Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में हाथियों का कहर: मां को कुचलकर मार डाला, शव से लिपटकर रोती रही दुधमुंही बच्ची

एक ही रात में हाथी के हमले से दो लोगों की मौत, कापू और छाल वन परिक्षेत्र की घटनाओं से दहशत

रायगढ़। जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। धरमजयगढ़ वन मंडल के कापू और छाल वन परिक्षेत्र में आज शनिवार तड़के हुए दो अलग-अलग हाथी हमलों में एक महिला और एक ग्रामीण की मौत हो गई। सबसे मार्मिक घटना कापू वन परिक्षेत्र के तालगांव बस्ती में हुई, जहां मां की मौत के बाद उसकी दुधमुंही बच्ची लंबे समय तक शव के पास बैठी रोती रही।

यह भी पढ़े :- ‘अगर ईरान ने मेरी हत्या की कोशिश की तो तबाह कर देंगे’ : ट्रंप की कड़ी चेतावनी, तनाव फिर बढ़ा

जानकारी के अनुसार, कापू वन परिक्षेत्र के तालगांव बस्ती में शनिवार सुबह करीब चार बजे एक जंगली हाथी बस्ती में घुस आया। हाथी को देखते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर भागने लगे। इसी दौरान एक महिला अपनी दुधमुंही बच्ची को गोद में लेकर घर से बाहर निकल रही थी। तभी हाथी ने उस पर हमला कर दिया और उसे कुचल दिया। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में बच्ची चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गई।

घटना के बाद मासूम बच्ची अपनी मां के शव के पास बैठी रही। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में बच्ची अपनी मां के शव से लिपटकर रोती और उसे उठाने की कोशिश करती दिखाई दे रही है। यह दृश्य बेहद मार्मिक है।

इसी रात धरमजयगढ़ वन मंडल के छाल वन परिक्षेत्र के औरानारा गांव के पास भी एक अन्य घटना हुई। यहां जंगली हाथी ने ग्रामीण बंधन अगरिया पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बंधन अगरिया की मौके पर ही मौत हो गई।

एक ही रात में हाथी के हमले से दो लोगों की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू की। लगातार बढ़ रही हाथियों की गतिविधियों से ग्रामीणों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से हाथियों की निगरानी बढ़ाने, प्रभावित गांवों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

Back to top button
error: Content is protected !!