पश्चिम एशियाई संकट के बीच गैस आपूर्ति पर मंथन, निगम आयुक्त की अध्यक्षता में हुई महत्वपूर्ण बैठक

Zila Panchayat Raipur : रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशानुसार नगर निगम रायपुर के आयुक्त विश्वदीप की अध्यक्षता में पश्चिम एशियाई संकट के परिप्रेक्ष्य में गैस आपूर्ति को लेकर औद्योगिक संघों एवं प्रमुख औद्योगिक इकाइयों की महत्वपूर्ण बैठक कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर भी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े :- खेल सुविधाओं का विस्तार युवाओं को नई दिशा और अवसर देता है: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
औद्योगिक इकाइयों ने रखी समस्याएं
बैठक के दौरान आयुक्त विश्वदीप ने उपस्थित प्रतिनिधियों से परिचय प्राप्त कर चर्चा प्रारंभ की। औद्योगिक संघों के पदाधिकारियों ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा व्यवसायिक उपयोग हेतु 70 प्रतिशत क्षमता के अनुसार गैस उपलब्ध कराने के निर्देश हैं, लेकिन औद्योगिक उपयोग के लिए गैस की आपूर्ति नहीं हो रही है।
उन्होंने बताया कि कई इकाइयां जैसे प्लास्टिक कंटेनर निर्माण इकाइयां पूरी तरह एलपीजी गैस पर निर्भर हैं, जबकि कुछ इकाइयों में सहायक रूप से गैस का उपयोग होता है। गैस की कमी के कारण कई उद्योग बंद होने की कगार पर हैं और कुछ सीमित क्षमता से संचालित हो रहे हैं।
शासन को अवगत कराने के निर्देश
आयुक्त विश्वदीप ने सभी औद्योगिक इकाइयों को अपनी गैस आवश्यकताओं की जानकारी शासन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। अपर कलेक्टर राठौर ने स्पष्ट किया कि गैस वितरण केवल घरेलू एवं व्यवसायिक दो श्रेणियों में होता है और उद्योगों को भी व्यवसायिक श्रेणी के अंतर्गत ही गैस उपलब्ध कराई जाती है।
उन्होंने आश्वस्त किया कि उपलब्ध स्टॉक एवं शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार औद्योगिक इकाइयों को गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
प्रमुख अधिकारी एवं प्रतिनिधि रहे उपस्थित
बैठक में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र रायपुर के मुख्य महाप्रबंधक एम.एस. पैकरा, खाद्य नियंत्रक भूपेन्द्र मिश्रा सहित उरला एसोसिएशन से नीरज अग्रवाल, केट से अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ रोलिंग मिल एसोसिएशन से नितिन कुमार, छत्तीसगढ़ प्लास्टिक निर्माता संघ से संतोष जैन, छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स से जितेन्द्र सादिजा एवं विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। (Zila Panchayat Raipur)
समाधान की दिशा में पहल
बैठक में उद्योगों को प्रभावित करने वाली गैस आपूर्ति की समस्या के समाधान हेतु समन्वित प्रयास करने और शासन स्तर पर आवश्यक कदम उठाने की दिशा में सहमति बनी। (Zila Panchayat Raipur)



