मातम में बदला खुशी का माहौल, बड़े बेटे की सगाई से एक दिन पहले परिवार खत्म

Death By Smoke: गुजरात के पंचमहल जिले में दर्दनाक हादसा हुआ है, जहां गोधरा में गुरुवार देर रात वृंदावन नगर-2 सोसाइटी में रहने वाले ज्वेलरी व्यवसायी कमल दोशी के परिवार के चार सदस्यों की घर में फैले जहरीले धुएं में दम घुटने से मौत हो गई। घटना इतनी दर्दनाक थी कि जिस घर से सुबह बड़े बेटे देव की सगाई के लिए परिवार को निकलना था, उसी घर से चारों की अर्थियां उठी। जानकारी के मुताबिक देर रात घर के ग्राउंड फ्लोर पर लगे स्प्लिट एसी में शॉर्ट सर्किट हुआ। इससे नीचे रखे लकड़ी के सोफे में आग लग गई।
यह भी पढ़ें:- चलती कार में ड्राइवर को आया हार्ट अटैक, अनियंत्रित कार ने ली 4 जानें, 3 घायल
घर पूरी तरह कांच से बंद था, जिसके कारण धुआं बाहर नहीं निकल सका। कुछ ही मिनटों में पूरा घर जहरीले धुएं से भर गया और सोते हुए परिवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला। मृतकों में कमलभाई दोशी (50), देवलबेन (45), देव दोशी (24) और राज दोशी (22) शामिल हैं। परिवार गुरुवार देर रात तक बड़े बेटे देव की सगाई की तैयारियों में लगा हुआ था। उन्हें सुबह वापी के लिए निकलना था, लेकिन रात में आग और धुएं ने उनकी खुशियां मातम में बदल दी। (Death By Smoke)
एसी में शॉर्ट सर्किट
सुबह करीब 7 बजे पड़ोसियों ने घर से धुआं उठते देखा और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। टीम ने आग पर काबू पाने के बाद अंदर प्रवेश किया, लेकिन चारों सदस्य बेहोश पड़े मिले। उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। ए-डिविजन पुलिस स्टेशन के अधिकारी आरएम वसैया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग का कारण एसी में शॉर्ट सर्किट पाया गया है। वर्धमान ज्वेलर्स के नाम से पहचान रखने वाला दोशी परिवार शहर में जाना-पहचाना नाम था। (Death By Smoke)
चार युवकों की दम घुटने से मौत
UP के कानपुर में 20 नवंबर की रात पनकी इंडस्ट्रियल एरिया में चार युवक एक फैक्टरी के कमरे में आग जलाकर सो गए। कमरे में जल रहे कोयले ने कार्बन मोनोऑक्साइड गैस पैदा की और रातभर में दम घुटने से चारों की मौत हो गई। सुबह कर्मचारियों ने दरवाजा तोड़कर शवों को बाहर निकाला। 19 नवंबर को कर्नाटक के बेलगावी स्थित अमन नगर में तीन युवक ठंड से बचने के लिए कमरे में चारकोल स्टोव जलाकर सो गए। कमरे में वेंटिलेशन नहीं था। धुआं भरने से ऑक्सीजन की कमी हुई और कार्बन मोनोऑक्साइड फैलने से तीनों की मौत हो गई। एक युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो साल पहले बेंगलुरु जिले में एक पोल्ट्री फार्म में सो रहे चार लोगों की मौत भी इसी तरह कमरे में धुआं भर जाने से हुई थी।
जानिए जहरीले धुएं से कैसे होती है मौत ?
- सांस के साथ धुआं फेफड़ों में जाता है।
- शरीर को ऑक्सीजन कम मिलने लगती है, क्योंकि कार्बन मोनोऑक्साइड खून में जगह ले लेती है।
- चक्कर और बेहोशी आने लगती है।
- धुआं ज्यादा होने पर कुछ ही मिनटों में दम घुटने से मौत हो सकती है।
अचानक कमरे में धुआं भर जाए तो क्या करें ?
- नाक-मुंह को गीले कपड़े से ढकें।
- नीचे झुककर चलें, क्योंकि धुआं ऊपर जमा होता है।
- दरवाजा खोलने से पहले उसका तापमान जांचें।
- सबसे पास के खिड़की या निकास से बाहर निकलें।
- लिफ्ट का उपयोग न करें, हमेशा सीढ़ियों का इस्तेमाल करें।
- सुरक्षित जगह पहुंचकर तुरंत फायर ब्रिगेड को कॉल करें।



