दिल्ली में कांग्रेस कार्यसमिति की हुई बैठक, खड़गे ने केंद्र सरकार से किए कई सवाल

Congress Working Committee Meeting: दिल्ली में कांग्रेस कार्यसमिति यानी CWC की बैठक हुई, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, CPP चेयरपर्सन सोनिया गांधी, लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत वर्किंग कमेटी के सदस्य शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद 24 अप्रैल को CWC की अर्जेट बैठक हुई थी। उसमें हमने प्रस्ताव पारित कर आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई और आतंकवादियों को सबक सिखाने में सरकार को सभी संभव सहयोग देने की बात कही थी। इस घटना के कई दिन बाद भी सरकार की तरफ से कोई स्पष्ट रणनीति सामने नहीं आई है। राहुल गांधी ने कानपुर में शुभम द्विवेदी के परिवारजनों से मुलाकात की और सरकार से मारे गए लोगों को शहीद का दर्जा समेत सम्मान देने की मांग की है।
यह भी पढ़ें:- खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 में भाग लेंगे छत्तीसगढ़ के 12 मल्लखंब खिलाड़ी, पढ़ें पूरी खबर
खड़गे ने कहा कि देश की एकता, अखंडता और खुशहाली की राह में जो भी चुनौती बनकर आएगा, उसके खिलाफ हम एक होकर सख्ती से निपटेंगे। पूरा विपक्ष इस मसले पर सरकार के साथ है। हमने पूरी दुनिया को यही संदेश दिया है। इसी बीच मोदी सरकार ने जनगणना के साथ जाति जनगणना कराने का फैसला किया है। इसके लिए मैं सबसे पहले राहुल गांधी को बधाई देता हूं, जिन्होंने लगातार इस मुद्दे को उठाते हुए सरकार को जाति जनगणना का फैसला करने को मजबूर किया। राहुल ने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में इसे ताकतवर अभियान में बदल दिया और सामाजिक न्याय 18वीं लोकसभा के चुनाव का सबसे अहम मुद्दा बन गया। राहुल ने फिर साबित किया है कि हम अगर सच्चाई से लोगों के मुद्दों को उठाते हैं तो सरकार को झुकना ही पड़ता है। भूमि अधिग्रहण संशोधन विधेयक से लेकर तीन काले किसान कानून की वापसी के बाद जाति जनगणना भी इस कड़ी में शामिल हो गई है, जिसमें एक हठी सरकार को एक बार फिर से झुकना पड़ा है। (Congress Working Committee Meeting)

राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि कांग्रेस की राज्य सरकारें- तेलंगना और कर्नाटक में जाति सर्वेक्षण की प्रक्रिया पूरी कर सरकारी योजनाओं में इसे अमल में लाना शुरू कर चुकी हैं। गुजरात में AICC अधिवेशन में भी हमने 9 अप्रैल 2025 को अपनी मांग दोहराते हुए संकल्प पारित किया था। हमने 50% सीलिंग को भी हटाने की मांग की। सीलिंग हटाने का काम संविधान संशोधन के द्वारा होगा। जाति जनगणना की सालों पुरानी हमारी मांग को सरकार ने माना, लेकिन जो समय चुना गया, उससे हमें आश्चर्य के साथ हैरानी भी हुई, जिस भाषा और भाव के साथ कई बातें कही गईं, उसको लेकर भी कई संदेह हमारे दिल में पैदा हुए हैं। जब 16 अप्रैल 2023 को मैंने प्रधानमंत्री को चिट्ठी लिखकर इस बारे में मांग की थी तो सरकार इसके बिल्कुल खिलाफ थी। फिर अचानक हृदय परिवर्तन कैसे हुआ। (Congress Working Committee Meeting)

उन्होंने कहा कि सरकार ने हरेक मंच पर हमारी मांग का विरोध किया। इसे विभाजनकारी बताया और शहरी नक्सल कहा। राज्यों के चुनावों में मोदी से लेकर RSS नेताओं ने इसकी आलोचना की। ‘बंटेगे तो कटेंगे’ जैसे नारे दिए गए। हमें लोगों को यह बताने की जरूरत है कि UPA 2 में शुरू हुई 2011 जाति जनगणना की पूरी प्रक्रिया 31 मार्च 2016 में समाप्त हुई। सरकार ने इस बात को 2022 में एक राज्य सभा के प्रश्न के उत्तर में खुद माना है। फिर हमसे 2014 में अधूरे आंकड़ों को प्रकाशित करने की अपेक्षा नासमझी नहीं तो क्या है? हम यह कहेंगे कि हमारी बात देर से ही सही उनकी समझ में आई, इस बात की हमें खुशी है। पुरानी कहावत है- देर आए दुरुस्त आए। कांग्रेस ने 2024 के चुनाव में विस्तृत सामाजिक, आर्थिक और जाति जनगणना कराकर सभी जातियों और समुदायों की आबादी, सामाजिक- आर्थिक दशा, राष्ट्रीय संपदा में उनकी हिस्सेदारी और शासन से जुड़े संस्थानों में उनके प्रतिनिधित्व को जानने की बात कही थी। (Congress Working Committee Meeting)

खड़गे ने कहा कि समाज का X-RAY इससे होगा, हमारा ये विचार है। इस मांग पर हम लगातार कायम रहे। मुख्य विपक्षी दल के रूप में हमने संविधान बचाओ अभियानों में इस मांग को लगातार मुखरता से उठाया। संसद के भीतर और बाहर लगातार राहुल गांधी ने अपने हर भाषण में इसकी मांग रखी। हमारे सभी साथियों ने इस बात को आगे बढ़ाया। इसलिए मैं आप सभी को इसकी बधाई देता हूं, लेकिन यह हमारे लिए किसी जीत-हार या राजनीति का मुद्दा नहीं है। कांग्रेस हमेशा से ही देश के सामाजिक-आर्थिक पिछड़ेपन और गरीबी के खिलाफ संघर्ष करती आ रही है। हमारे राजनीतिक एजेंडे का ये हिस्सा बना हुआ है। 1931 में जो जातिगत जनगणना हुई, इस गणना के दो महीने पहले महात्मा गांधी ने यंग इंडिया में एक संपादकीय लिखा था और कहा था कि जैसे अपने शरीर की पड़ताल के लिए हम समय-समय पर मेडिकल परीक्षण कराते हैं, जनगणना उसी तरह किसी राष्ट्र का सबसे महत्वपूर्ण परीक्षण होती है। (Congress Working Committee Meeting)

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि गांधी जी ने यह बात भी कही थी कि जनगणना की उपयोगिता तब है जब सरकार जरूरी सूचनाओं का इस्तेमाल बेहतरी के लिए करे। बेशक सरकार ने जातिगत जनगणना कराने की हमारी मांग मान ली है, लेकिन अब हमें यह भी सुनिश्चित करना होगा की यह जातिगत जनगणना सही तरीके से हो। इसके जो नतीजे आएं, उन पर भी अमल हो। उनके हिसाब से नीतियां और कानून बने। मोदी सरकार ने तो 2021 की जनगणना नहीं कराई। आज भी सारा सरकारी काम 2011 की जनगणना के आंकड़ों पर चल रहा है। जातिगत जनगणना का काम RSS की आरक्षण विरोधी सोच के कारण भी मोदी सरकार लगातार टालती रही, लेकिन अब जब जनता इस मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी और सहयोगी दलों के साथ जुड़ने लगी तो मोदी जी के लिए इसे और ज्यादा टालना संभव नहीं रहा, लेकिन अभी भी बजट से लेकर सरकार की नीति और नीयत के कई सवाल कायम हैं। इसलिए हमें इसे अंजाम तक ले जाने तक मुस्तैद रहना है। (Congress Working Committee Meeting)

उन्होंने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर लोगों को गुमराह करने में लगी है। बिहार में उनके बड़े नेता हरेक जिले में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर के इसका श्रेय BJP और प्रधानमंत्री मोदी को देने की कोशिश कर रहे हैं और कांग्रेस पार्टी को ही जातिगत जनगणना का विरोधी बता रहे हैं। इसलिए हमें अपनी रणनीति बनानी होगी। अगर आवश्यक हो तो अपने सहयोगी दलों को साथ लेकर राष्ट्रीय स्तर पर या राज्य स्तर पर पर जो उचित हो सार्वजनिक बैठक करनी चाहिए या फिर पूरे देश में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की बात पर विचार करना चाहिए। इसी विषय पर AICC संचार विभाग ने 1 मई को 90 मिनट की डिटेल प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। आप चाहें तो इसी जानकारी के आधार पर राज्यों में भी प्रेस कॉन्फ्रेंस करवा सकते हैं। अभी बहुत सी बातें राजनीतिक तौर पर उठेंगी, जिसके लिए हमें तैयार रहना है। जातिगत जनगणना और उसके बाद हमारी सभी मांगे सही तरीके से पूरी हो इसे सुनिश्चित करना है। (Congress Working Committee Meeting)



