छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान शुरू, कांग्रेस-भाजपा में जुबानी जंग तेज

Congress Sangathan Srijan Abhiyan: छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं-पदाधिकारियों को तैयार करने के उद्देश्य से ‘संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर’ की शुरुआत कर दी है। रायपुर जिले के अभनपुर स्थित मंगल भवन में आयोजित इस 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर में प्रदेशभर के लगभग 40 जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्ष भाग ले रहे हैं। यह प्रशिक्षण शिविर 20 जून से 29 जून तक चलेगा। इसकी शुरुआत कांग्रेस प्रदेश प्रभारी और AICC के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट ने की। साथ ही कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की पहल पर देशभर में संगठन सृजन कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ में भी यह विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है। इसका उद्देश्य संगठन को और ज्यादा मजबूत, सक्रिय और प्रभावी बनाना है।
यह भी पढ़ें:- साय सरकार के चिंतन शिविर से पहले गरमाई सियासत, मंत्रियों की ट्रेनिंग पर कांग्रेस का तंज, CM हाउस की बैठक को लेकर भी उठाए सवाल
उन्होंने कहा कि शिविर में कांग्रेस की विचारधारा, संगठन की कार्यप्रणाली, जिलाध्यक्षों की भूमिका, जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। जिलाध्यक्षों की जिम्मेदारियों को बढ़ाया जा रहा है, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को और अधिक सक्रिय बना सकें। पायलट ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को लंबे संघर्ष के लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अपने संसाधनों के बल पर संस्थाओं और एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। ऐसे में कांग्रेस को पूरी तैयारी और मुस्तैदी के साथ राजनीतिक लड़ाई लड़नी होगी। कांग्रेस के लिए इस शिविर का सबसे महत्वपूर्ण दिन कल होगा, जब राहुल गांधी प्रशिक्षण शिविर में शामिल होकर सभी जिलाध्यक्षों से सीधा संवाद करेंगे। सचिन पायलट ने बताया कि राहुल गांधी प्रदेश से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ राष्ट्रीय विषयों पर भी चर्चा करेंगे। संगठन विस्तार, सामाजिक न्याय, बेरोजगारी, पेपर लीक और देश की मौजूदा परिस्थितियों पर उनका मार्गदर्शन मिलेगा।

भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना
राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज खुद प्रशिक्षण शिविर की तैयारियों का लगातार जायजा ले रहे हैं। राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे और कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर को लेकर भाजपा ने तंज कसा है। डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस 99 चुनाव हार चुकी है। राहुल गांधी के तय कार्यक्रमों से कांग्रेस को नुकसान होता है। भारत जोड़ो यात्रा के बाद भी कांग्रेस को काफी नुकसान हुआ। इन प्रशिक्षणों का लाभ भी कांग्रेस को नहीं मिलेगा, क्योंकि कांग्रेस के नेता एक-दूसरे को निपटाने में लगे हुए हैं। कांग्रेस के नेता आपस में लड़ रहे हैं। प्रशिक्षण से कांग्रेस में कलह खत्म नहीं होगी। भाजपा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस जिलाध्यक्षों से सहयोग राशि लेकर यह प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर रही है। इस आरोप को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सिरे से खारिज कर दिया। (Congress Sangathan Srijan Abhiyan)
संगठन मजबूत करने की कवायद
बैज ने कहा कि आपके पास प्रूफ है तो बताइए। कोई चंदा दिया है तो प्रूफ बताएं। भाजपा का काम आरोप लगाना है। पूरी निगरानी दिल्ली से हो रही है। गांधीवादी तरीके से काफी सिम्पल तरीके से ये प्रशिक्षण शिविर का आयोजन हो रहा है। उन्होंने आगे कहा कि अरुण साव को एक बार कम से कम एक घंटे का हमारा सत्र अटेंड कर लेना चाहिए। उसके बाद शायद वे भारतीय जनता पार्टी ही छोड़ दें। अरुण साव को लेकर सबसे ज्यादा नाराजगी मुख्यमंत्री और संगठन के नेताओं के बीच ही बताई जा रही है, क्योंकि सबसे ज्यादा गड़बड़ियां उनके विभाग में चल रही हैं। कांग्रेस का मानना है कि आगामी चुनावों और राजनीतिक संघर्षों को देखते हुए संगठन को मजबूत बनाना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से जिलाध्यक्षों को वैचारिक, राजनीतिक और संगठनात्मक रूप से प्रशिक्षित किया जा रहा है। पार्टी नेतृत्व का दावा है कि यह शिविर कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा देने के साथ-साथ जमीनी स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वहीं भाजपा इसे कांग्रेस की अंदरूनी कमजोरियों को छिपाने का प्रयास बता रही है। ऐसे में राहुल गांधी के दौरे और इस प्रशिक्षण शिविर पर राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं।



