Google Analytics —— Meta Pixel

CG NEWS : घर की बहू ही निकली कातिल, ससुर की हत्या की साजिश का 24 घंटे में खुलासा

पारिवारिक विवाद बना हत्या की वजह, चार आरोपी गिरफ्तार; वारदात में इस्तेमाल सामान भी बरामद

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर एक ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए मृतक की बहू समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना दुलदुला क्षेत्र में 70 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या के मामले की जांच में सामने आया कि पारिवारिक विवाद के चलते बहू ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर ससुर की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का फट्टा, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, थाना दुलदुला क्षेत्र के ग्राम बोड़ाजोर निवासी चुगरू (गुंगरू) प्रधान (70) 4 जुलाई को अपने घर में मृत अवस्था में मिले थे। उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझा ली।

जांच में पता चला कि मृतक का अपनी बहू सुगंती बेसरा (36) से लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने परिचित साहिल उर्फ राजा खान (22), आनंद यादव (20) और रोहित सिंह (21) के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

पुलिस के मुताबिक, 3 और 4 जुलाई की दरम्यानी रात चारों आरोपी मोटरसाइकिल से बुजुर्ग के घर पहुंचे। दरवाजा खुलवाने के बाद उन्होंने लकड़ी के फट्टे और मुक्कों से हमला किया। इसके बाद हाथ-पैर बांधकर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, जिससे दम घुटने और गंभीर चोटों के कारण बुजुर्ग की मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का फट्टा, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

यह भी पढ़े :- ‘दान चोरी’ से आहत महंत नृत्य गोपाल दास, पीएम और सीएम से की हस्तक्षेप की अपील

Back to top button
error: Content is protected !!