Urban Election 2026 : छत्तीसगढ़ में दिसंबर 2026 में प्रस्तावित नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस संबंध में राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह की अध्यक्षता में नवा रायपुर स्थित राज्य निर्वाचन आयोग में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चुनावी तैयारियों, परिसीमन, आरक्षण और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में 15 नगरीय निकायों तथा दो नवगठित नगर पंचायतों में प्रस्तावित आम चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश स्थानों पर आवश्यक प्रक्रियाएं अंतिम चरण में हैं। (Urban Election 2026)
इन 17 नगरीय निकायों में होंगे चुनाव
नगर निगम
बीरगांव
भिलाई
भिलाई-चरौदा
रिसाली
नगरपालिका परिषद
जामुल
सारंगढ़
बैकुंठपुर
शिवपुर-चरचा
खैरागढ़
नगर पंचायत
प्रेमनगर
मारो
कोंटा
नरहरपुर
भैरमगढ़
भोपालपट्टनम
नवगठित नगर पंचायत
तमनार
बड़ी करेली
आरक्षण और परिसीमन का कार्य जारी
बैठक में बताया गया कि 15 नगरीय निकायों में महापौर एवं अध्यक्ष पदों का आरक्षण पूरा किया जा चुका है, जबकि वार्ड पार्षदों के आरक्षण की प्रक्रिया जारी है। वहीं, नवगठित नगर पंचायत तमनार में वार्ड आरक्षण तथा बड़ी करेली में वार्ड परिसीमन एवं आरक्षण की कार्रवाई अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।
समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश
राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव से संबंधित सभी प्रशासनिक एवं कानूनी प्रक्रियाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं, ताकि दिसंबर 2026 में प्रस्तावित नगरीय निकायों के आम एवं उपचुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराए जा सकें।