Google Analytics —— Meta Pixel

पत्नी के साथ युवक को आपत्तिजनक हालत में देखा, पति ने टंगिया से की हत्या

मोबाइल पर हुई थी दोस्ती, मध्य प्रदेश से मिलने आया था युवक; केरेगांव थाना पुलिस जांच में जुटी

धमतरी। जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बाजार कुर्रीडीह में अवैध संबंध के शक में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी को एक युवक के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद पति ने गुस्से में टंगिया से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के मंदसौर निवासी शंकर सूर्यवंशी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब एक वर्ष पहले शंकर की मोबाइल फोन के माध्यम से बाजार कुर्रीडीह निवासी एक महिला से पहचान हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और दोनों एक-दूसरे के संपर्क में रहने लगे।

बताया जा रहा है कि बुधवार को शंकर अपनी महिला मित्र से मिलने मंदसौर से धमतरी पहुंचा था। रात में वह महिला के घर पर मौजूद था। इसी दौरान महिला के पति ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इससे आक्रोशित होकर उसने टंगिया से शंकर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से शंकर की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही केरेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में निकाय चुनाव की उल्टी गिनती शुरू, 17 निकायों में होगा मतदान

Back to top button
error: Content is protected !!