है, लेकिन यह साफ है कि अमेरिका के साथ हमारे रिश्ते बिगड़ गए हैं। आज चीन, अमेरिका और पाकिस्तान जैसे देश हमारे लिए चुनौती बन गए हैं। एक लोकप्रिय गाना है ‘दोस्त दोस्त न रहा’। प्रधानमंत्री को भी यह गाना जरूर आता होगा। ‘दोस्त दोस्त न रहा, ट्रंप यार हमें तेरा ऐतबार न रहा’। उन्होंने ‘हाउडी मोदी’ और ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम आयोजित किए। उन्होंने कहा ‘अबकी बार ट्रंप सरकार’ का नारा दिया। तस्वीरें खिंचवाई गईं। राष्ट्रपति ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान हमारे विदेश मंत्री पहली पंक्ति में बैठे थे। दावे किए गए कि प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच एक खास रिश्ता है कि वे पुराने दोस्त हैं। इन सबका नतीजा क्या है?

यह भी पढ़ें:- जज तय नहीं करेंगे कौन सच्चा भारतीय है: कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी

उन्होंने कहा कि टैरिफ बढ़ाने की धमकियां दी जा रही हैं। यह दोस्ती बहुत महंगी साबित हुई। प्रधानमंत्री को जवाब देना चाहिए। सालों से वे दावा करते रहे हैं कि राष्ट्रपति ट्रंप और उनके बीच खास रिश्ता है, वे गले मिलते हैं, तस्वीरें खिंचवाते हैं और बातचीत करते हैं। पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने मध्यस्थता की बात कही कि उन्होंने युद्धविराम करवाया। अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने 32 से 33 बार कहा है कि मेरी वजह से ऑपरेशन सिंदूर रुका। इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने कुछ नहीं कहा है। जयराम रमेश ने कहा कि 25% से ऊपर टैरिफ लगाया जा रहा है। हमें धमकी दी जा रही है कि हम रूस से तेल न खरीदें। यह दोस्ती बहुत कीमती निकली। कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति जिस तरह से भारत को धमकी दे रहे हैं, प्रधानमंत्री, भारत की पूरी सरकार को इसे किसी भी तरह बर्दाश्त नहीं करना चाहिए और जवाबी कार्रवाई करनी चाहिए। अगर वो ऐसा नहीं कर रहे हैं तो इसका मतलब है कि आप कहीं न कहीं झुक रहे हैं और हम ये बर्दाश्त नहीं कर सकते। हमारी विदेश नीति, विदेशी मामले विफल हो रहे हैं और राहुल गांधी ने भी सदन में कहा है कि हमारी विदेश नीति विफल हो रही है। (Congress on Modi Government)

ट्रंप खुद को और अपने देश को नुकसान पहुंचा रहे: मसूद

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि यह अंतहीन है। डोनाल्ड ट्रंप खुद को और अपने देश को नुकसान पहुंचा रहे हैं। राहुल गांधी ने देश को जो दिशा दी कि देश को उत्पादन पर आधारित अर्थव्यवस्था बनाने के लिए काम करना होगा, अगर हम उस दिशा में नहीं बढ़े, तो हम गुलामी की ओर बढ़ेंगे और ट्रंप जैसे लोग हमें रोज धमकाने की कोशिश करेंगे। हमारे पास इतना बड़ा बाजार है, 140 करोड़ की आबादी है, जिसे कोई नकार नहीं सकता। दुनिया में कोई ऐसा नहीं कर सकता। हमें ईरान से सबक सीखना चाहिए। ईरान पर तमाम तरह के प्रतिबंध लगाए गए। ईरान ने खुद को साबित कर दिया। ईरान हमारा दोस्त है, हम ईरान के साथ नहीं जाते, रूस हमारा दोस्त है, हमें रूस के साथ जाने में दिक्कत है। हम उनके साथ नहीं जा रहे जो हमारे दोस्त हैं और उनके पीछे भाग रहे हैं जो हमारे कभी हो नहीं सकते। मसूद ने कहा कि ट्रंप के सामने भारत सरकार जिस तरह शांत है, वह देश की संप्रभुता को नुकसान पहुंचा रहा है। हम सरकार को बार-बार कह रहे हैं कि आप मजबूती के साथ बोलिए। सरकार की कमजोर नीतियों के कारण भारत को नुकसान हो रहा है। (Congress on Modi Government)

टैरिफ की बात दोनों तरफ से लागू हो सकती है: चतुर्वेदी

इमरान मसूद ने कहा कि देश अमेरिका के दबाव में नहीं चलेगा। हमारी संप्रभुता पर सीधे हमला हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी को इसका मजबूती के साथ जवाब देना चाहिए। पूरा देश प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़ा है। शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि ट्रंप का यह आरोप है कि हम यूक्रेन से तेल खरीदकर रूस के साथ उसके युद्ध का समर्थन कर रहे हैं, बिल्कुल गलत है। अमेरिका, यूरोपीय संघ और चीन का रूस के साथ व्यापार जारी है तो अकेले भारत पर आरोप लगाना कैसे उचित है। हमें अब अमेरिका से आयातित वस्तुओं पर भी टैरिफ लगाने की आवश्यकता है। टैरिफ एकतरफा नहीं होते और हम उन पर भी टैरिफ लगा सकते हैं। चतुर्वेदी ने कहा कि ट्रंप को यह बात समझनी जरूरी है कि टैरिफ की बात दोनों तरफ से लागू हो सकती है। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि भारत को अपना हित देखना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी की गलत विदेश नीति की कीमत भारत चुका रहा है। ट्रंप 33 बार कह चुके हैं कि भारत-पाकिस्तान के बीच युद्धविराम उन्होंने कराया है। प्रधानमंत्री मोदी की खामोशी भारत के हितों के खिलाफ हैं। यह भारत के आर्थिक हितों पर गहरी चोट पहुंचाते हैं। प्रधानमंत्री मोदी खुद साहस क्यों नहीं दिखाते हैं ? (Congress on Modi Government)

हमारे देश के संप्रभु चरित्र का अपमान: प्रेमचंद्रन

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जिस तरह के शब्द इस्तेमाल कर रहे हैं। वे हर भारतीय के आत्मसम्मान और देश के प्रति सम्मान पर आघात है। हम उम्मीद करते हैं कि सरकार ऐसी शब्दावली और धमकियों के खलाफ सीधे खड़े रहेगी। दिल्ली AAP अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप इस तरह से व्यवहार कर रहे हैं, जैसे हमारा देश उनका गुलाम है। वे सोशल मीडिया के माध्यम से 140 करोड़ लोगों के देश को धमका रहे हैं। अब प्रधानमंत्री मोदी को उसी भाषा में डोनाल्ड ट्रंप से वार्तालाप करनी चाहिए। रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी के सांसद एनके प्रेमचंद्रन ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा अनुचित दावे किए जा रहे हैं। यह हमारे देश के संप्रभु चरित्र का अपमान प्रतीत होता है। अमेरिकी राष्ट्रपति यह सब कैसे कह सकते हैं? वह टैरिफ युद्ध के आधार पर पूरी दुनिया को निर्देशित कर रहे हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमें तीखी प्रतिक्रिया देनी पड़ रही है, क्योंकि हम अमेरिका या किसी अन्य देश के अधीन नहीं हैं। हम सभी समान भागीदार हैं। ऐसी स्थिति में निश्चित रूप से भारत सरकार को प्रतिक्रिया देनी होगी। अंतिम प्रतिक्रिया अच्छी और ठीक है। राष्ट्रपति की ये सभी टिप्पणियां अन्य पात्रों के संप्रभु चरित्र का अपमान हैं। (Congress on Modi Government)

बीजेपी ने किया पलटवार

वहीं भाजपा सांसद बृज लाल ने कांग्रेस सांसद जयराम रमेश के बयान पर कहा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और जयराम रमेश इसी तरह के गीत गाते रहेंगे। उनके पास और कोई काम नहीं है, उनके पास केवल गीत गाना ही रह गया है। प्रधानमंत्री के लिए देश प्रथम है और जब देश के हितों की बात आएगी तो यह नया भारत है, किसी के साथ समझौता नहीं करेगा। कांग्रेस के राज में पहले विदेशी शक्तियां तय करती थीं कि कौन वित्त मंत्री होगा या गृह मंत्री होगा। आज वह स्थिति नहीं है, जो कांग्रेस का शासनकाल में थी। भारत हित पहले है और हम किसी के दबाव में नहीं आएंगे। भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि भारत एक आत्मनिर्भर भारत बनने की ओर आगे बढ़ रहा है। भारत की विदेश नीति सभी देशों के साथ सम्मानपूर्वक और सहयोगात्मक संबंध बनाने की रही है। भारत का अमेरिका के साथ बहुत ज्यादा निर्यात नहीं है। अमेरिका ने IT, इलेक्ट्रॉनिक सामान और मोबाइल को अपनी टैरिफ पॉलिसी से अलग रखा है। भारत की कोशिश रहती है कि विदेशी व्यापार का संतुलन भी बना रहे और सभी राष्ट्रो के साथ संबंध भी अच्छे रहें। (Congress on Modi Government)

Back to top button
error: Content is protected !!