EPFO News : नए साल पर पेशनधारकों को सरकार का बड़ा तोहफा, सेंट्रलाइज्ड पेंशन पेमेंट सिस्टम शुरू

EPFO News : कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के पेंशनधारक अब किसी भी बैंक से पेंशन निकल सकेंगे। ईपीएफओ ने देश भर में अपने सभी क्षेत्रीय कार्यालयों में केंद्रीकृत पेंशन भुगतान प्रणाली (CPPS) लागू करने का काम पूरा कर लिया है। श्रम मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि इससे 68 लाख से अधिक पेंशनधारक लाभान्वित होंगे।
यह भी पढ़े :- IND vs AUS 5th Test Day 2: लंच तक ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम लौटी पवेलियन, बुमराह-सिराज ने बरपाया कहर
मंत्रालय ने कहा कि कि सीपीपीएस मौजूदा पेंशन वितरण प्रणाली से एक आदर्श बदलाव है, जो विकेन्द्रीकृत है। इसमें ईपीएफओ का प्रत्येक क्षेत्रीय/क्षेत्रीय कार्यालय केवल तीन-चार बैंकों के साथ अलग-अलग समझौते करता है। सीपीपीएस के तहत, लाभार्थी किसी भी बैंक से पेंशन निकाल सकेंगे और पेंशन शुरू होने के समय सत्यापन के लिए बैंक जाने की आवश्यकता नहीं होगी। राशि जारी होने पर तुरंत जमा कर दी जाएगी।
किसी भी बैंक, शाखा से अपनी पेंशन निकालें
केंद्रीय मंत्री डॉ मनसुख मंडाविया ने कहा कि इस बदलाव के बाद पेंशनर्स को देश में कहीं भी किसी भी बैंक, किसी भी शाखा से अपनी पेंशन को निकालने में कोई दिक्कत नहीं आएगी. इस फैसले का सीधा अर्थ है कि अब ईपीएफओ पेंशनर्स देश के किसी भी रीजनल ईपीएफओ दफ्तर से अपनी पेंशन निकाल सकते हैं. सेंट्रलाइज्ड पेंशन पेमेंट सिस्टम को देश के सभी 122 रीजनल ईपीएफओ दफ्तरों में लागू कर लिया गया है.
मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है कि CPPS का पहला पायलट प्रोजेक्ट पिछले साल अक्टूबर में करनाल, जम्मू और श्रीनगर क्षेत्रीय कार्यालयों में पूरा हो गया था, जिसमें 49,000 से अधिक ईपीएस पेंशनभोगियों को लगभग 11 करोड़ रुपये का पेंशन वितरित किया गया था। दूसरा पायलट प्रोजेक्ट नवंबर में 24 क्षेत्रीय कार्यालयों में शुरू किया गया, जहां 9.3 लाख से अधिक पेंशनभोगियों को लगभग 213 करोड़ रुपये पेंशन वितरित की गई। दिसंबर 2024 के लिए EPFO के सभी 122 पेंशन वितरण क्षेत्रीय कार्यालयों से संबंधित 68 लाख से अधिक पेंशनभोगियों को लगभग 1,570 करोड़ रुपये की पेंशन जारी की गई।
CPPS के लागू होने पर केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा, “ईपीएफओ के सभी क्षेत्रीय कार्यालयों में सीपीपीएस का लागू होना एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है। यह पहल पेंशनभोगियों को देश में कहीं भी, किसी भी बैंक, किसी भी शाखा से अपनी पेंशन को सहजता से प्राप्त करने में सक्षम बनाती है।”



