Google Analytics —— Meta Pixel

सत्ता की लालच में कांग्रेस ने DMK की पीठ में घोंपा छुरा : पीएम मोदी

बेंगलुरु में आर्ट ऑफ लिविंग कार्यक्रम में कांग्रेस पर साधा निशाना, महिला विरोधी और अवसरवादी पार्टी बताया

बेंगलुरु। प्रधानमंत्री मोदी ने आज रविवार को बेंगलुरु में आयोजित The Art of Living Foundation के 45वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस को “अवसरवादी”, “विश्वासघाती” और “परजीवी पार्टी” बताते हुए कहा कि सत्ता की भूख में कांग्रेस ने मौका मिलते ही DMK की पीठ में छुरा घोंप दिया।

यह भी पढ़े :- हिमंत बिस्वा सरमा फिर होंगे असम के मुख्यमंत्री, 12 मई को लेंगे शपथ

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि तमिलनाडु में कांग्रेस और M. K. Stalin की पार्टी DMK के बीच 25-30 वर्षों तक मजबूत राजनीतिक संबंध रहे। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले केंद्र में कांग्रेस की सरकार काफी हद तक DMK के समर्थन से ही टिकी रही, लेकिन राजनीतिक परिस्थितियां बदलते ही कांग्रेस ने अपने सहयोगी दल को धोखा दे दिया।
उन्होंने कहा, “आज कांग्रेस की पहचान एक परजीवी पार्टी के रूप में बन चुकी है। उसे राजनीतिक रूप से प्रासंगिक बने रहने के लिए किसी न किसी पार्टी के सहारे की जरूरत पड़ती है। यही कारण है कि वह अपने सहयोगियों के साथ भी विश्वासघात करने से नहीं चूकती।”

प्रधानमंत्री मोदी ने केरल की राजनीति का जिक्र करते हुए कहा कि वहां की सरकार जनता की समस्याओं को सुलझाने के बजाय आंतरिक कलह में उलझी हुई है। उन्होंने कहा कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मुख्यमंत्री कितने समय तक पद पर बने रहेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने ही नेताओं से वादे कर उन्हें धोखा देती है।

उन्होंने कहा कि यही स्थिति पहले छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भी देखने को मिली और अब कर्नाटक तथा केरल में भी वही राजनीतिक खेल जारी है।

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने संसद में नारी शक्ति वंदन संशोधन का विरोध किया। उन्होंने कहा कि यदि यह संशोधन पारित हो जाता, तो कर्नाटक सहित देशभर में बड़ी संख्या में महिलाएं सांसद और विधायक बनकर देश के भविष्य के निर्माण में भागीदारी निभातीं।

उन्होंने कहा, “देश की महिलाएं कांग्रेस को इस पाप के लिए कभी माफ नहीं करेंगी।”
पीएम मोदी ने हालिया चुनाव परिणामों का उल्लेख करते हुए कहा कि देशभर में NDA को जनता का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पुडुचेरी में लगातार दूसरी बार NDA सरकार बनी है, असम में तीसरी बार NDA को जीत मिली है और पश्चिम बंगाल में भाजपा को पहली बार इतना बड़ा जनादेश प्राप्त हुआ है।

उन्होंने गुजरात के पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की रिकॉर्ड जीत का भी जिक्र किया।

प्रधानमंत्री ने कहा, “आज बेंगलुरु की धरती से भगवा सूरज उग आया है। हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं का इतनी सुबह एक साथ जुटना इस बात का संकेत है कि जनता भाजपा के साथ खड़ी है।”

उन्होंने 10 मई 1857 की ऐतिहासिक क्रांति को याद करते हुए कहा कि इसी दिन स्वतंत्रता संग्राम की पहली चिंगारी फूटी थी, जिसने आगे चलकर आजादी की बड़ी लड़ाई का रूप लिया। उन्होंने कहा कि देश की यही शौर्य और सामर्थ्य की विरासत भारत की सबसे बड़ी ताकत है।

Back to top button
error: Content is protected !!