Cyber Crime Durg : साइबर ठगी में प्रयुक्त 3 म्यूल बैंक खाते पकड़े गए, तीन आरोपी गिरफ्तार

Cyber Crime Durg : दुर्ग जिले की साइबर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन म्यूल बैंक खातों का पता लगाया है, जिनका उपयोग साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में किया गया था। पुलिस ने इन खातों में जमा ठगी की राशि के आधार पर तीनों खाता धारकों को गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़ें :- monsoon in chhattisgarh : छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक के संकेत, कई जिलों में बारिश और यलो अलर्ट जारी
यह मामला बंधन बैंक की स्मृति नगर, भिलाई शाखा से जुड़ा है, जहां संचालित 13 संदिग्ध बैंक खातों को लेकर साइबर ठगी के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस को तीन बैंक खातों में संदिग्ध ट्रांजैक्शन के सबूत मिले। ये खाते क्रमशः प्रेम प्रकाश बांधे (19 वर्ष), निवासी हरिनगर कातुलबोर्ड दुर्ग; फैजल अहमद (24 वर्ष), निवासी रामनगर सुपेला भिलाई; और देवेन्द्र कुमार गुप्ता (22 वर्ष), निवासी वैशाली नगर भिलाई के नाम पर संचालित थे। (Cyber Crime Durg)
पुलिस जांच में सामने आया कि इन खातों में साइबर ठगी की कुल राशि ₹52,716 जमा हुई थी, जबकि कुल ट्रांजैक्शन राशि ₹1,61,084 थी। साइबर थाना की टीम ने इन सबूतों के आधार पर 23 मई 2025 को तीनों को गिरफ्तार किया।
आरोपियों से पूछताछ के दौरान उन्होंने साइबर ठगी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनके मेमोरेंडम कथन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर उनके खिलाफ ठोस सबूत पाए गए। इसके बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। (Cyber Crime Durg)
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के म्यूल खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी की रकम को ठिकाने लगाने के लिए किया जाता है। आरोपी मामूली लालच या कमीशन के बदले अपने बैंक खाते साइबर अपराधियों को सौंप देते हैं। इस प्रकार की घटनाएं साइबर अपराध के नेटवर्क को मजबूत करती हैं।
साइबर थाना ने आम लोगों से अपील की है कि वे अपने बैंक खातों को किसी अन्य को उपयोग करने न दें और किसी भी संदिग्ध लेन-देन की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही बैंकिंग सुरक्षा नियमों का पालन करें। (Cyber Crime Durg)



