Google Analytics —— Meta Pixel

दिल्ली होटल अग्निकांड: अवैध निर्माण, बंद रास्ते और लापरवाही ने ली 21 जानें, 11 विदेशी नागरिकों की भी मौत

Delhi Hotel Fire: दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे होटल में बुधवार सुबह लगी भीषण आग ने 21 लोगों की जिंदगी छीन ली। हादसे में 11 विदेशी और 10 भारतीय नागरिकों की मौत हुई है, जबकि 35 से ज्यादा लोग घायल हैं। मृतकों में कई ऐसे लोग शामिल हैं जो इलाजरत परिजनों से मिलने दिल्ली आए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि होटल में गंभीर सुरक्षा खामियां थीं, जिनके कारण आग कुछ ही मिनटों में मौत के जाल में बदल गई। पुलिस ने होटल के सह-मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। प्रशासनिक जांच में खुलासा हुआ है कि होटल को केवल 6 कमरों की अनुमति मिली थी, लेकिन पांच मंजिला इमारत में 25 से ज्यादा कमरे बना दिए गए थे। होटल के पास वैध फायर एनओसी भी नहीं थी।

यह भी पढ़ें:- दिल्ली होटल आग पर वर्ल्ड मीडिया की तीखी प्रतिक्रिया, अल जजीरा ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल, BBC ने कहा- इलाज के लिए आए विदेशी भी बने शिकार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे होटल में आग लगी। आग लगने के कुछ ही मिनटों में धुआं पूरी इमारत में फैल गया। ऊपरी मंजिलों पर ठहरे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। कई लोग उस समय सो रहे थे। सूचना मिलते ही दमकल, पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। संयुक्त बचाव अभियान में 58 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान 10 पुलिसकर्मी भी घायल हुए। मैक्स अस्पताल के अनुसार 39 लोगों को अस्पताल लाया गया, जिनमें से 18 की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। कई घायलों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और कुछ मरीज वेंटिलेटर पर हैं। हादसे में गुरुग्राम निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट विवेक अग्रवाल और उनके परिवार के आठ सदस्यों की मौत हो गई। विवेक अपने पिता का हालचाल जानने दिल्ली आए थे, जो अस्पताल में भर्ती थे। आग के बीच विवेक ने एक रिश्तेदार को फोन कर कहा था कि भाई, शायद हम बच नहीं पाएंगे। (Delhi Hotel Fire)

हादसे की पांच बड़ी वजहें आईं सामने

इस हादसे में विवेक अग्रवाल, उनकी पत्नी तर्जनी, मां प्रेमलता, बेटियां जीविषा और वार्या, रिश्तेदार झावेरी, मामा अशोक गोयल और मौसी कमला की जान चली गई। वहीं अजमेर निवासी कारोबारी अशोक पंसारी, उनकी बुआ और फूफा की भी मौत हो गई। वे भी अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार से मिलने दिल्ली आए थे। जांच में कई गंभीर खामियां सामने आई हैं, जिन्होंने आग को भयावह रूप दिया। होटल में आने-जाने का सिर्फ एक रास्ता था। खिड़कियां पूरी तरह सील थीं और वेंटिलेशन की व्यवस्था नहीं थी। बाहरी फायर एस्केप या इमरजेंसी निकास मौजूद नहीं था। स्मोक डिटेक्टर, फायर अलार्म और स्प्रिंकलर सिस्टम या तो काम नहीं कर रहे थे या पर्याप्त नहीं थे। ग्राउंड फ्लोर पर भारी संख्या में एलपीजी सिलेंडर रखे गए थे, जिनके लिए अलग सुरक्षा प्रबंधन नहीं था। विशेषज्ञों के मुताबिक ऐसी इमारतें आग लगने पर चिमनी इफेक्ट पैदा करती हैं, जिसमें धुआं और गर्मी तेजी से ऊपरी मंजिलों तक पहुंच जाती है।

सेंसर वाला मुख्य गेट और बंद खिड़कियां बने मौत का जाल

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगने के दौरान होटल का सेंसर आधारित मुख्य गेट बंद हो गया था। इससे अंदर फंसे लोगों का बाहर निकलना और मुश्किल हो गया। पांच मंजिला इमारत में एक ही प्रवेश और निकास मार्ग था। बंद खिड़कियों और धुएं के कारण लोग दम घुटने से बेहोश होने लगे। कई लोग जान बचाने के लिए खिड़कियों और बालकनियों से लटक गए, जबकि कुछ को मजबूरी में नीचे छलांग लगानी पड़ी। अधिकारियों के मुताबिक ग्राउंड फ्लोर पर रेस्टोरेंट संचालित था, जबकि बेसमेंट और ऊपरी मंजिलों का उपयोग होटल के रूप में किया जा रहा था। आग लगने के बाद कई लोग बेसमेंट में फंस गए। स्थानीय लोगों का दावा है कि बेसमेंट का दरवाजा बंद था और उसे खोलने में दमकलकर्मियों को 20 मिनट से ज्यादा समय लग गया। आखिरकार लोहे की ग्रिल काटकर लोगों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।

चश्मदीदों ने सुनाई खौफनाक कहानी

होटल के सामने रहने वाली अंजुम ने बताया कि उन्होंने सुबह 8 बजे ही दमकल विभाग को फोन कर दिया था, लेकिन दमकल वाहन देर से पहुंचे। स्थानीय निवासी ने बताया कि उन्होंने धुएं का गुबार देखा तो तुरंत मौके पर पहुंचे और राह से गुजर रही एम्बुलेंसों को रोककर घायलों को अस्पताल भिजवाया। वहीं एक अन्य ने बताया कि कई लोग धुएं के कारण बेहोश हो चुके थे। स्थानीय युवकों ने मौके पर ही सीपीआर देकर कई लोगों की जान बचाने की कोशिश की। फायर ब्रिगेड पहुंचने से पहले इलाके के लोग ही राहत कार्य में जुट गए। होटल के सामने कंबल और गद्दों की दुकान चलाने वाले अरमान ने अपनी दुकान से नए गद्दे और रजाइयां निकालकर सड़क पर बिछा दीं। इसी दौरान ऊपरी मंजिलों से कूदने वाले कई लोग इन गद्दों पर गिरे, जिससे उनकी जान बच सकी। एक विदेशी महिला ने चौथी मंजिल से छलांग लगाई, लेकिन गद्दों पर गिरने के कारण वह बच गई। (Delhi Hotel Fire)

होटल मालिक की सफाई, कहा- मैं संचालन नहीं देखता था

स्थानीय युवकों अफजल, शाहरुख, अनीस, आमिर और वसीम ने भी बचाव कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई और कई लोगों को सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया। गिरफ्तार होटल मालिक लवकेश बजाज ने पुलिस पूछताछ में दावा किया है कि वह स्वयं होटल का संचालन नहीं देखता था। उसके अनुसार होटल का मैनेजमेंट, बिलिंग और अकाउंट्स किसी अन्य व्यक्ति के जिम्मे था। उसने यह भी कहा कि होटल में किए गए कई निर्माण और मॉडिफिकेशन उसे सलाह देने वाले लोगों के सुझाव पर किए गए थे, जिन्होंने उसे बताया था कि दिल्ली में इस तरह के बदलाव सामान्य हैं। हालांकि पुलिस इस दावे की जांच कर रही है। (Delhi Hotel Fire)

हाईकोर्ट ने पांच महीने पहले ही जताई थी चिंता

दिल्ली हाईकोर्ट में दायर एक जनहित याचिका में दावा किया गया था कि राजधानी में करीब एक हजार लाइसेंसी होटल और गेस्ट हाउस संचालित हैं, लेकिन उनमें से सिर्फ 52 के पास वैध फायर एनओसी है। 7 जनवरी 2026 को हाईकोर्ट ने दिल्ली सरकार, एमसीडी और एनडीएमसी को फायर सेफ्टी को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए थे। याचिकाकर्ताओं ने बड़ी संख्या में बिना सुरक्षा मानकों वाले होटलों के संचालन पर चिंता जताई थी। सुनवाई के करीब पांच महीने बाद यह बड़ा हादसा सामने आया है, जिसने फायर सेफ्टी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार जनवरी 2021 से मई 2026 के बीच दिल्ली में विभिन्न दुर्घटनाओं में 6,466 लोगों की मौत हुई है और 14,857 लोग घायल हुए हैं। इनमें केवल आगजनी की घटनाओं में 445 लोगों की जान गई, जबकि 3,193 लोग घायल हुए। मालवीय नगर का यह अग्निकांड राजधानी में फायर सेफ्टी नियमों के पालन, अवैध निर्माण और प्रशासनिक निगरानी की विफलता का एक बड़ा उदाहरण बनकर सामने आया है। अब जांच एजेंसियां आग लगने के वास्तविक कारणों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!