ट्रंप ने फिर बांधे PM मोदी की तारीफ के पुल, बोले- युद्धों से दूर रहने वाले मजबूत नेता हैं प्रधानमंत्री

Trump on PM Modi: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर तारीफ की है। एक इंटरव्यू में ट्रंप ने PM मोदी को बहुत मजबूत, बेहद सख्त और महान नेता बताया। ट्रंप ने कहा कि मोदी उन वैश्विक नेताओं में शामिल हैं, जिन्हें वह सबसे ज्यादा पसंद करते हैं और जो अपने देशों का प्रभावी नेतृत्व कर रहे हैं। यह बयान ऐसे समय आया है, जब हाल ही में G-7 शिखर सम्मेलन के दौरान PM मोदी और ट्रंप की मुलाकात चर्चा का विषय बनी थी। दोनों नेताओं की गर्मजोशी भरी मुलाकात और साझा तस्वीरें अंतरराष्ट्रीय मीडिया में भी सुर्खियां बनी थी। अमेरिकी मीडिया को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने PM मोदी को वेरी टफ कुकी बताया। अंग्रेजी मुहावरे में इसका अर्थ होता है, ऐसा व्यक्ति जो बेहद मजबूत, दृढ़ इच्छाशक्ति वाला और कठिन परिस्थितियों का सामना करने में सक्षम हो।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान शुरू, कांग्रेस-भाजपा में जुबानी जंग तेज
ट्रंप ने कहा कि मोदी बाहर से बेहद शांत दिखाई देते हैं, लेकिन वास्तविकता में वह बहुत सख्त और निर्णायक नेता हैं। उन्होंने कहा कि मोदी के पास फैसले लेने और उन्हें लागू कराने की असाधारण क्षमता है। इंटरव्यू के दौरान जब ट्रंप से पूछा गया कि दुनिया के किन नेताओं को वह सबसे ज्यादा पसंद करते हैं, तो उन्होंने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लिया। ट्रंप ने कहा कि शक्ति, नेतृत्व क्षमता और लंबे समय तक सत्ता में बने रहने की योग्यता के मामले में PM मोदी और शी जिनपिंग उन्हें सबसे प्रभावशाली नेताओं में नजर आते हैं। ट्रंप ने कहा कि मोदी की एक बड़ी विशेषता यह है कि वह युद्ध और संघर्षों से दूर रहने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि यह एक समझदारी भरा दृष्टिकोण है। (Trump on PM Modi)
भारत के साथ व्यापार पर भी बोले ट्रंप
ट्रंप के मुताबिक मोदी बहुत अच्छे हैं। वह युद्धों से दूर रहते हैं, जो समझदारी की बात है। वह लगभग 1.5 अरब लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं। भारत एक बहुत बड़ा देश है और मोदी एक महान नेता हैं। भारत-अमेरिका व्यापारिक संबंधों पर बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि अतीत में भारत को अमेरिका के साथ व्यापार से काफी फायदा मिला था, लेकिन इसके लिए वह भारत को दोष नहीं देते। उन्होंने कहा कि भारत ने हमसे काफी लाभ कमाया, लेकिन इसके लिए मैं उन्हें दोष नहीं देता। हमारे नेता ऐसे थे, जिन्होंने ऐसा होने दिया।हालांकि ट्रंप ने यह भी कहा कि अब दोनों देशों के बीच अधिक पारदर्शी तरीके से व्यापार हो रहा है। ट्रंप ने भारत की राजनीतिक स्थिरता का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने सालों तक भारत में सरकारों और नेताओं को बदलते देखा, लेकिन नरेंद्र मोदी ने लंबे समय तक मजबूत नेतृत्व प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि पहले नेता कुछ महीनों या एक-दो साल में बदल जाते थे, लेकिन मोदी आए और 12 साल से अधिक समय से सत्ता में बने हुए हैं। वह बेहद मजबूत नेता हैं।
G-7 सम्मेलन में हुई थी अहम मुलाकात
इस हफ्ते की शुरुआत में G-7 सम्मेलन के दौरान ट्रंप और मोदी के बीच लंबी बातचीत हुई थी। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय व्यापार समझौते, रक्षा सहयोग, सुरक्षा साझेदारी और पश्चिम एशिया की स्थिति समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की थी। विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रंप की यह टिप्पणी भारत-अमेरिका संबंधों की बढ़ती रणनीतिक साझेदारी को भी दर्शाती है। दोनों देशों के बीच रक्षा, तकनीक, व्यापार और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है। ट्रंप की ओर से पीएम मोदी की लगातार की जा रही प्रशंसा को राजनीतिक विश्लेषक भी महत्वपूर्ण मान रहे हैं। उनका कहना है कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मोदी की बढ़ती स्वीकार्यता और भारत की वैश्विक भूमिका को देखते हुए ट्रंप का यह बयान कूटनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। हालांकि ट्रंप के इन बयानों पर भारत और दुनिया के अलग-अलग राजनीतिक वर्गों की अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं सामने आ सकती हैं, लेकिन इतना स्पष्ट है कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी को वैश्विक राजनीति के सबसे प्रभावशाली नेताओं में शुमार किया है।



