छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में EOW की बड़ी कार्रवाई, 3 वाहन जब्त,गाड़ियों से डिस्टिलरी से सीधे दुकानों तक पहुंचाई जाती थी अवैध शराब

EOW on Liquor Scam: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में EOW ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब परिवहन में इस्तेमाल किए जाने वाले 3 वाहनों को जब्त किया है। ये वाहन दुर्ग के कुम्हारी स्थित छत्तीसगढ़ डिस्टिलरीज प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े बताए जा रहे हैं। EOW की जांच में सामने आया है कि इन वाहनों का उपयोग पार्ट-बी अवैध शराब के परिवहन के लिए किया जा रहा था। जांच एजेंसी के मुताबिक डिजिटल और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ है कि डिस्टिलरी से सीधे चुनिंदा सरकारी शराब दुकानों तक अवैध शराब पहुंचाई जाती थी।
यह भी पढ़ें:- कांकेर में धर्मांतरण को लेकर बढ़ा विवाद, धर्म परिवर्तन के दबाव और घर वापसी को लेकर आमने-सामने आए दो पक्ष
EOW के मुताबिक इस अवैध नेटवर्क को संचालित करने के लिए डिस्टिलरी प्रबंधन ने भरोसेमंद लोगों को जिम्मेदारी दी थी। ये लोग छोटे ट्रांसपोर्टरों के वाहनों के जरिए शराब की सप्लाई करते थे, जिससे पूरे सिस्टम को गुप्त तरीके से चलाया जा सके। EOW इससे पहले भी इस मामले में बड़ी कार्रवाई कर चुकी है। बिलासपुर के कोटा स्थित वेलकम डिस्टिलरी और मुंगेली के सरगांव की भाटिया वाइंस डिस्टिलरी से कुल 16 वाहनों की जब्ती की जा चुकी है। जांच के दौरान यह भी पता चला है कि दुर्ग की डिस्टिलरी में इन तीन वाहनों के अलावा अन्य कई वाहनों का भी इस्तेमाल हुआ था। इनमें से कुछ को स्क्रैप कर दिया गया है, जबकि कुछ को अन्य कार्यों में लगाया गया है। इन सभी वाहनों के स्वामित्व और उपयोग की अलग से जांच की जा रही है। (EOW on Liquor Scam)
ED भी कर रही जांच, कई बड़े नाम शामिल
EOW ने साफ किया है कि मामले की जांच लगातार जारी है और आगे भी घोटाले से जुड़े अन्य पहलुओं पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस बहुचर्चित घोटाले की जांच ED और EOW दोनों कर रहे हैं। इस मामले में तत्कालीन आबकारी मंत्री कवासी लखमा, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। ED की जांच में खुलासा हुआ है कि यह शराब घोटाला 2019 से 2023 के बीच हुआ, जिसमें करीब 2883 करोड़ रुपए की अवैध कमाई की गई। इसे राज्य के इतिहास के सबसे बड़े आर्थिक घोटालों में से एक माना जा रहा है। फिलहाल जांच जारी है और आने वाले समय में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।




