Google Analytics —— Meta Pixel

भारतीय चुनाव आयोग की कांग्रेस को फटकार, चुनाव में धांधली के आरोपों को बताया निराधार

Election Commission on Congress: भारतीय चुनाव आयोग ने हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 को लेकर लगाए गए सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। आयोग ने 1600 पेज के जवाब में धांधली के आरोपों को गलत, तथ्यहीन और निराधार बताया है। चुनाव आयोग ने कांग्रेस को फटकार भी लगाई है। EC ने कहा कि मतदान और मतगणना जैसे संवेदनशील समय के दौरान गैरजिम्मेदाराना आरोप लगाना ठीक नहीं है। इससे अशांति और अराजकता पैदा हो सकती है। आयोग ने पिछले एक साल में 5 मामलों का हवाला देते हुए कांग्रेस को नसीहत दी है। साथ ही कहा है कि आरोप लगाने में सावधानी बरते और बिना किसी सबूत के चुनावी प्रक्रिया पर आदतन हमला करने से बचे।

यह भी पढ़ें:- PM मोदी को किसानों के प्रति कोई सहानुभूति नहीं: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी

बता दें कि हरियाणा में एक फेज चुनाव हुए थे। 5 अक्टूबर को मतदान हुआ था। जबकि 8 अक्टूबर को परिणाम आए थे। मतगणना के दौरान कांग्रेस ने चुनाव आयोग में धांधली समेत कई शिकायत की थी। कांग्रेस ने अपनी शिकायत में कहा था कि कुछ EVM 99 प्रतिशत बैटरी क्षमता पर काम कर रही थी। जबकि कुछ 60 से 70 और 80 प्रतिशत से कम बैटरी क्षमता पर काम कर रही थी। कांग्रेस ने हरियाणा चुनाव के बाद EVM की गड़बड़ी का दावा करते हुए चुनाव आयोग से 13 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने 20 सीटों पर मतगणना के दौरान EVM में गड़बड़ी का दावा किया था, जिसे लेकर उम्मीदवारों ने लिखित और मौखिक शिकायत दर्ज कराई थी। कांग्रेस ने इसकी सूची चुनाव आयोग को भेजी थी। (Election Commission on Congress)

कांग्रेस ने किया था गड़बड़ी का दावा

पवन खेड़ा ने कहा था कि जिन मशीनों में 99% बैटरी चार्ज थी, उन्हीं सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार हारे हैं। वहीं 60 से 70% बैटरी चार्ज वाली मशीन में कांग्रेस के उम्मीदवार जीते हैं। मतगणना के दिन कुछ मशीनें 99% और बाकी 60 से 70 प्रतिशत चार्ज थी। हमारी मांग है कि जांच पूरी होने तक मशीनों को सील और सुरक्षित रखा जाना चाहिए। कांग्रेस नेता प्रिया मिश्रा और विकास बंसल ने 16 अक्टूबर को 20 सीटों पर वोटिंग-काउंटिंग में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। हालांकि  कोर्ट ने 17 अक्टूबर को इसे खारिज कर दिया था। बता दें कि कांग्रेस लगातार EVM पर सवाल उठाते आ रही है। इसे लेकर उन्होंने SC में भी याचिका लगाई थी। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने EVM से जुड़े सभी याचिकाओं को खारिज कर दिया था। (Election Commission on Congress)

Back to top button
error: Content is protected !!