Google Analytics —— Meta Pixel

रात की खामोशी में छिपा था खौफनाक प्लान: नशीली दवा से सुलाया पूरा परिवार, सोना लूटा…!

गरियाबंद। एक भरोसेमंद इलाज, आयुर्वेद का दावा और रात की खामोशी… लेकिन इसके पीछे छुपा था एक शातिर अपराध। गरियाबंद जिले (Crime in Gariaband) के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र में नशीली दवा खिलाकर पूरे परिवार को गहरी नींद में सुला देने और सोने के जेवरात पर हाथ साफ करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह सनसनीखेज मामला उस वक्त सामने आया जब भसेरा गांव निवासी टेमन लाल साहू ने थाने पहुंचकर चौंकाने वाली आपबीती सुनाई। पीड़ित के अनुसार रायपुर के रहने वाले सत्यनारायण साहू आयुर्वेदिक इलाज करने के बहाने उनके घर आया। विश्वास में लेकर उसने पहले परिवार के सभी सदस्यों को दवा दी और वही दवा बन गई बेहोशी की साजिश।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ से राष्ट्रीय स्तर पर तैलिक समाज का नया संगठन गठित, राहुल गुप्ता ‘माउंटेन मैन’ बने संस्थापक

रात 9 बजे शुरू हुआ इलाज, सुबह 6 बजे टूटा सन्नाटा

10 दिसंबर की रात करीब 9 बजे से 11 दिसंबर की सुबह 6 बजे के बीच आरोपी ने पूरे परिवार को नशीली दवा खिलाकर बेहोश कर दिया। गहरी नींद के दौरान आरोपी ने घर में मौजूद मां मानबाई साहू के गले से सोने की 5 पत्ती और कानों के खिनवा चोरी कर लिए। सुबह जब परिवार की नींद टूटी, तो इलाज खत्म हो चुका था, लेकिन साथ में खत्म हो चुका था भरोसा भी। गहने गायब थे और इलाज करने वाला तथाकथित वैद्य भी। (Crime in Gariaband)

पुलिस ने सुलझाया रहस्य, आरोपी ने उगला सच

पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में फिंगेश्वर पुलिस और सायबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। आरोपी सत्यनारायण साहू (50 साल), निवासी टिकरापारा, रायपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। चोरी किए गए सभी सोने के जेवरात पुलिस ने बरामद कर जप्त कर लिए। (Crime in Gariaband)

जेल पहुंचा ‘इलाज के नाम पर लूट’ का मास्टरमाइंड

थाना फिंगेश्वर में अपराध क्रमांक 368/2025 धारा 305(ए), 332(सी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को 12 दिसंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। गरियाबंद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा दिए जाने वाले इलाज या दवा पर बिना पुष्टि भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। इलाज के नाम पर ठगी करने वाला सलाखों के पीछे है, लेकिन सतर्कता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।

Back to top button
error: Content is protected !!