चरित्र पर संदेह से तंग आकर पत्नी ने पति को पीट-पीटकर मार डाला, आरोपी महिला गिरफ्तार
शराब के नशे में विवाद के बाद ईंट-पत्थरों से किया हमला, अस्पताल में तोड़ दम।

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कदनई (लोटाभवना) में पति-पत्नी के बीच चरित्र शंका को लेकर उपजा विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। बार-बार के तानों और अपमान से आक्रोशित पत्नी ने अपने पति पर ईंट, पत्थर और डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
रातभर आंगन में पड़ा रहा घायल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक नेतराम मझवार (45 वर्ष) अपनी पत्नी मानकुंवर के साथ रहता था। नेतराम अक्सर अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था, जिससे दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था। 26 जून की रात दोनों शराब के नशे में घर लौटे, जिसके बाद नेतराम ने पुनः इसी बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ा कि मानकुंवर ने अपना आपा खो दिया और घर में रखे ईंट-पत्थरों व लकड़ी से नेतराम के सिर पर प्राणघातक हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण नेतराम बेहोश होकर आंगन में गिर गया, जबकि आरोपी महिला कमरे में जाकर सो गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
घटना की रात घायल नेतराम पूरी रात गंभीर हालत में आंगन में ही पड़ा रहा। अगले दिन सुबह ग्रामीणों ने इसकी सूचना मृतक के बेटे सरोता मझवार को दी। बेटा तत्काल मौके पर पहुंचा और लहूलुहान हालत में पिता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली लेकर गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।
BNS की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज
बेटे की रिपोर्ट पर बतौली थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू की। संदेह के आधार पर जब पुलिस ने आरोपी पत्नी मानकुंवर को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।



