Google Analytics —— Meta Pixel

चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ से आंध्र प्रदेश और ओडिशा में तबाही

100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाएं, कई जिलों में फसलें बर्बाद- ओडिशा में अलर्ट जारी

Cyclone Montha : भीषण चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ ने सोमवार देर रात आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश के चलते कई जिलों में पेड़, बिजली के खंभे और मकान धराशायी हो गए। तूफान की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक दर्ज की गई।

यह भी पढ़े :- नक्सल संगठन को दोहरा झटका, 45 साल से सक्रिय 2 बड़े नक्सली लीडरों ने डाले हथियार

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, चक्रवात ‘मोंथा’ (Cyclone Montha) ने 28 अक्टूबर की रात 11:30 बजे से 29 अक्टूबर की रात 12:30 बजे के बीच आंध्र प्रदेश के काकीनाडा के पास मछलीपटनम और कालिंगपटनम के बीच तट को पार किया। यह प्रक्रिया लगभग पांच घंटे चली और देर रात 12:30 बजे पूरी हुई।

आंध्र में भारी बारिश और नुकसान

तूफान के प्रभाव से आंध्र प्रदेश के मछलीपटनम, काकीनाडा, नेल्लोर, तुनी, नरसापुर और विशाखापत्तनम में भारी वर्षा हुई।

नेल्लोर जिले में 36 घंटे में औसतन 5 सेमी से 7 सेमी तक बारिश दर्ज की गई।

कई जगहों पर जलभराव और बिजली आपूर्ति बाधित रही।

भैरवकोना वाटरफॉल्स में उफान आने से आसपास के क्षेत्रों में भयावह दृश्य सामने आए।

कोनासीमा जिले में पेड़ उखड़ने से एक महिला की मौत की भी सूचना है। राज्य में लगभग 38,000 हेक्टेयर फसलों और 1.38 लाख हेक्टेयर बागवानी फसलों को नुकसान पहुंचा है।

ओडिशा में अलर्ट, राहत शिविरों में शरण

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि राज्य सरकार ने चक्रवात से संभावित प्रभावित 8 दक्षिणी जिलों में 2,000 से अधिक राहत केंद्र स्थापित किए हैं। अब तक 11,000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

राज्य सरकार ने:

  • देवमाली और महेंद्रगिरि पहाड़ियों जैसे पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों का प्रवेश रोका,
  • तटवर्ती क्षेत्रों में लोगों के जाने पर रोक लगाई,
  • 9 जिलों में स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र 30 अक्टूबर तक बंद कर दिए।
  • सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द की गईं हैं, ताकि राहत कार्यों में तेजी लाई जा सके।

रेल और उड़ानों पर असर

पूर्वी तट रेलवे ने वाल्टेयर क्षेत्र और उससे जुड़े मार्गों पर कई ट्रेनों को रद्द या डायवर्ट किया है।
कई उड़ानें भी सुरक्षा कारणों से स्थगित की गईं।

IMD का अपडेट –  तूफान हुआ कमजोर

भारतीय मौसम विभाग ने आज बुधवार तड़के बताया कि तटीय आंध्र प्रदेश को पार करने के बाद ‘मोंथा’ (Cyclone Montha) कमजोर पड़कर एक सामान्य चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है।अब यह 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है और अगले छह घंटों में गहरे दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है।

मुख्य तथ्य एक नजर में

  • तूफान की अधिकतम रफ्तार: 100 किमी/घंटा
  • सबसे अधिक प्रभावित राज्य: आंध्र प्रदेश, ओडिशा
  • मृतक: 1 (कोनासीमा जिला)
  • फसल नुकसान: 1.76 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र प्रभावित
  • राहत शिविर: 2,048 केंद्रों में 11,396 लोग सुरक्षित
  • स्कूल बंद: ओडिशा के 9 जिलों में 30 अक्टूबर तक
Back to top button
error: Content is protected !!