Google Analytics —— Meta Pixel

दिल्ली, इंदौर के बाद अब लखनऊ, क्या डिजिटल लॉक बन रहे हैं मौत का दरवाजा ?

Digital Lock Proves Fatal: तकनीक इंसानों की जिंदगी आसान बनाने के लिए बनाई जाती है, लेकिन जब वही तकनीक आपदा के वक्त रास्ता रोक दे तो वह सुविधा नहीं, खतरा बन जाती है। लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जिनमें ज्यादातर छात्र थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कई छात्र जान बचाने के लिए इमारत से कूदने को मजबूर हो गए। हादसे के बाद अब डिजिटल लॉक और इलेक्ट्रॉनिक एंट्री सिस्टम की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जानकारी के मुताबिक आग लगने के बाद इमारत में धुआं तेजी से भर गया। कई लोगों के बाहर नहीं निकल पाने की वजह डिजिटल लॉक और सीमित निकासी व्यवस्था को माना जा रहा है, जिस सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक और स्मार्ट बताया जाता है, वही आपातकाल में लोगों के लिए फंदा बन गई।

यह भी पढ़ें:- Iran-US Talks: ट्रंप ने ईरान को दी चेतावनी, परमाणु जांच नहीं तो बातचीत खत्म

दरअसल, यह पहली बार नहीं है, जब आग लगने के बाद बंद दरवाजे लोगों की मौत की वजह बने हों। महज तीन हफ्ते पहले 3 जून को दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में 23 लोगों की मौत हो गई थी। जांच में सामने आया कि होटल में सिर्फ एक एंट्री-एग्जिट था, कई खिड़कियां सील थीं, छत का निकास बंद था और सेंसर-ऑपरेटेड गेट आग के दौरान काम नहीं कर पाए। नतीजा यह हुआ कि दर्जनों लोग धुएं और आग के बीच इमारत में फंस गए और होटल मौत का जाल बन गया। इससे पहले 3 मई को दिल्ली के विवेक विहार इलाके में हुए भीषण अग्निकांड में 8 लोगों की मौत हो गई थी। बताया गया कि आग की वजह से दरवाजे लॉक हो गए थे और अंदर मौजूद लोग समय रहते बाहर नहीं निकल सके। बचाव कार्य में भी काफी मुश्किलें आई थी। (Digital Lock Proves Fatal)

18 मार्च को 8 लोगों की हुई थी मौत

18 मार्च को इंदौर के एनेक्स कॉलोनी में भी इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग के दौरान लगी आग के बाद डिजिटल लॉक नहीं खुलने की घटना ने लोगों को झकझोर दिया था। बिजली बाधित होने के बाद दरवाजा नहीं खुला और एक ही परिवार के 8 लोगों की मौत हो गई। इस घटना ने पहली बार बड़े स्तर पर डिजिटल लॉक सिस्टम की विश्वसनीयता पर बहस छेड़ी थी। अब अगर इन चारों घटनाओं को एक साथ देखा जाए तो तस्वीर डराने वाली है। इंदौर में 8, दिल्ली में 31 और अब लखनऊ में 15 लोगों की मौत। यानी कुछ ही महीनों के भीतर 54 लोगों की जान ऐसे हादसों में चली गई, जहां आग के साथ-साथ निकासी व्यवस्था भी बड़ी वजह बनकर सामने आई। विशेषज्ञों का मानना है कि डिजिटल लॉक अपने आप में खराब तकनीक नहीं है, लेकिन अगर उसमें मैनुअल ओपनिंग सिस्टम, फायर सेफ्टी मोड, बैकअप पावर और इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था नहीं है, तो वह किसी भी इमारत को मौत के जाल में बदल सकता है। खासतौर पर कोचिंग सेंटर, होटल, हॉस्टल, अस्पताल और व्यावसायिक परिसरों में ऐसे सिस्टम के साथ अतिरिक्त सुरक्षा उपाय अनिवार्य होने चाहिए।

क्या डिजिटल लॉक सचमुच सुरक्षा का साधन हैं ?

लखनऊ हादसे के बाद यही सवाल सबसे ज्यादा उठ रहा है कि आखिर बार-बार हो रहे इन हादसों से सबक क्यों नहीं लिया जा रहा। लोगों का गुस्सा सिर्फ तकनीक पर नहीं, बल्कि उन संस्थानों और अधिकारियों पर भी है, जो फायर सेफ्टी मानकों की अनदेखी करते हैं। लखनऊ, दिल्ली और इंदौर शहर अलग-अलग हैं, लेकिन कहानी एक जैसी है। आग लगती है, लोग बचने की कोशिश करते हैं, लेकिन बंद रास्ते और फेल होती सुरक्षा व्यवस्था उनकी जिंदगी छीन लेती है। सवाल यही है कि क्या स्मार्ट सुरक्षा के नाम पर हम ऐसे सिस्टम खड़े कर रहे हैं, जो मुसीबत के वक्त सुरक्षा नहीं, मौत का दरवाजा बन जाते हैं ? तकनीक जिंदगी को आसान बनाने के लिए है, लेकिन अगर वही तकनीक संकट के वक्त रास्ता बंद कर दे तो सवाल उठना लाजिमी है। आखिर कब तक आग से ज्यादा खतरनाक साबित होते रहेंगे बंद दरवाजे और फेल होती सुरक्षा व्यवस्थाएं ? क्या डिजिटल लॉक सचमुच सुरक्षा का साधन हैं या फिर मौत का नया दरवाजा बनते जा रहे हैं ? (Digital Lock Proves Fatal)

Back to top button
error: Content is protected !!