लाल किला ब्लास्ट को लेकर कल होगी गृह मंत्रालय की हाई-लेवल बैठक, सभी एंगल से जांच के निर्देश

Delhi Car Blast: दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक हुंडई i20 कार में जोरदार विस्फोट हुआ, जिसमें अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि कई लोगों का इलाज लोक नायक अस्पताल में जारी है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। साथ ही ट्वीट कर कहा कि दिल्ली में हुए विस्फोट में लोगों की मौत से मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता, जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदना है। विस्फोट स्थल का दौरा किया और अस्पताल में घायलों से भी मुलाकात की। मैं उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। शीर्ष एजेंसियां पूरी तत्परता से घटना की जांच कर रही हैं और घटना की गहराई से जांच करेंगी।
यह भी पढ़ें:- दिल्ली ब्लास्ट में अब तक 11 लोगों की मौत, 24 घायल, कई राज्यों में हाई अलर्ट
शाह ने कहा कि आज शाम लगभग 7 बजे लाल किले के पास कार में विस्फोट हुआ। विस्फोट के कारण 3-4 वाहन क्षतिग्रस्त हुए। हमने सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच शुरू कर दी है। विस्फोट की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, क्राइम ब्रांच, NIA टीम, SPG टीम और FSL टीम घटनास्थल पर पहुंच गई और तेजी से सभी जांच कर रही है। मुझे उम्मीद है कि हमारी एजेंसियां जल्द ही विस्फोट के कारणों का पता लगा लेंगी। विस्फोट की खबर मिलते ही मुझे प्रधानमंत्री का फोन आया। प्रारंभिक जानकारी लेने के बाद मैंने प्रधानमंत्री को भी जानकारी दी। कल सुबह गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम के साथ बैठक कर विस्तृत जानकारी ली जाएगी। (Delhi Car Blast)

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि सभी एंगल से जांच कर रहे हैं। यह कहना बहुत मुश्किल है कि घटना का कारण क्या था। जब तक विस्फोट स्थल से बरामद नमूनों का FSL और NSG की ओर से विश्लेषण नहीं किया जाता, तब तक इसके बारे में कुछ भी कहना मुश्किल है। हालांकि हम किसी भी एंगल को बंद नहीं मानते हैं। हम दृढ़ता के साथ सभी एंगल की जांच करेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि मैं दिल्ली में हुए विस्फोट में जान गंवाने वालों के परिवारों और दोस्तों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि लाल किले के पास हुई कार विस्फोट की घटना अत्यंत पीड़ादायक और चिंताजनक है।

CM गुप्ता ने कहा कि इस दुखद हादसे में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि घायल जल्द स्वस्थ हों। प्रभावित लोगों की हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है। दिल्ली पुलिस, एनएसजी, एनआईए और एफएसएल की टीमें मिलकर पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हैं। सभी दिल्लीवासियों से निवेदन है कि अफवाहों से बचें और शांति बनाए रखें। कृपया केवल पुलिस और प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें। जानकारी के मुताबिक जिस कार में धमाका हुआ। वो हरियाणा के गुरुग्राम के नदीम खान के नाम पर रजिस्टर्ड थी। नदीम ने यह कार 2 साल पहले दिल्ली के सलमान को बेची थी। फिलहाल पुलिस ने सलमान को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है।

इधर, तबलीगी जमात के 7 लोगों को कैसर बाग बस अड्डे से पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। दिल्ली के पूर्व CM अरविंद केजरीवाल ने कहा कि लाल किले के पास हुए धमाके की खबर बेहद चिंताजनक है। बताया जा रहा है कि इसमें कुछ लोगों की जान भी गई है, ये बेहद दुखद है। पुलिस और सरकार को तुरंत इसकी जांच करनी चाहिए कि ये धमाका कैसे हुआ और क्या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं है। दिल्ली की सुरक्षा को लेकर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि लाल किले के पास हुए धमाके की खबर बेहद चिंताजनक है। घटना की पूरी जांच जल्द से जल्द होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो सके। दिल्ली की जनता की सुरक्षा हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण है।
AAP ने की जांच की मांग
दिल्ली के पूर्व मंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली में हुए विस्फोट की खबर बेहद चिंताजनक है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रार्थना है कि दिल्ली और देश के सभी नागरिक सुरक्षित रहें। ऐसे समय में शांति और संयम बनाए रखना ही सबसे बड़ी ताकत है- आतंक और भय का जवाब हमारी एकजुटता से ही दिया जा सकता है। जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा कि दिल्ली में हुए दुखद कार विस्फोट के बारे में सुनकर मुझे गहरा सदमा और दुख हुआ। मेरी संवेदना उन परिवारों के साथ है, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है, कोई भी शब्द उनके दुख को कम नहीं कर सकता। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं और आशा करता हूं कि इस त्रासदी के कारणों का जल्द ही पता लगाया जाएगा। (Delhi Car Blast)



