Google Analytics —— Meta Pixel

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मचा भगदड़, 3 बच्चों समेत 18 लोगों की हुई मौत

Delhi Railway Station Stampede: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात भगदड़ मच गई, जिसमें 14 महिला, 3 बच्चे समेत 18 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 25 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल यानी LNJP ने मौतों की पुष्टि की है। हादसा प्लेटफॉर्म नंबर 13, 14 और 15 के बीच हुआ। दरअसल, महाकुंभ जाने के लिए स्टेशन पर शाम 4 बजे से भीड़ जुटने लगी थी। रात को करीब 8:30 बजे प्रयागराज जाने वाली 3 ट्रेनें लेट हो गई, जिससे भीड़ बढ़ती चली गई और भगदड़ मच गई। ज्यादातर यात्री प्रयागराज जाने के लिए पहुंचे थे। इससे पहले 29 जनवरी को प्रयागराज के महाकुंभ में 30 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं 10 फरवरी 2013 को कुंभ के दौरान प्रयागराज स्टेशन पर हुई भगदड़ में 36 लोगों की जान गई थी। 

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में बीजेपी को प्रचंड जीत, बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कहा- डबल इंजन की सरकार पर जनता का विश्वास

DCP रेलवे KPS मल्होत्रा ​​ने कहा कि दो ट्रेनों के देरी से चलने और यात्रियों की ज्याजा संख्या के कारण भीड़ बहुत अधिक हो गई थी। 15-20 मिनट के अंतराल में भारी भीड़ के कारण यह स्थिति हुई। यह तब हुआ जब एक विशेष ट्रेन की घोषणा की गई और लोग उस ट्रेन को पकड़ने की कोशिश कर रहे थे। DCP रेलवे KPS ने कहा कि हमने भीड़ का अंदाजा लगया था, लेकिन यह घटना बहुत कम समय में घटित हुई। रेलवे की ओर से तथ्यों की जांच की जाएगी। जांच के बाद हम घटना के पीछे के कारणों का पता लगाएंगे।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण भगदड़ से बहुत दुख हुआ। मेरी प्रार्थना उन सभी लोगों के साथ है जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। पूरी टीम इस दुखद घटना से प्रभावित सभी लोगों की सहायता के लिए काम कर रही है। रेल मंत्री ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। यात्रियों के लिए चार विशेष ट्रेनें चलाई गई हैं। कुछ और विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की जा रही है। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कोई RPF या पुलिस नहीं थी। स्टेशन पर भारी भीड़ थी। 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। मेरे रिश्तेदार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रेलवे के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने कहा कि कल शाम को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की संख्या आम दिनों से काफी ज्यादा थी, जिसे देखते हुए रेलवे ने नियमित ट्रेनों के साथ-साथ स्पेशल ट्रेनें भी चलाईं। कुछ देर के लिए यात्रियों की संख्या काफी ज्यादा हो गई, जिसके चलते यह घटना हुई। मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय उच्च स्तरीय कमेटी गठित की गई है। स्थिति नियंत्रण में है, यात्रियों को विशेष ट्रेन से भेज दिया गया है। रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की आवाजाही अब सामान्य है। इधर, AAP नेता आले मोहम्मद इकबाल ने LNJP अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और घटना के बारे में जानकारी ली।

दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने अस्पताल पहुंचकर घायल लोगों से मुलाकत की। उन्होंने कहा कि घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। दिल्ली पुलिस रेलवे स्टेशन पर है। ट्रेनों की आवाजाही अब सामान्य है। स्थिति नियंत्रण में है। दिल्ली की कार्यवाहक मुख्यमंत्री और AAP नेता आतिशी ने कहा कि महाकुंभ के लिए जा रहे श्रद्धालुओं के साथ इस तरह की घटना बेहद दुखद है। लोगों की सुरक्षा की ना केंद्र सरकार को कोई फिक्र है और ना ही आगे यूपी सरकार को। ना प्रयागराज में कोई व्यवस्थाएं हैं और ना ही देश के अलग-अलग राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यातायात के कोई ठोस इंतजाम है। रेलवे विभाग से मेरी विनती है कि लोगों को जल्द से जल्द मदद पहुंचाएं।

दिल्ली की कार्यवाहक मुख्यमंत्री आतिशी ने अस्पताल पहुंचकर घायल लोगों से मुलाकात की।उन्होंने कहा कि कई लोग घायल भी हैं, जिनका इलाज जारी है। पीड़ित परिवारों की मदद के लिए हमारे दो विधायक अस्पताल में ही मौजूद हैं। इस हादसे में जिन परिवारों ने अपनों को खोया, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर सभी को यह दुःख सहने की शक्ति दें। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने LNJP अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की। शिवसेना नेता शाइना एनसी ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण खबर है। भगदड़ में 18 लोगों की मृत्यु हुई है। दिल्ली पुलिस इस दुर्घटना की जांच कर रही है। हम चाहते हैं कि सच्चाई जल्द सामने आए और प्रशासन उचित कार्रवाई करे।

Back to top button
error: Content is protected !!