Google Analytics —— Meta Pixel

PM मोदी के बयान के बाद विपक्ष के नेताओं ने अपनाया टैग, चिदंबरम से केजरीवाल-महबूबा से लेकर महुआ तक ने कहा- मैं दिमागी नक्सल हूं

Dimagi Naxal Hu Tag: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस के संबोधन में इस्तेमाल किए गए दिमागी नक्सल शब्द को लेकर देश की सियासत में घमासान मचा हुआ है। प्रधानमंत्री ने लाल किले की प्राचीर से कहा था कि हथियारबंद नक्सली तो गए, लेकिन दिमागी नक्सल अभी मौके की तलाश में हैं और समाज को गलत राह पर ले जाने के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। PM मोदी के इस बयान के बाद विपक्षी नेताओं ने इसे लेकर सवाल खड़े किए। खास बात यह रही कि कुछ नेताओं ने प्रधानमंत्री के इस्तेमाल किए गए इसी शब्द को पलटवार के तौर पर अपनाते हुए खुद को दिमागी नक्सल बताना शुरू कर दिया। इस सूची में कांग्रेस के पी. चिदंबरम, AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल, AAP नेता सौरभ भारद्वाज, PDP प्रमुख महबूबा मुफ्ती और TMC सांसद महुआ मोइत्रा के नाम शामिल हैं।

यह भी पढ़ें:- PM मोदी के ‘दिमागी नक्सल’ वाले बयान पर बवाल, बैज ने इसे युवाओं से जोड़ा, कहा- युवा नक्सली नहीं, देश का भविष्य हैं, साव बोले- ऐसे लोगों से सावधान रहें

PM मोदी के बयान के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम ने इस शब्द पर पलटवार किया। चिदंबरम ने कहा कि मुझे दिमागी नक्सल होने पर गर्व है। उनके इस बयान के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर हमला बोल दिया। भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि ये बहुत ही शर्मनाक और भर्त्सना योग्य है। प्रधानमंत्री ने दिमागी नक्सल की बात की थी, जो अर्बन नक्सल होते हैं, जो माओवादी आंदोलन को खाद-पानी देते हैं। उनकी हिंसा को एक बौद्धिक रंग देते हैं। संविधान में विश्वास नहीं करते। चिदंबरम साहब क्या आप उसी पर चल रहे हैं? ये कांग्रेस का क्रूर चेहरा है, जो सत्ता के लिए नक्सलवाद का समर्थन करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि चिदंबरम आपकी इस बेहद गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी का क्या मतलब है? आप इतनी अच्छी अंग्रेजी बोलते हैं। आप समझ गए होंगे कि प्रधानमंत्री ने क्या कहा और किस संदर्भ में कहा ? प्रधानमंत्री का कहना था कि मोदी सरकार और अमित शाह की दूरदर्शी नीतियों की वजह से नक्सलवाद और माओवाद खत्म हो गए हैं इस पर खुद को दिमागी नक्सल बताकर क्या कहना चाहते हैं वो ? हम इसकी कड़े शब्दों में निंदा करते हैं ?

PAK के वकील

भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि पी. चिदंबरम जैसे लोगों की लंबी कतार है, जो रोज नेशनल चैनलों पर आकर बहस करते हैं। ये लोग चाहते हैं कि देश पुराने दौर में ही रहे, बैलगाड़ी वाला देश ही रहे। यहां पर मेट्रो रेल न बने या कोई अन्य परियोजनाएं न बनें, जो लोग इन परियोजनाओं को रोकते हैं उनका वही नक्सलवादी दिमाग है, जिसका जिक्र प्रधानमंत्री ने किया है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि पी. चिदंबरम दिमागी नक्सल नहीं, बल्कि पूरी तरह से नक्सली हैं। अब जब देश के गृहमंत्री रहे पी. चिदंबरम ने खुद को दिमागी नक्सल कहा है तो इस बात की जांच होनी चाहिए कि क्या उन्होंने देश के गृहमंत्री के तौर पर अपने कार्यकाल के दौरान नक्सलवाद को खत्म करने के लिए जान-बूझकर कोई कार्रवाई नहीं की थी। भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने चिदंबरम के बयान को आधार बनाते हुए कांग्रेस से सवाल किया कि नक्सलवाद के मुद्दे पर पार्टी की वास्तविक सोच क्या है। भाजपा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जिस मुद्दे को उठाया, उस पर 24 घंटे के भीतर ही प्रतिक्रिया के रूप में दिमागी नक्सल सामने आ गया। मामला यहीं नहीं रुका। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने भी चिदंबरम पर तीखा हमला करते हुए कहा कि वह सिर्फदिमागी नक्सल नहीं, बल्कि पूरा नक्सल हैं।

अरविंद केजरीवाल बोले- हां, मैं दिमागी नक्सल हूं

अब आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी इस विवाद में खुलकर सामने आ गए हैं। केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मैं भी दिमागी नक्सल हूं, क्योंकि मैं देशभक्त हूं और मुझे इस पर गर्व है। उन्होंने कहा कि अगर देश के लिए आवाज उठाना और सवाल पूछना दिमागी नक्सल होना है तो वह इस पहचान को स्वीकार करने के लिए तैयार हैं। केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के हिसाब से दिमागी नक्सली कौन है, जो इस देश में प्रश्न उठाने की हिम्मत करता है। उन्होंने कहा कि जो सड़ी-गली व्यवस्था को बदलना चाहता है, जो अच्छे सरकारी स्कूल चाहता है, जो अच्छे सरकारी अस्पताल चाहता है, जो बिजली चाहता है, पानी चाहता है, सीवर चाहता है, ड्रेनेज चाहता है, अच्छी व्यवस्था चाहता है, भ्रष्टाचार मुक्त भारत का सपना देखता है, वो प्रधानमंत्री के हिसाब से दिमागी नक्सली है।

सौरभ भारद्वाज ने भी कहा- मैं दिमागी नक्सल हूं

केजरीवाल ने आगे कहा ति मैं प्रधानमंत्री को कहना चाहता हूं कि मैं अरविंद केजरीवाल, आपके हिसाब से दिमागी नक्सली हूं, क्योंकि मैं देशभक्त हूं और मुझे इस बात का गर्व है। अगर देश के खिलाफ कोई कुछ करेगा या कोई कुछ बोलेगा, केजरीवाल अपनी पूरी ताकत से उसका मुकाबला करेगा। AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने भी प्रधानमंत्री के बयान पर उसी अंदाज में पलटवार किया। अपने सोशल मीडिया वीडियो में उन्होंने कहा कि हां, मैं दिमागी नक्सल हूं, क्योंकि मैं देशभक्त हूं और मुझे इस पर गर्व है। यानी AAP की ओर से भी दिमागी नक्सल शब्द को विरोध के हथियार के तौर पर इस्तेमाल किया गया। भारद्वाज ने प्रधानमंत्री के बयान को अपने ऊपर लागू करते हुए इसे व्यंग्यात्मक तरीके से स्वीकार किया।

मैं आर्टिकल 370 की समर्थक हूं, मैं दिमागी नक्सल हूं: मुफ्ती

इस विवाद में जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और PDP प्रमुख महबूबा मुफ्ती का नाम भी जुड़ गया। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने प्रधानमंत्री के बयान का समर्थन करते हुए दिमागी नक्सल की अपनी व्याख्या सोशल मीडिया पर साझा की थी। इसी पर प्रतिक्रिया देते हुए महबूबा मुफ्ती ने लिखा कि वह अनुच्छेद 370 का समर्थन करती हैं और इसलिए वो भी दिमागी नक्सल हैं। उन्होंने इसके साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अपने पिता मुफ्ती मोहम्मद सईद की पुरानी तस्वीर भी साझा की। महबूबा का यह जवाब इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि केंद्र सरकार की ओर से जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के प्रावधान हटाए जाने के बाद से PDP लगातार इस मुद्दे पर अपना राजनीतिक रुख जाहिर करती रही है। (Dimagi Naxal Hu Tag)

BJP ने भी दी दिमागी नक्सल की परिभाषा

तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा का नाम भी इस बहस में सामने आया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि मैं एक दिमागी नक्सल हूं। असल में सभी कॉकरोच ऐसे ही होते हैं। इस तरह PM मोदी के बयान के बाद विपक्ष के अलग-अलग दलों के नेताओं ने एक ही शब्द को अपने-अपने राजनीतिक संदर्भ में इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। विवाद बढ़ने के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने प्रधानमंत्री के बयान की परिभाषा बताई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने पूरे विपक्ष या हर सरकार विरोधी व्यक्ति को दिमागी नक्सल नहीं कहा है। रिजिजू ने ऐसे लोगों को इस श्रेणी में रखने की बात कही, जो नक्सली विचारधारा या संविधान-विरोधी सोच का समर्थन करते हैं। उनकी इसी व्याख्या पर महबूबा मुफ्ती ने पलटवार किया और खुद को दिमागी नक्सल बताया था।

विवाद में अब दो नैरेटिव आमने-सामने

एक तरफ भाजपा का तर्क है कि दिमागी नक्सल का मतलब सरकार का हर आलोचक नहीं, बल्कि ऐसी वैचारिक सोच रखने वाले लोगों से है, जो नक्सली हिंसा, अराजकता या संविधान-विरोधी विचारों को बढ़ावा देते हैं। दूसरी तरफ विपक्ष का आरोप है कि इस तरह के शब्दों के जरिए सरकार असहमति और सवाल पूछने वाली आवाजों को बदनाम करने की कोशिश कर रही है। इसी वजह से अब दिमागी नक्सल सिर्फ प्रधानमंत्री के भाषण का एक शब्द नहीं रह गया है, बल्कि यह भाजपा बनाम विपक्ष की नई राजनीतिक बहस का केंद्र बन चुका है। यानी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 15 अगस्त को इस्तेमाल किया गया दिमागी नक्सल शब्द अब विपक्ष के कुछ नेताओं के लिए सरकार पर पलटवार का राजनीतिक हथियार बन गया है। आने वाले दिनों में इस बयान को लेकर भाजपा और विपक्ष के बीच जुबानी जंग और तेज होने के आसार हैं। (Dimagi Naxal Hu Tag)

Back to top button
error: Content is protected !!